Duleep Trophy 2024: आकिब खान ने रजत पाटीदार के उखाड़े डंडे, रुतुराज गायकवाड़ को भी बनाया अपना शिकार
नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज के अलावा भारत में इन दिन दलीप ट्रॉफी भी खेली जा रही है। टूर्नामेंट के छठे मुकाबले में India A का सामना India C से हो रहा है। अनंतपुर के ग्रामीण विकास ट्रस्ट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच का आज दूसरा दिन है। मुकाबले में घरेलू प्लेयर्स का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है।
टॉप ऑर्डर को किया ढेर
India C को पहली पारी में आकिब खान ने उनके टॉप ऑर्डर को ढेर कर दिया। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले आकिब खान ने सबसे पहले अपनी पहली 2 गेंदों पर India C के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को और अगली ही गेंद पर रजत पाटीदार को और फिर साई सुदर्शन को अपना शिकार बनाया। आकिब ने रुतुराज गायकवाड़ को कुमार कुशाग्र के हाथों कैच आउट कराया। रुतुराज ने 20 गेंदों पर 17 रन बनाए।
कप्तान को बनाया शिकार
अगली ही गेंद पर आकिब खान ने रजत पाटीदार के डंडे उखाड़ दिए। पाटीदार गोल्डन डक का शिकार हुए। इसके बाद 14वें ओवर में आकिब खान ने साई सुदर्शन को पवेलियन की राह दिखाई। साई ने 51 गेंदों का सामना किया और वह 17 रन ही बना सके। खबर लिखे जाने तक आकिब ने 10 ओवर में 35 रन देकर 3 शिकार कर लिए थे।
घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन
घरेलू क्रिकेट में आकिब खान के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 12 प्रथम श्रेणी क्रिकेट की 21 पारियों में 32 विकेट चटकाए हैं। 11 लिस्ट ए की 11 पारियों में उनके नाम 14 विकेट हैं। इसके अलावा 3 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए हैं।