देश-विदेश

लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत, पुलिस बोली- प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग नहीं किया गया, अफवाहों पर ध्यान न दें

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सिविल अस्पताल में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडेय की मौत हो गई। कांग्रेस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जो नुकीली कीलें और बैरिकेड लगवाई गई थी। उसी में चोट लगने की वजह से कांग्रेस नेता प्रभात पांडेय की मौत हुई। अब इस मामले में लखनऊ पुलिस का बड़ा बयान सामने आया है।

मृत अवस्था में कांग्रेस कार्यकर्ता को अस्पताल लाया गया
 
लखनऊ पुलिस ने बताया, डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि सहजनवा निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडेय को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मृतक को आखिरी बार कांग्रेस प्रदेश पार्टी कार्यालय में देखा गया था, जहां वह बेहोशी की हालत में पाए गए। डॉक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया उनके शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मृतक के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा। पुलिस विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए त्वरित और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करेगी

लखनऊ पुलिस बोली- अफवाहों पर ध्यान न दें
 
लखनऊ पुलिस ने आगे कहा, प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर किसी भी प्रकार का बल प्रयोग नहीं किया गया था। इस घटना से जोड़कर गलत जानकारी व अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी ताकि कानून व्यवस्था और शांति पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही अफवाह फैलाए, किसी भी जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। इस संवेदनशील मामले में सभी की भावनाओं का आदर किया जाएगा, और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

ब्रजेश पाठक बोले- कांग्रेस के लोग अपने व्यवहार पर ध्यान दें
 
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत के लिए यूपी पुलिस को जिम्मेदार ठहराने पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को अपने व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए। उन्हें लोगों के सामने सच्चाई रखनी चाहिए। मैंने मृतक के एक रिश्तेदार से बात की है। जब मृतक को अस्पताल लाया गया, तो वो मृत थे। कांग्रेस पार्टी को बताना चाहिए कि वह कैसे युवाओं को गुमराह कर ऑफिस ले जाते हैं और किस प्रकास से उनकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम हो चुका है, रिपोर्ट आने के बाद सब जानकारी दी जाएगी।

इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा शासित असम और उत्तरप्रदेश में लोकतंत्र और संविधान की फिर से हत्या हुई है। देश भर में कांग्रेस पार्टी बाबासाहेब और संविधान के समर्थन में सत्याग्रह कर रही है। इस दौरान अत्यधिक पुलिस बल के कारण गुवाहाटी में मृदुल इस्लाम और लखनऊ में प्रभात पांडे, हमारे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मृत्यु बहुत दुखद और निंदनीय है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image