देश-विदेश
खाटूश्यामजी से लौट रहे युवक को सीट विवाद में चलती ट्रेन से फेंका, बहन से अभद्रता का आरोप
राजस्थान के खाटूश्यामजी से लौट रहे हमीरपुर के भाई-बहन के साथ ट्रेन में सीट विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है।
आगरा। हमीरपुर जनपद के थाना जरिया क्षेत्र के गांव चंडोट निवासी कमलेंद्र सिंह, पुत्र अर्जुन सिंह, अपनी बहन करिश्मा के साथ शुक्रवार को राजस्थान के खाटूश्यामजी के दर्शन करने गए थे। शनिवार को दोनों रींगस रेलवे स्टेशन से जनरल कोच में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
बहन से अभद्रता और मारपीट का आरोप
आरोप है कि आगरा कैंट स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद सीट को लेकर कुछ यात्रियों से कहासुनी हो गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने अपने 8 से 10 साथियों को बुला लिया। आरोपियों ने पहले करिश्मा के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर कमलेंद्र और उसकी बहन के साथ मारपीट की गई।
चलती ट्रेन से फेंकने का आरोप, रेलवे पुलिस ने संभाला मोर्चा
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान कमलेंद्र को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया। करिश्मा के शोर मचाने और अन्य यात्रियों की सूचना मिलने पर फतेहाबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस सक्रिय हो गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया।
रेलवे पुलिस कर रही मामले की जांच
प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के पहुंचने पर कमलेंद्र और करिश्मा हमीरपुर के लिए रवाना हो गए। मामले की जांच रेलवे पुलिस द्वारा की जा रही है और आरोपों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कारगिल विजय दिवस पर पीएम मोदी और रक्षा मंत्री सिंह ने वीर शहीदों को किया नमन
नई दिल्ली । कारगिल विजय दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, बलिदान और देशभक्ति को नमन किया। दोनों नेताओं ने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों का शौर्य सदैव देश के लिए प्रेरणा और राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बना रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि कारगिल विजय दिवस पर पूरा राष्ट्र भारत की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले वीर सैनिकों के असाधारण साहस और समर्पण के प्रति कृतज्ञ है। उन्होंने कहा कि कठिनतम परिस्थितियों में भी सैनिकों ने जिस वीरता का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय सेना का साहस, त्याग और अटूट संकल्प देश की युवा पीढ़ी को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के लिए समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि 1999 में भारतीय सेना ने लगभग तीन महीने तक चले भीषण संघर्ष के बाद कारगिल की ऊंची चोटियों पर कब्जा जमाए पाकिस्तानी सैनिकों और घुसपैठियों को खदेड़कर ऐतिहासिक विजय हासिल की थी। इसी वीरता और बलिदान की स्मृति में हर वर्ष 26 जुलाई को पूरे देश में कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।
भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराकर जीता यूथ हॉकी 5एस का गोल्ड
मस्कट/नई दिल्ली । भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच यूथ हॉकी 5एस एशियन चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। हॉकी इंडिया ने टीम की ऐतिहासिक सफलता पर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए नकद पुरस्कार की भी घोषणा की।
फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। रोमित पाल ने पांचवें मिनट में पहला गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट और शाहरुख अली ने 13वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। पाकिस्तान की ओर से मुहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एकमात्र गोल किया, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने बढ़त बरकरार रखते हुए 3-1 से जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ भारत और पाकिस्तान दोनों ने पहली बार आयोजित होने वाले एफआईएच यूथ हॉकी 5एस वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
वहीं महिला वर्ग में भारतीय सब-जूनियर टीम ने चीन के खिलाफ संघर्षपूर्ण मुकाबले के बाद रजत पदक हासिल किया। इसके साथ ही भारत की दोनों टीमें पदक जीतकर स्वदेश लौटेंगी।
दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन पर हॉकी इंडिया ने पुरस्कार की घोषणा की है। स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं रजत पदक विजेता महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये तथा सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
रायसेन के सांची में सनसनी, तीन बदमाशों ने हार्डवेयर व्यापारी का तलवार से काटा हाथ; भोपाल ले जाते समय रास्ते में मौत
प्रतिनिधि, रायसेन। जिले के सांची थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम मेढ़की के पास शनिवार रात 9 बजे बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने हार्डवेयर व्यापारी को घेरकर तलवार से हमला कर दिया। हमले में व्यापारी गंभीर से रूप से घायल हो गया साथ ही एक हाथ की हथेली अलग हो गई। इलाज के लिए भोपाल ले जाते समय रास्ते में व्यापारी की मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार मेढ़की निवासी हार्डवेयर व्यापारी राकेश लोधी उम्र 26 सलामतपुर चौराहे पर हार्डवेयर की दुकान चलाता था। शनिवार रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद तलवारों से हमला कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने रास्ते में राकेश को पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे।
व्यापारी ने रास्ते में तोड़ा दम
राकेश को गंभीर हालत में भोपाल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि अज्ञात हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस परिजनों से कर रही पूछताछ
राकेश लोधी की शादी इसी साल 12 मई को सालेरा निवासी वंदना लोधी से हुई थी। पुलिस पारिवारिक और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि राकेश बचपन से ही मेढ़की में अपने मामा के घर रहकर बड़ा हुआ था। उसकी मां ने मेहनत कर उसके लिए हार्डवेयर की दुकान शुरू कराई थी। परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अमित शाह का बयान, बोले- देश और युवाओं से बड़ा कोई पद नहीं
नई दिल्ली । केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता या पद से अधिक महत्वपूर्ण देश, देशवासी और युवा पीढ़ी है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इसी सोच और जवाबदेही का प्रतीक है।
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार देश के युवाओं की भावनाओं का सम्मान करती है और नीट पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक रोकने और दोषियों को कठोर सजा दिलाने के लिए उठाए गए कदम सराहनीय हैं और इससे सफल विद्यार्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित होगा।
गृह मंत्री ने धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन, मातृभाषाओं में परीक्षाओं की व्यवस्था, पीएम श्री विद्यालयों के विस्तार, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने, कौशल विकास और उद्योग-अकादमिक समन्वय को मजबूत करने जैसे कई महत्वपूर्ण सुधार किए। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को अधिक समावेशी और छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया।
इससे पहले जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि "राष्ट्रसेवा मेरे जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
प्रधान ने लिखा कि वे पिछले चार दशकों से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहे हैं और उनका विश्वास है कि मजबूत एवं समावेशी शिक्षा व्यवस्था ही विकसित भारत की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं और न्यायोचित अपेक्षाओं का वे सदैव सम्मान करते हैं।
उन्होंने अपने संदेश में बताया कि 3 मई को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा में अनियमितताओं की जानकारी मिलने के बाद केंद्र सरकार ने तत्काल सीबीआई जांच के आदेश दिए, परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित कराई और अगले वर्ष से इसे कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में कराने का निर्णय लिया। प्रधान ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता 20 लाख से अधिक विद्यार्थियों की परीक्षा निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराना रही, जिसमें केंद्र और राज्य सरकारों के साथ जिला प्रशासन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
धर्मेंद्र प्रधान के बाद प्रह्लाद जोशी बने नए शिक्षा मंत्री
बोले- कर्तव्य और विनम्रता से निभाऊंगा जिम्मेदारी
नई दिल्ली । केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को सौंपी है। नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रह्लाद जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि वह इस दायित्व को पूरी निष्ठा, कर्तव्य और विनम्रता के साथ निभाएंगे।
मंत्रालय का प्रभार मिलने के बाद प्रह्लाद जोशी ने कहा, "प्रधानमंत्री ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं उनका आभारी हूं। मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करने का प्रयास करूंगा।"
धर्मेंद्र प्रधान के योगदान की सराहना
प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए लिखा कि उनका राजनीतिक जीवन कई दशकों तक देश सेवा के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ और शिक्षा क्षेत्र में 100 से अधिक महत्वपूर्ण सुधार किए गए।
उन्होंने लिखा कि देशहित को सर्वोपरि रखते हुए धर्मेंद्र प्रधान द्वारा लिया गया इस्तीफे का निर्णय उनके योगदान को कम नहीं करता। उन्होंने भरोसा जताया कि देश के विकास के सफर में आगे भी उनका योगदान जारी रहेगा।
पहले से संभाल रहे हैं दो अहम मंत्रालय
प्रह्लाद जोशी वर्तमान में केंद्र सरकार में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का भी प्रभार संभाल रहे हैं। अब शिक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने के साथ उनके पास तीन महत्वपूर्ण मंत्रालयों का दायित्व होगा।
MP में 70 हजार अतिथि शिक्षकों को बड़ी राहत; अब साल में मिलेंगी 10 कैजुअल लीव, पढ़ें पूरी गाइडलाइन
- 70 हजार अतिथि शिक्षकों को ज्वाइनिंग से ही मिलेगी पहली सीएल
- हर 30 दिन की सेवा पर एक-एक अतिरिक्त सीएल होगी अर्जित
- अतिथि शिक्षक एक बार में अधिकतम 3 CL ही ले सकेंगे डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत करीब 70 हजार अतिथि शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार के नए नियमों के तहत अब अतिथि शिक्षकों को भी नियमित शिक्षकों की तरह एक शिक्षा सत्र में कुल 10 आकस्मिक अवकाश यानि सीएल दिए जाएंगे।
-
उल्लेखनीय है कि इससे पहले तक अतिथि शिक्षकों को आकस्मिक अवकाश की कोई वैधानिक सुविधा नहीं मिलती थी।
कैसे मिलेगा अवकाश का लाभ?
ज्वाइनिंग पर ही पहली सीएल: नए प्रावधानों के अनुसार, स्कूल में कार्यभार ग्रहण करते ही अतिथि शिक्षक को 1 सीएल मिल जाएगी।हर 30 दिन पर 1 अतिरिक्त सीएल: पहली सीएल मिलने के बाद, आगे हर 30 दिन की सेवा अवधि पूरी होने पर 1-1 अतिरिक्त सीएल अर्जित होती जाएगी। इस तरह पूरे शिक्षा सत्र में अधिकतम 10 सीएल मिलेंगे।एक बार में अधिकतम 3 सीएल: नए नियमों के तहत कोई भी अतिथि शिक्षक एक बार में लगातार अधिकतम 3 आकस्मिक अवकाश ही ले सकेगा।यह भी पढ़ें- अतिथि शिक्षकों को बड़ी राहत, री-ज्वॉइनिंग में 90% ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता खत्म, लेकिन माननी होगी यह शर्त70 हजार शिक्षकों को सीधा फायदा
प्रदेश भर में लगभग 70 हजार अतिथि शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। लंबे समय से ये शिक्षक अवकाश सुविधाओं की मांग कर रहे थे। अब तक छुट्टी लेने पर मानदेय में कटौती या अनुपस्थिति दर्ज होने का सामना करना पड़ता था।इस निर्णय से अब अतिथि शिक्षकों को कार्य के दौरान मानसिक व सामाजिक जरूरतों के लिए वैधानिक अवकाश की सुविधा मिल सकेगी।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कैसे बदल गई मोदी सरकार की सोच, ये है अंदर की कहानी
नई दिल्लीः 20 जुलाई को सीजेपी और युवाओं के संसद मार्ग से पहले जहां सरकार अलग रणनीति पर काम रही थी वहीं धीरे-धीरे रणनीति बदलने लगी। सूत्रों के मुताबिक जब युवाओं का ये आंदोलन शुरू हुआ था, तब बीजेपी से जुड़ी सोशल मीडिया पर नजर रखने वाली एक टीम ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि सीजेपी के इस आंदोलन को लेकर दूसरे देशों से ज्यादा कंटेंट शेयर किया जा रहा है, साथ ही ये सोशल मीडिया तक ज्यादा सीमित रहेगा और जमीन पर असर नहीं दिखाएगा।
लेकिन 20 जुलाई के संसद मार्च के बाद ये सोच बदली और फिर नए सिरे से इस आंदोलन का विश्लेषण किया जाने लगा। 21 जुलाई को जब संसद में एनडीए के संसदीय दल की मीटिंग हुई, उसमें भी पीएम नरेंद्र मोदी की तरफ से कहा गया कि सरकार ने पेपर लीक के बाद दोबारा अच्छे से पेपर करवाया और पेपर लीक वालों पर कड़ा ऐक्शन लिया।
सरकार को लग रहा था कि आंदोलन अपने आप खत्म हो जाएगा
इस स्टेज तक भी सरकार की तरफ से यह माना जा रहा था कि ये आंदोलन अपने आप खत्म हो जाएगा। फिर कोर टीम ने जो लगातार एनालिसिस कर रही थी और फीडबैक दे रही थी, ये फीडबैक दिया कि ये आंदोलन अब ऑर्गेनिक हो गया है, तब जाकर रणनीति बदली, जिसके बाद 23 जुलाई की रात को एजुकेशन सेक्रेटरी बदलने का भी फैसला लिया और प्रधानमंत्री ने भी आधी रात को इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं को संदेश दिया।
Gen Z के दबाव में DP तो बदल गई, अब आगे क्या? संसद में बिल, 4 हफ्ते बाद अगली बातचीत, 5 बड़े अपडेट्स
नई दिल्ली: साल 1996 में ओडिशा में 12वीं कक्षा के पेपर लीक मामले को लेकर ABVP के तत्कालीन राष्ट्रीय सचिव धर्मेंद्र प्रधान ने राज्य सरकार के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया था। उसके बाद उनकी छवि एक राष्ट्रीय नेता के तौर पर हुई। इत्तेफाक की बात है कि जिस पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे को लेकर धर्मेंद्र प्रधान ने करीब 30 साल पहले मोर्चा खोला था, उसी पेपर लीक मुद्दे को लेकर उन्हें शनिवार को शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा।
केंद्र सरकार ने शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्ष की मुख्य मांग मान ली। इसके साथ ही धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा सौंप दिया। प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। मोदी सरकार के 12 साल से अधिक के कार्यकाल में किसी कैबिनेट मंत्री को इस तरह हटाए जाने की यह एक अभूतपूर्व घटना है। जिससे बीजेपी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। साथ ही उसके विरोधियों को एक बढ़त मिली है।
प्रधान का इस्तीफा संयुक्त विपक्ष की जीत और मोदी के हठ की हार : खरगे
नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों, उनके परिवार के सदस्यों और संयुक्त विपक्ष की जीत करार देते हुए कहा है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की लड़ाई अभी जारी रहेगी।
श्री खरगे ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा भारत के 'छात्रों की गूँज' आखिरकार अहंकारी सत्ता की दहलीज तक पहुंच गई है। ये हमारे करोड़ों युवाओं की जीत है, जिन्होंने शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए देशभर में आवाज उठाई। ये सत्य की जीत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हठ की हार है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा उन परिवारों की भी जीत है, जिन्होंने सरकार की कथित भ्रष्ट व्यवस्था के कारण अपने बच्चों को खोया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, अब बारी है मोदी जी को देश की युवा पीढ़ी से माफी मांगने की और जिन्होंने उन पर लाठी-डंडे तथा पैलेट गन चलवाई है, उन पर कठोर कार्रवाई करने की।
पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि यह भारत के युवाओं की ऐतिहासिक जीत है और छात्रों की ताकत ने अयोग्य, भ्रष्ट और दोषी शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि नीट प्रश्नपत्र लीक के बाद से ही कांग्रेस, विशेषकर राहुल गांधी, लगातार शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे और पूरा विपक्ष जवाबदेही की मांग को लेकर एकजुट होकर आंदोलन चला रहा था।
श्री वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस की अन्य मांगें में छात्रों पर हमले के जिम्मेदार लोगों को सजा और प्रधानमंत्री की ओर से छात्रों से माफी, अब भी बरकरार हैं। शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार, छात्रों पर बढ़ते दबाव को कम करने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
डीज़ल के धुएँ की जगह केवल जलवाष्प का उत्सर्जन, भारत की हाइड्रोजन ट्रेन की कहानी
नई दिल्ली । भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को 17 जुलाई, 2026 को दिल्ली क्षेत्र में जींद–सोनीपत रेलखंड पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अब तक यह ट्रेन 1,200 किलोमीटर से अधिक की सफल यात्रा पूरी कर चुकी है, जिससे 3,200 लीटर से अधिक डीज़ल की बचत हुई है।
यह हाइड्रोजन ट्रेन हाइड्रोजन और ऑक्सीजन के बीच होने वाली रासायनिक अभिक्रिया से ट्रेन के भीतर ही बिजली उत्पन्न करती है। इस प्रक्रिया से ट्रेन को चलाने के लिए आवश्यक विद्युत ऊर्जा प्राप्त होती है तथा उप-उत्पाद के रूप में केवल जलवाष्प (Water Vapour) निकलती है। इसमें न धुआँ निकलता है और न ही टेलपाइप से कार्बन उत्सर्जन होता है, जिससे यह वर्तमान में उपलब्ध रेल प्रणोदन (Rail Propulsion) की सबसे स्वच्छ तकनीक बन जाती है।
यह परियोजना भारतीय रेल के नेतृत्व में विकसित एक पूर्णतः स्वदेशी पहल है। 10 कोच वाली इस ट्रेन में दो हाइड्रोजन ड्राइविंग पावर कार हैं, जो संयुक्त रूप से 2,400 किलोवाट शक्ति प्रदान करती हैं। इसके साथ लिथियम आयरन फॉस्फेट बैटरियाँ तथा हाइड्रोजन सिलेंडर भी लगाए गए हैं।
इस परियोजना के तहत जींद में भारतीय रेल की पहली समर्पित हाइड्रोजन भंडारण सुविधा स्थापित की गई है। यहाँ 500 Bar तक के दाब (Pressure) पर ग्रीन हाइड्रोजन का भंडारण तथा 350 Bar के दाब पर ईंधन भरने की व्यवस्था है। इस सुविधा की कुल भंडारण क्षमता लगभग 3,000 किलोग्राम है।
ट्रेन में सुरक्षा के लिए अनेक स्वतंत्र प्रणालियाँ स्थापित की गई हैं, जो हाइड्रोजन रिसाव, अधिक तापमान, आग और धुएँ का स्वतः पता लगाती हैं। इनके साथ स्वचालित शट-ऑफ सिस्टम, निरंतर वेंटिलेशन, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का अनुपालन तथा सभी अनिवार्य परीक्षण और सत्यापन भी सुनिश्चित किए गए हैं। जींद–सोनीपत रेलखंड पर सफल परिचालन के बाद जल्द ही इसका परीक्षण दिल्ली मार्ग पर भी प्रारंभ किया जाएगा।
भारत की हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि स्वदेशी हाइड्रोजन रेल इकोसिस्टम की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना सतत, शून्य-उत्सर्जन (Zero Emission) रेल परिवहन के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है तथा भविष्य में इसके व्यापक विस्तार और स्वच्छ परिवहन के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की मजबूत आधारशिला रखती है।
*छात्र हितों पर राजनीति नहीं, समाधान और संवाद ही भाजपा की प्राथमिकता – बिंदु सिन्हा*
*जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन को राजनीति का विषय न बनाया जाए, संवाद से निकले समाधान – विभा अवस्थी*
अमेरिका में 4 नए एडवांस्ड रिएक्टर से शुरू होगा परमाणु ऊर्जा का नया युग
वाशिंगटन । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि चार प्राइवेट फंडेड एडवांस्ड रिएक्टर, न्यूक्लियर इनोवेशन को तेज करने के मकसद से सरकार के समर्थन वाले कार्यक्रम के तहत जरूरी पड़ाव पर पहुंच गए हैं। व्हाइट हाउस में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और चार न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी कंपनियों के एग्जीक्यूटिव के साथ बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह कामयाबी दशकों की गिरावट के बाद अमेरिकी परमाणु उद्योग के लिए एक नए युग की शुरुआत है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, अमेरिका फिर से बन रहा है। अमेरिका फिर से सपने देख रहा है और हम अगली पीढ़ी की न्यूक्लियर पावर में दुनिया को लीड कर रहे हैं और कोई भी इसके आसपास भी नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अमेरिका के नागरिक परमाणु क्षेत्र को फिर से शुरू करने के लिए पिछले साल हस्ताक्षर किए गए चार एग्जीक्यूटिव ऑर्डर के जरिए तय किए गए लक्ष्य को पार कर लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, इस कोशिश के तहत, मैंने ऊर्जा सचिव क्रिस राइट को एडवांस्ड रिएक्टर के लिए एक पायलट प्रोग्राम शुरू करने और 4 जुलाई तक कम से कम तीन कटिंग-एज रिएक्टर को सुरक्षित रूप से शुरू करने का निर्देश दिया है। हमने जो किया है वह काफी हद तक एक चमत्कार जैसा है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में चार दशक से ज्यादा समय से प्राइवेट फंडेड एडवांस्ड रिएक्टर चालू नहीं हुए हैं। ये चार दशकों में अमेरिका में चालू होने वाले पहले नए प्राइवेट फंडेड एडवांस्ड रिएक्टर हैं। उन्होंने उस रेगुलेटरी प्रोसेस की भी आलोचना की जिसने पहले परमाणु विकास को धीमा कर दिया था। उन्होंने कहा, पहले, किसी रिएक्टर डिजाइन को मंजूरी मिलने में अक्सर छह साल या उससे ज्यादा समय लगता था, अगर कभी मंजूरी मिलती भी थी तो।
ऑफिस ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी के डायरेक्टर माइकल क्रैट्सियोस ने कहा कि एडमिनिस्ट्रेशन ने अपने ओरिजिनल टारगेट को पार कर लिया है। क्रैट्सियोस ने कहा, पिछली बार निजी फंड से विकसित कोई नया रिएक्टर डिजाइन 1974 में पहली बार नियंत्रित परमाणु श्रृंखला अभिक्रिया की अवस्था तक पहुंचा था। यह उपलब्धि 50 साल से भी अधिक समय बाद हासिल हुई है और हमने इसे पार करते हुए एक नहीं, बल्कि चार परियोजनाओं के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है।
CJP प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का एक्शन: FRS से 2000+ संदिग्धों की पहचान, 15 FIR
नई दिल्ली । कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के हालिया प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) की मदद से 2,000 से अधिक आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की पहचान करने का दावा किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये लोग प्रदर्शनकारी भीड़ में शामिल होकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने की मंशा से पहुंचे थे।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में 130 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए अब तक 15 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।
FRS तकनीक से हुई संदिग्धों की पहचान
पुलिस ने बताया कि आधुनिक फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) के जरिए प्रदर्शन में मौजूद लोगों के चेहरों का उपलब्ध डेटाबेस से मिलान किया गया। इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में ऐसे लोगों की पहचान हुई, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड पहले से दर्ज है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आरोपियों तक पहुंचने में यह तकनीक बेहद कारगर साबित हुई है।
पुलिसकर्मियों पर हमले का आरोप
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने सुनियोजित तरीके से पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसमें 130 जवान घायल हो गए। इन घटनाओं के संबंध में दर्ज एफआईआर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पीएम मोदी को भेजा अपना इस्तीफा
नई दिल्ली । देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के पेपर लीक विवाद और पिछले कई हफ्तों से चल रहे भारी विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिया है।
धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर साझा किया इस्तीफा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में धर्मेंद्र प्रधान ने अपने इस्तीफे का पत्र जारी किया। जिसमें उन्होंने लिखा- मेरे युवा साथियों, मैं पिछले चार दशकों से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा हूं। मेरा सदैव यह विश्वास रहा है कि एक सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है।
'देश के युवाओं की गहरा सम्मान करता हूं'
उन्होंने कहा, मैं देश के युवाओं की आकांक्षाओं, भावनाओं और उनकी न्यायोचित अपेक्षाओं का गहरा सम्मान करता हूं। भारत की युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करना हम सभी के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन का नैतिक संकल्प रहा है। आदरणीय प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र की सेवा करने का जो अवसर मुझे प्राप्त हुआ, उसके लिए मैं प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने आगे लिखा, तीन मई 2026 को हुई नीट-यूजी की परीक्षा में अनियमितता पाई गई। भारत सरकार ने इसको तुरंत संज्ञान में लेते हुए जांच सीबीआई को सौंपी और परीक्षा को रद्द किया एवं पुनः परीक्षा की तारीख की घोषणा की। इसके साथ ही अगले वर्ष से इस परीक्षा को सीबीटी मोड में करने का निर्णय लिया गया।
'हम किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने देंगे'
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, इस दौरान हमारी प्रमुख प्राथमिकता यह रही कि 20 लाख से अधिक छात्रों की परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित की जाए। इसके लिए 'पूरी सरकार का समन्वित दृष्टिकोण' के तहत काम किया गया। इसमें भारत सरकार के साथ राज्य सरकार, खासकर जिला प्रशासन की अहम भूमिका रही। उन्होंने आगे कहा, साथ ही छात्रों, अभिभावक और माता-पिता के सहयोग से 21 जून 2026 को यह परीक्षा पूर्ण हुई। पहले ही दिन से मैंने इसकी जिम्मेदारी ली और इस परिस्थिति से कभी मुंह नहीं मोड़ा। मेरा यह संकल्प था कि हम किसी भी मेधावी छात्र की संभावना परीक्षा माफिया के कारण खराब नहीं होने देंगे, किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। उन्होंने आगे लिखा, 16 जुलाई को घोषित नीट-यूजी के परिणाम संतोषजनक रहे, जिसमें गरीब पृष्ठभूमि से आए कई मेधावी छात्रों को भी सफलता मिली।
जंतर मंतर पर निगरानी को हाई कोर्ट में चुनौती, केंद्र बोला-कानून व्यवस्था के लिए वीडियोग्राफी जरूरी
नई दिल्ली।केंद्र सरकार ने वीडियोग्राफी को सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक वैध उपाय बताते हुए इसका बचाव किया। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की खंडपीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मामले की आगे की सुनवाई सोमवार के लिए स्थगित कर दी। याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता नंदिता राव ने नोटिस जारी करने की मांग की और तर्क दिया कि याचिका में उठाए गए मुद्दे 20 जुलाई के विरोध प्रदर्शनों से संबंधित अन्य लंबित मामलों से अलग हैं।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की कथित निगरानी को चुनौती देने वाली जनहित याचिका (PIL) पर विस्तृत दलीलें सुनीं। याचिकाकर्ता का तर्क है कि वीडियोग्राफी और चेहरे की पहचान तकनीक का उपयोग निजता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन करता है। हालांकि, केंद्र सरकार ने वीडियोग्राफी को सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक वैध उपाय बताते हुए इसका बचाव किया। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की खंडपीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मामले की आगे की सुनवाई सोमवार के लिए स्थगित कर दी। याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता नंदिता राव ने नोटिस जारी करने की मांग की और तर्क दिया कि याचिका में उठाए गए मुद्दे 20 जुलाई के विरोध प्रदर्शनों से संबंधित अन्य लंबित मामलों से अलग हैं।
सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति के.एस. पुट्टास्वामी बनाम भारत संघ मामले में दिए गए फैसले पर भरोसा करते हुए राव ने कहा कि सार्वजनिक विरोध प्रदर्शनों में भाग लेते समय भी नागरिकों को निजता का अधिकार प्राप्त है और इस अधिकार पर किसी भी प्रकार की रोक संवैधानिक वैधता, वैध राज्य उद्देश्य और आनुपातिकता की आवश्यकताओं को पूरा करनी चाहिए। राव ने कहा, "पुट्टास्वामी मामले में कानून बहुत स्पष्ट है। एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में, सार्वजनिक स्थान पर, यहां तक कि विरोध प्रदर्शन के दौरान भी, निजता का अधिकार है। इस पर रोक तभी लगाई जा सकती है जब राज्य त्रिगुण परीक्षण को पूरा करे। राव ने कहा कि यह याचिका विशेष रूप से पुलिस निगरानी से संबंधित है और इसे 20 जुलाई की पुलिस कार्रवाई से पहले ही दायर किया गया था। भारतीयवायु सेना भर्ती
उन्होंने बताया कि याचिका में 16 से 20 वर्ष की आयु के छात्रों सहित युवा प्रदर्शनकारियों की कथित निगरानी का जिक्र है और उन्होंने एक समाचार पत्र की रिपोर्ट का हवाला दिया जिसमें दावा किया गया था कि पुलिस वैन लाइव चेहरे की पहचान कर रही थीं।राव के अनुसार, पर्याप्त सुरक्षा उपायों के बिना चेहरे की पहचान तकनीक के कथित उपयोग से शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक भागीदारी को अपराधीकरण का खतरा है। उन्होंने तर्क दिया कि यद्यपि राज्य वैध उद्देश्यों के लिए विरोध प्रदर्शनों को रिकॉर्ड कर सकता है, लेकिन डेटा के संग्रह, भंडारण और उपयोग को नियंत्रित करने वाला कोई कानूनी ढांचा नहीं है।
“हम क्या मांग रहे हैं? कानून का ढांचा बनाएं। हमें दुरुपयोग से बचाएं। यहां तक कि फोन टैपिंग के लिए भी एक प्रोटोकॉल है, राव ने कहा, साथ ही यह भी जोड़ा कि ऐसी रिकॉर्डिंग को नियंत्रित करने वाला कोई डेटा सुरक्षा तंत्र नहीं है।संबंधित मामलों में से एक में पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने राव के तर्कों का समर्थन किया और कहा कि पिछली याचिकाओं में निगरानी और निजता से संबंधित समान मुद्दे नहीं उठाए गए थे।
कांग्रेस के इमरान मसूद ने सोनम वांहचुक को बताया 'दूसरा अऩ्ना', BJP ने किया पलटवार
नई दिल्ली ।नीट पेपर लीक मामले पर सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त होने के बाद राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने वांगचुक पर सरकार से 'निजी समझौता' करने का आरोप लगाया, जिसे बीजेपी ने छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक क्रेडिट की लड़ाई में बदलने का प्रयास बताया। यह घटनाक्रम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और एंटी-पेपर लीक कानून पर भी सियासी खींचतान को दर्शाता है।
नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन को लेकर सियासत तेज हो गई है। 26 दिनों से सोनम वांगचुक का अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त हो गया है। हालांकि, इसको लेकर विपक्ष की ओर से सवाल खड़े किए जा रहे हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि वह अन्ना (सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे) का दूसरा रूप हैं। अन्ना 12 साल तक चुप रहे और अब सोनम वांगचुक चुप रहेंगे। कल आप सरकार के साथ समझौता कर रहे थे; उस समय क्या वहां कोई छात्र मौजूद था? सरकार के साथ आपके निजी समझौते के अलावा और क्या है?
वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने सोनम वांगचुक के बारे में इमरान मसूद की अन्ना पार्ट टू और सरकार के साथ पर्सनल डील वाली टिप्पणियों पर पलटवार किया है। शहज़ाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस ने सारी हदें पार कर दी हैं, जिस तरह से उन्होंने सोनम वांगचुक का अपमान किया है। राहुल गांधी कभी सोनम वांगचुक के पास नहीं गए, वे 21 दिनों तक छुट्टी पर थे और उन्होंने कभी छात्रों या उनके विरोध-प्रदर्शन की परवाह नहीं की। आज, जब सरकार ने प्रदर्शनकारियों और सोनम वांगचुक से बात की है, उनका अनशन खत्म कराया है और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा की उनकी मांग मान ली है, तो राहुल चर्चा से भाग रहे हैं और अपने सांसदों से सोनम वांगचुक को अपशब्द कहलवा रहे हैं। वे इसलिए बहुत परेशान हैं क्योंकि उन्हें इसका क्रेडिट नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि पीएम छात्रों के हितों के लिए प्रतिबद्ध हैं; वे ही लगातार फास्ट-ट्रैक कोर्ट, नकल-रोधी कानून, NEET परीक्षा का सही ढंग से आयोजन और शिक्षा मंत्रालय में कार्रवाई जैसे मुद्दों के लिए लड़ते रहे हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी को देखिए। उनके अपने राज्यों में पेपर लीक हो जाते हैं, लेकिन वे एक चपरासी को भी नौकरी से नहीं निकालते, कोई कार्रवाई नहीं करते। और अब वे सोनम वांगचुक को अपशब्द कह रहे हैं, उनका अपमान कर रहे हैं क्योंकि उन्हें क्रेडिट चाहिए। यह क्रेडिट की लड़ाई है, छात्रों की लड़ाई नहीं।
प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाला विधेयक संसद में पेश किए जाने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन पर निशाना साधते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग की। कॉजपा ने बृहस्पतिवार को कहा कि परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ सरकार की ओर से उठाया जाने वाला सबसे कड़ा कदम प्रधान को पद से हटाना होगा।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मोदी जी, कल धर्मेंद्र प्रधान को हटा दीजिए। यह आपके द्वारा की जा सकने वाली सबसे सख्त कार्रवाई होगी। कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी प्रधानमंत्री की घोषणा पर कटाक्ष किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें एक व्यक्ति बिना चारदीवारी वाले परिसर का प्रवेश द्वार बंद करता नजर आ रहा है।