IND vs AUS: किस्मत ऑस्ट्रेलिया के साथ है! स्टीव स्मिथ के स्टम्प से टकराई गेंद फिर भी नहीं हुए आउट, जानिए क्यों
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी का सेमीफाइनल खेल रही है। जब भी आईसीसी नॉकआउट में टीम इंडिया का सामना ऑस्ट्रेलिया से होता है तो भारत के मन में डर होता है। अगर ऊपर से किस्मत भी भारत के खिलाफ हो जाए तो फिर खौफ को बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। दुबई में कुछ ऐसा ही हो रहा है। किस्मत ऑस्ट्रेलिया के साथ नजर आ रही है।
तभी तो गेंद स्टम्प से टकराने के बाद भी गिल्लियां नहीं गिरी और स्टीव स्मिथ खड़े रहे। रोहित शर्मा हैरान हो गए। पूरी टीम इंडिया को यकीन नहीं हो रहा था कि ये क्या हो गया है। स्मिथ बड़े बल्लेबाज हैं और उनका टिकना भारत को सिर्फ दर्द ही देगा।
क्या हुआ था
मामला 14वें ओवर का है। अक्षर पटेल गेंदबाजी कर रहे थे। आखिरी गेंद उन्होंनें फेंकी जिस पर स्मिथ ने निकल कर मारना चाहा, लेकिन गेंद उनके पैड से टकराकर स्टम्प पर जा लगी। यहां स्मिथ की किस्मत ने साथ दिया क्योंकि गिल्लियां नहीं गिरी थीं। नियम के मुताबिक अगग गिल्लियां नहीं गिरती हैं तो फिर आउट नहीं माना जाता है। स्मिथ टिके रहे।
स्मिथ को भी मोहम्मद शमी ने जीवनदान दे दिया। 22वें ओवर की चौथी गेंद को स्मिथ ने गेंदबाज शमी के पास ही खेल दिया। ये शमी के लिए मौका था कि वह कैच पकड़ भारत को एक और बड़ा विकेट दिला दें। हालांकि, शमी ये मौका गंवा बैठे।