धोनी के बिना खराब ही रहा है सीएसके का रिकार्ड
2026-03-31 17:52:31
- एकान्त प्रिय चौहान
आईपीएल 2026, सीजन 19 का तीसरा मुकाबला 30 मार्च को खेला गया। इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 6-6 रन बनाकर ही जल्दी आउट हो गए। मिडिल ऑर्डर में सरफराज खान (17) और कार्तिक शर्मा (18) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन बड़ी पारी वे भी नहीं खेल सके। अंत में जेमी ओवरटन ने 36 गेंदों में 43 रन बनाकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास साथ नहीं मिला और पूरी टीम 19.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई।
वहीं इस मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 128 रन के टारगेट को 12.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। यह राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते हुए आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने 47 बॉल शेष रहते मैच को अपने नाम कर लिया। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स की सबसे बड़ी जीत 42 गेंद रहते आई थी, ये जीत उन्हें साल 2014 में आरसीबी के खिलाफ मिली थी। इस तरह राजस्थान ने अपना 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है।
राजस्थान के लिए गेंदबाजी में रवींद्र जडेजा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एक ही ओवर में शिवम दुबे और सरफराज खान को आउट कर सीएसके को दो बड़े झटके दिए। जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि नंद्रे बर्गर ने 26 रन देकर 2 विकेट झटके। जडेजा ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। 128 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत धमाकेदार रही। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 38 गेंदों में 75 रन जोड़कर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 17 गेंदों में 52 रन ठोके, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं यशस्वी जायसवाल ने 36 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाकर पारी को संभाले रखा। इन पारियों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 12.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
धोनी के बिना 6 में से 5 मैच हारी है सीएसके
आपको बता दें कि आईपीएल के इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स ने जब से एमएस धोनी को चुना और उन्हें टीम का कप्तान बनाया है तब से धोनी सिर्फ पांच मैचों में टीम से बाहर रहे हैं। अगर आईपीएल 2026 के तीसरे मैच की बात करें तो यह धोनी के िबना खेला गया सीएसके का छठवां मैच है। सुपर किंग्स ने इस दौरान 254 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 249 में धोनी टीम का हिस्सा रहे हैं। जिन मैचों में सीएसके धोनी के बिना खेली, उनमें से टीम ने सिर्फ एक मैच में ही जीत दर्ज की है, वहीं पांच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। बताया जा रहा है कि धोनी िफलहाल पिंडली में खिंचाव की वजह से लगभग दो हफ्ते के लिए क्रिकेट के मैदान से दूर रहने वाले हैं। इस वजह से वे आईपीएल 2026 के पहले दो हफ्ते के मैच में नहीं खेलेंगे।
धोनी के बिना किन-किन मैचों में टीम को मिली है हार
एमएस धोनी की गैरमौजूदगी में रैना ने सुपर किंग्स की कप्तानी की, लेकिन वे टीम को सिर्फ एक मैच ही जिता पाए। यह जीत 2010 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के खिलाफ आई थी। उसी साल, सुपर ओवर में उन्हें किंग्स XI पंजाब (अब पंजाब किंग्स) से हार मिली थी। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) के हाथों हार का सामना करना पड़ा। 2019 में सीएसके को दो मैचों (सनराइजर्स हैदराबाद आैर मुंबई इंडियंस में धोनी की कमी खली और दोनों ही में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं आईपीएल के 19वें सीजन में सीएसके की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में है आैर धोनी के बिना इस मैच में भी चेन्नई को हार का सामना करना पड़ा।