देश-विदेश

उन्नत प्रौद्योगिकी की मदद से रसद प्रबंधन को कुशल बनाएं अधिकारी : मुर्मु

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बढते वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के बीच नौसेना की विभिन्न सेवाओं से जुड़े अधिकारियों से उन्नत प्रौद्योगिकी की मदद से रसद प्रबंधन को कुशल बनाये जाने पर बल दिया है। श्रीमती मुर्मु ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में भारतीय नौसेना सामग्री प्रबंधन सेवा और भारतीय नौसेना आयुध सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों से मुलाकात की।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि बढते वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के दौर में देश समुद्री सहयोग बढ़ा रहे हैं और संयुक्त अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत के बड़ी भूमिका हासिल करने के साथ, नौसेना सामग्री प्रबंधन सेवा और नौसेना आयुध सेवा के अधिकारी उन्नत प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाकर कुशल रसद प्रबंधन के माध्यम से भारतीय नौसेना की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

 

राष्ट्रपति ने अधिकारियों को सलाह दी कि वे दुनिया भर में हो रहे नवीनतम प्रौद्योगिकी विकास के बारे में लगातार जानकारी हासिल करते रहें। उन्होंने अधिकारियों से सामग्रियों के प्रबंधन और सेवा वितरण प्रणाली को निर्बाध तथा प्रभावी बनाने के लिए नया दृष्टिकोण अपनाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से राष्ट्र और भारतीय नौसेना की सेवा के लिए खुद को समर्पित करने का आग्रह किया। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि वे भारतीय नौसेना को सर्वोत्तम सेवाएं प्रदान करके राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image