छत्तीसगढ़ / दुर्ग
सिक्ख समाज के उत्थान के लिए आज होगा भिलाई यूथ सिक्ख सेवा कमेटी का गठन
भिलाई। छग अंचल के सबसे बडे ट्रांसपोर्टर रहे स्व बीरा सिंह के सुपुत्र व एचटीसी के युवा डायरेक्टर इन्द्रजीत सिंह छोटू भैया व उनके सहयोगी ट्रांस्पोर्टर मलकीत सिंह लल्लू भैया द्वारा भिलाई यूथ सिक्ख सेवा कमेटी का गठन के संबंध में एक बैठक का आयोजन रविवार 20 अक्टूबर को शाम 4 बजे हाउसिंगबोर्ड गुरूद्वारा में किया गया है। इस कमेटी के गठन का मुख्य उदेश्य है कि सिक्ख समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के युवक युवतियों के लिए आर्थिक सहायता एवं कुछ महत्वपूर्ण पहल के लिए ये बैठक रखी गई है।
इसमें सिक्ख समाज के सभी युवक युवतियां अपने बहुमूल्य सुझाव देने के लिए सादर आमंत्रित है। ये कमेटी सिक्ख समाज के कल्याण के लिए कार्य करेगी। सभी के योगदान से ये पहल काफी प्रभावी होगी। इस बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील समाजसेवी इन्द्रजीत सिंह छोटू भैय्या ने समाज के लोगों से की है और कहा है कि सिक्ख समाज की इस भलाई के काम में अपना सहयोग दे ताकि हम सब मिलकर सिक्ख समाज को आगे बढाने में अपना योगदान दें।
सभी आने वाले लोगों का हम स्वागत करते है। इन्द्रजीत सिंह ने हमारे संवाददाता से चर्चा करते हुए बताया कि बताया कि कमेटी के पांच प्रमुख उद्देश्य है जिसमें सिक्ख समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों की शादी के लिए साल में एक बार गुरूद्वारे में सामूहिक विवाह का आयोजन यूथ सिक्ख कमेटी द्वारा किया जायेगा ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के बच्चियों की शादी हो जाये। सिक्ख समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के मेघावी छात्र-छात्राओं को उनकी शिक्षा के हेतु हर संभव आर्थिक सहायता कमेटी द्वारा की जायेगी। सिक्ख समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभावान खिलाडियों को खेल हेतु आर्थिक सहायता की
व्यवस्था की जायेगी ताकि ये प्रतिभावान खिलाडी बिना चितां के अच्छे से अपने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना और समाज का नाम रौशन कर सके। इसके अलावा सिक्ख समाज के गरीब परिवार में किसी की मृत्यु हो जाने पर मरणोपरांत कार्यक्रम एवं लंगर की पूर्ण व्यवस्था कमेटी द्वारा की जायेगी। सिक्ख समाज के नशे में लिप्त युवाओं को नशा छुडाने हेतु हर संभव सहायता की जायेगी ताकि यूवा नशा छोडकर समाज की मुख्य धारा से जुडे।
राष्ट्रीय वेल्डिंग प्रतिस्पर्धा सम्पन्न
भिलाई। दि इन्डियन इंस्टिट्यूट ऑफ वेल्डिंग-भिलाई ब्रांच एवं भिलाई इस्पात संयंत्र के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर की दो दिवसीय वेल्डिंग प्रतियोगिता के प्रथम चरण का शुभारम्भ मुख्य महाप्रबंधक एसएमएस-3 पी के सिंग के मुख्य आतिथ्य एवं मानद सचिव आईआईडब्लू-भिलाई शाखा सुनील कुमार बंसल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।संविदा श्रमिक वेल्डरों में सुरक्षित एवं उत्कृष्ट कौशल विकास को बढावा देने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 18 संविदा कम्पनी के 50 से भी अधिक वेल्डरों ने उत्साह से भाग लिया। प्रथम स्तर की प्रतिस्पर्धा का आयोजन दो श्रेणियों आर्क वेल्डिंग एवं गैस वेल्डिंग में किया गया।
कार्य के प्रत्येक स्तर के उचित मानकों का अनुपालन करते हुए वेल्डरों ने अपने-अपने कार्य को उत्कृष्टता के साथ संपन्न करते हुए अपनी सहभागिता दर्ज की। संविदा वेल्डरों के कार्यो का मूल्यांकन तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाएगा, जिसमें पूर्व विभागाध्यक्ष एसएस शॉप एस.सी टुटेजा, विभागाध्यक्ष रिक्लेमेशन शैलेन्द्र अग्रवाल एवं महाप्रबंधक डब्ल्यूआरएम एम हुसैन शामिल हैं। दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नवम्बर' 2024 में चेन्नई में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने की पात्रता हासिल होगी।
भिलाई चेंबर की टीम स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को किया जागरुक
भिलाई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की भिलाई इकाई द्वारा आया त्योहार चलो बाजार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत भिलाई चेंबर की टीम घर-घर यह संदेश फैला रही है कि त्योहारों में स्थानीय दुकानदारों के पास से खरीदारी करें। इसी कड़ी में भिलाई चेम्बर के पदाधिकारी स्कूल के जाकर छात्र छात्राओं को संदेश दे रहे है कि ऑनलाइन खरीदी से तौबा करें इस बार त्योहारों की खरीदी लोकल बाजारों से करें।
प्रदेश महामंत्री अजय भसीन स्वयं इस अभियान में सबसे ज्यादा सक्रिय है। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्कूलों में जाकर बाजारों की रौनक बढ़े औऱ शहर के व्यापारियों की आर्थिक व्यवस्था मजबूत हो ऐसा ही एक संदेश युवा पीढ़ी को दे रहे है। पत्रक के माध्यम से यह भी संदेश दिया जा रहा है कि लोकल बाजारों से खरीदी करते है तो आप समान छू कर महसुस कर संतुष्टि प्राप्त कर सकते है।
लोकल बाजारों से खरीदी का फायदा यह भी है कि व्यापारियों से आपके रिश्ते मजबूत होते है जबकि ऑनलाइन खरीदी से आप रिश्ते नही बना पाते।ऑनलाइन खरीदी से कभी कभी धोखे का शिकार भी होना पड़ सकता है। इस अभियान को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है स्कूल में छात्र छात्राओं के साथ साथ शिक्षक व शिक्षिकाएं भी इस अभियान में पूर्ण समर्थन देकर संकल्प ले रहे है कि इस बार त्योहारों की खरीदी लोकल बाजारों से करेंगे।
स्कूल के अलावा कोचिंग सेंटर में जाकर भी विद्यार्थीयो को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है।गार्डन में विभिन्न भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाकर लोगो को जागरूक किया जा रहा है। भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्रा ने भी भिलाई दुर्ग की जनता से आग्रह किया है कि इस बार त्योहारों की खरीदी लोकल बाजारों से करे क्योकि खुशियां मिलती है बाजारों में। इस अभियान में मुख्य रूप से शंकर सचदेव,सुनील मिश्रा, सुमन कनोजे, चिन्ना राव, अजय निदान, कुलदीप सिंह, विकास सिंह सक्रिय है। यह जानकारी शंकर सचदेव ने दी।
रिसाली में रोका गया बिना एनओसी किया जा रहा निर्माण कार्य
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रवर्तन विभाग, नगर सेवाए द्वारा टाउनशिप में कई जगहों पर अवैध कब्जे धारियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए करीब 100 से अधिक अस्थाई दुकानों को हटाया गया निर्माण में उपयोग में लाई गई बांस बल्ली जप्त की गई। भिलाई विद्यालय से मस्जिद रोड , रोड नंबर-03, सतनाम भवन के सामने, रोड के किनारे अवैध रूप से 100 से अधिक अवैध दुकानें अवैध रूप से लगाया जा रहा है।
जिसके वजह से ट्रैफिक जाम हो रहा है। इन अवैध दुकानदारों के विरुद्ध नागरिकों द्वारा कई बार शिकायत भी किया गया है। एनफोर्समेंट विभाग द्वारा पुलिस विभाग की सहायता से रोड क्लियरेंस तथा एक्सीडेंट रोकने के उद्देश्य से इन अवैध दुकानदारों के अवैध कब्जे को आज हटाया गया । इन अवैध कब्जेधारियों के विरुद्ध संपदा न्यायालय द्वारा डिक्री भी पारित किया गया है। में संपदा न्यायालय के आदेश पर इन अवैध दुकानों को हटाया भी गया था तथा उद्यानिकी विभाग, नगर सेवाए द्वारा जगह पर वृक्षारोपण किया गया था । इन अवैध कब्जेधारियों और दुकानदारों द्वारा पुन: वहां दुकान संचालन अवैध रूप से करना शुरू कर दिया।
इन अवैध कब्जेधारियों के विरुद्ध संपदा न्यायालय के आदेशानुसार पूर्व में भूमि विभाग द्वारा एफआईआर दर्ज करने हेतु लिखित शिकायत की गई है। सभी खंभों, बॉस बल्लियों को जप्त किया गया। आज फ्लाई ओवर ब्रिज तथा अंडर ब्रिज तथा सेक्टर-01, स्टेट बैंक के सामने से भी अवैध दुकानों, बॉस बल्ली का शेड तथा ठेलो को हटाया गया ।बिना हॉकर लाइसेंस के वहां अवैध रूप से दुकानों का संचालन किया जा रहा था । साथ ही प्रवर्तन विभाग तथा भूमि विभाग द्वारा स्थल निरीक्षण कर बीएसपी भूमि इस्पात नगर, रिसाली में बिना हृह्रष्ट के पार्षद और ठेकेदार द्वारा किए जा रहे सामुदायिक भवन के निर्माण को रोका गया है तथा आगे की कार्यवाही की जा रही है।
दादी की हत्या के बाद युवक ने की आत्महत्या की कोशिश
दुर्ग। भिलाई से एक दिल दहला देनी वाली खबर सामने आई है जहां एक पोते ने अपनी बुजुर्ग दादी की त्रिशूल घोंप कर हत्या कर दी और फिर नजदीक के शिवलिंग पर उसका खून चढ़ा दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। दरअसल, नंदिनी थाना क्षेत्र में दादी रुक्मणी गोस्वामी और उसका पोता गोविंद गोस्वामी अकेले ही एक साथ घर में रहते थे। वहीं आज शाम पोते ने दादी से बातचीत के दौरान अचानक त्रिशूल से दादी के सिर पर ताबतोड़ हमला कर दिया। जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। सिर्फ इतना ही नहीं आरोपी ने पोते ने दादी की हत्या के बाद उसके खून को पास के ही शिव मंदिर ले जाकर शिवलिंग के ऊपर उसी खून से शिव जी का अभिषेक कर दिया।
इस घटना के बाद आरोपी ने अभिषेक के लिए खून कम पड़ने पर खूद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। वहीं घटना की सूचना मिलती है आसपास के लोगोंं ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही तत्काल नंदिनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल आरोपी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। मामले में पुलिस ने अंधविश्वास की आशंका जताई है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी खुद को बड़ा शिव भक्त बताता है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने 26.69 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
खेल मैदान के लिए एक करोड़ रुपए की घोषणा की
शहरों के विकास के लिए राशि की कमी नहीं - श्री अरुण साव
रायपुर : उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने आज भिलाई-चरोदा नगर निगम में 26 करोड़ 69 लाख रुपए लागत के 144 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 23 करोड़ 29 लाख रुपए के 128 कार्याें का भूमिपूजन और तीन करोड़ 40 लाख रुपए के 16 कार्याें का लोकार्पण शामिल हैं। श्री साव ने कार्यक्रम में खेल मैदान के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। क्षेत्रीय विधायक श्री डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, दुर्ग-ग्रामीण के विधायक श्री ललित चंद्राकर और महापौर श्री निर्मल कोसरे भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने पिछले दस महीनों में शहरों के विकास के लिए 2800 करोड़ रुपए जारी किए हैं। हमने सरकार बनते ही 12 दिनों में किसानों को दो वर्षों के बोनस का भुगतान किया। मोदी जी की गारंटी के अनुरूप महतारी वंदन योजनान्तर्गत महिलाओं को एक हजार रुपए हर माह दिए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीब परिवारों को 18 लाख आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें से आठ लाख हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति मिल चुकी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार में राज्य का सांय-सांय विकास हो रहा है। भिलाई-चरोदा के विकास के लिए भी राशि की कमी नहीं होगी। श्री साव ने कार्यक्रम में 25 हितग्राहियों को उनके नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौंपी। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत महिला स्वसहायता समूहों को चेक, महिला हितग्राहियों को सिलाई मशीन और राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अहिवारा के विधायक श्री डोमन लाल कोर्सेेवाड़ा ने कहा कि निगमवासियों की मांग के अनुरूप सरकार ने विकास कार्यों की सौगात दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में मोदी जी की गारंटी पूरी हो रही है। दुर्ग-ग्रामीण के विधायक श्री ललित चंद्राकर ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि आज निगम क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है। यह सब क्षेत्र के जागरूक जनप्रतिनिधियों की विकास के प्रति समन्वय की भावना की देन है। कार्यक्रम को महापौर श्री निर्मल कोसरे ने भी सम्बोधित किया। भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त श्री दशरथ राजपूत सहित कई पार्षद और गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।
आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने स्वास्थ्य अधिकारी मिश्रा व अमले के साथ देखी सफाई व्यवस्था
दुर्ग । नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत आयुक्त लोकेश चन्द्राकर के निर्देश पर निरन्तर शहर क्षेत्र में विभिन्न वार्डों के अलावा पटेल चौक, मालवीय चौक,स्टेशन रोड,पुलगांव चौक सहित शहर के अन्य मार्गों की साफ-सफाई कर कचरे का उठाव किया गया। शहर के मुख्य मार्गो में डिवाइडर के दोनों तरफ जमी धूल की मोटी परत को भी साफ किया गया। सफाई नहीं होने से जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ था।
मुख्य मार्ग पर सुबह झाड़ू लगने के बाद दिनभर बड़ी गाडिय़ों का आने जाने से उठने वाली धूल लोगों के लिए नुकसानदायक था इसलिए लगातार डिवाइडर के दोनो ओर सफाई किया जा रहा है। आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने बताया कि वार्डों के अलावा सार्वजनिक सडकों, निकासी नालियों एवं मुख्य मार्गों के डिवाइडर किनारे मिट्टी की सफाई कराकर शहर को साफ एवं स्वच्छ रखने प्रयास किया जा रहा है।
स्थल निरीक्षण के दौरान आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा,कर्मशाला अधीक्षक शॉएब अहमद,एमयूएल कुणाल, राहुल सहित अमले के साथ सफाई व्यवस्था देखी,उन्होंने कहा कि शहर की सफाई कार्य में गुणवत्ता लाने प्रयास कर रहे हैं।आम लोगों से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि दुकानों से निकलने वाले कूड़ा को नालियों और सड़कों पर न फेंकें, हमेशा डस्टबिन में डालें सड़क में कचरा फेंके जाने पर जुर्माना की कार्रवाही की जाएगी।
रेडक्रास जम्बुरी 2024 का उद्घाटन आज
दुर्ग। दुर्ग नगर के पुलगांव स्थित भारती विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर रेडक्रास जम्बुरी 2024 का उद्घाटन समारोह 19 अक्टूबर 2024 को पूर्वान्ह 11 बजे दुर्ग संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर (आईएएस) के मुख्य आतिथ्य और पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रामगोपाल गर्ग की अध्यक्षता एवं गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा।
मृतक के परिजनों को मिली आर्थिक सहायता
दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 24 लाख रूपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रिसाली सेक्टर भिलाई तहसील व जिला दुर्ग निवासी विवेक कुमार की विगत 24 अक्टूबर 2023 को पानी में डूबने से मृत्यु हो गयी थी। इसी प्रकार वार्ड नं. 14 भाठापारा कुरूद थाना जामुल जिला दुर्ग निवासी खम्मनलाल निषाद की विगत 29 अक्टूबर 2023 को जलने से उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी थी। ग्राम पथरिया तहसील अहिवारा जिला दुर्ग निवासी संजू ठाकुर की भी विगत 30 अगस्त 2023 को खदान के पानी में डूबने से मृत्यु हो गयी थी। ग्राम अहिवारा तहसील अहिवारा जिला दुर्ग निवासी हेमा जोशी की विगत 15 मई 2018 को आग से जलने से मृत्यु हो गई थी। इलाहाबाद बैंक के पास कुम्हारी तहसील अहिवारा जिला दुर्ग निवासी वासुदेव चावड़ा की भी विगत 02 सितंबर 2022 को पानी में डूबने से एवं ग्राम जंजगिरी तहसील भिलाई 03 जिला दुर्ग निवासी श्री कामदेव साहू की विगत 26 अक्टूबर 2020 को पानी में डूबने से मृत्यु हो गयी थी।
कलेक्टर द्वारा शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के अनुरूप स्व. विवेक कुमार के पिता श्री राधेश्याम ठाकुर को 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार स्व. खम्हनलाल निषाद की पत्नी बुधवंतीन निषाद़ को, स्व. संजू ठाकुर की पत्नी संतोषी बाई को, स्व. हेमा जोशी के पति श्री संजू जोशी को, स्व. वासुदेव चावड़ा की माता रेखा चावड़ा को एवं स्व. कामदेव साहू के पिता पवन साहू को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।
उप मुख्यमंत्री अरूण साव भिलाई-चरौदा आएंगे
दुर्ग । छत्तीसगढ़ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरूण साव 19 अक्टूबर 2024 को भिलाई-चरौदा आएंगे और यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार उप मुख्यमंत्री श्री साव 19 अक्टूबर 2024 को अपरान्ह 03 बजे कार द्वारा रायपुर से प्रस्थान कर अपरान्ह 3.30 बजे शिवाजी चौक भाठापारा चरौदा पहुंचेंगे। वे यहां पर नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम पश्चात् उप मुख्यमंत्री श्री साव अपरान्ह 04.30 बजे कार द्वारा कवर्धा जिला कबीरधाम के लिए प्रस्थान करेंगे।
सचिव, परिवहन-सह-परिवहन आयुक्त श्री एस. प्रकाश एवं अपर परिवहन आयुक्त, श्री डी. रविशंकर द्वारा फिटनेस सेंटर, दुर्ग एवं चेकपोस्ट पाटेकोहरा का औचक निरीक्षण
रायपुर : राज्य परिवहन विभाग अंतर्गत जनकेन्द्रित सेवाओं के बेहतर एवं पारदर्शी क्रियान्वयन की दृष्टि से वाहनों के फिटनेस कार्य हेतु जिला दुर्ग में स्थापित ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) परिवहन जांच चौकी पाटेकोहरा का औचक निरीक्षण किया गया। औचक निरीक्षण के दौरान सचिव, परिवहन-सह-परिवहन आयुक्त श्री एस. प्रकाश, एवं अपर परिवहन आयुक्त, श्री डी. रविशंकर द्वारा एटीएस सेंटर, संचालक से सेंटर में वाहनों के फिटनेस किये जाने की कार्यवाही के संबंध में विस्तार से जानकारी ली गई।
विभाग द्वारा राज्य शासन की मंशानुरूप बेहतर सुशासन व्यवस्था बनाये रखने की दृष्टि से सचिव, परिवहन एवं अपर परिवहन आयुक्त द्वय द्वारा एटीएस सेंटर दुर्ग का औचक निरीक्षण किया गया है।
सचिव, परिवहन एवं अपर परिवहन आयुक्त द्वारा फिटनेस सेंटर में वाहनों के फिटनेस संबंधी प्रक्रिया, स्थापित उपकरण एवं मशीनों के ऑपरेटिंग प्रणाली, इसके रखरखाव, तकनीकी खामियों आने पर सुधार संबंधी कार्यवाही, साफ्टवेयर ऑपरेटिंग एवं आपातकालीन स्थितियों में अन्य वैकल्पिक व्यवस्था इत्यादि का जायजा लिया गया। एसटीएस संचालक को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये।
राज्य के सीमावर्ती परिवहन जांच चौकी पाटेकोहरा में समय-समय पर वाहनों की कतार लगने, चेकिंग कार्यवाही की बेहतर कार्यप्रणाली एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सचिव, परिवहन एवं अपर परिवहन आयुक्त द्वारा चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया गया। सीमावर्ती महाराष्ट्र राज्य में वाहन चेकिंग व्यवस्था तथा जांच चौकी में आधुनिकीकरण के तहत निरीक्षण के दौरान अन्य राज्यों से आने जाने वाले वाहनों के चेकिंग व्यवस्था का अवलोकन किया गया।
कार्यों के संपादन में बेहतर तकनीकी तौर तरीके से जंच चौकियों को अपडेट किया जा सकता है, इस पर विचार किया गया। विधि विरुद्ध संचालित होने वाले वाहनों की चेकिंग कार्यवाही एवं अन्य वैकल्पिक आधुनिकी कार्यपद्धति को किस तरह लागू किया जाना है, इस पर चर्चा की गई। सीमावर्ती राज्यों द्वारा वाहनों की चेकिंग के दौरान अपनाई जा रही प्रक्रियाओं का भी अवलोकन किया गया।
चेकपोस्ट प्रभारी एवं प्रवर्तन अमले को चेकिंग के दौरान वाहन चालकों से बेहतर संवाद स्थापित करने एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाने के निर्देश दिये गये। ऐसी व्यवस्था विकसित किया जाए जिससे मार्ग में संचालित वाहनों के चेकिंग कार्यवाही में समय की बचत हो सके और वाहन संचालकों को बेहतर सुविधाएं मिल सके।
अवैध अतिक्रमण पर तड़के सुबह 6 बजे से नगर निगम भिलाई ने की बड़ी कार्यवाही।
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्रांतर्गत नंदनी रोड एवं पावर हाउस फल मण्डीए पार्किंग पर निगम की बड़ी तोड़फोड़ कार्यवाही की गई। निगम क्षेत्र में नंदनी रोड के किनारे करूणा हाॅस्पिटल से लेकर पावर हाउस चौक, छावनी थाना, तक अवैध फल विक्रेताए ठेला.खुमचा टीन शेड लगाकर दुकान संचालन किया जा रहा था। जिससे सड़क में बाधा उत्तपन्न हो रही थी। ग्राहको से रोड जाम हो रहा था, दुर्घटना की संभावना बनी रहती थी। आयुक्त अशोक द्विवेदी स्वयं मौके पर उपस्थित होकर अवैध अतिक्रमण पर तोड़फोड़ की कार्यवाही की निगरानी कर रहे थे। अतिक्रमण की कार्यवाही बिना किसी भी भेदभाव के एक सीरे से की गई। इसी प्रकार छावनी थाने से लेकर करूणा अस्पताल तक तोड़फोड़ की कार्यवाही की गई।
ऐसी शिकायत मिल रही थी कि रोड के ऊपर अतिक्रमण करके व्यवसाय किया जा रहा है।जिससे ट्रैफिक व्यवस्था अवरुद्ध हो रही है । सभी व्यापारियो को नोटिस दिया गया, मुंनादी भी कराया गया। संयुक्त जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम भिलाई की सयंुक्त टीम बनाकर सुबह 6 बजे स्थल पर पहुंच गये। कार्यवाही करूणा अस्पताल से शुरू किया गया। एक-एक करके थाना छावनी तक कार्यवाही जारी रहा। सुबह के समय कार्यवाही इस लिए किया गया कि किसी प्रकार का ट्रैफिक व्यवस्था अवरूद्व न हो।
तोड़फोड़ कार्यवाही के दौरान निगम भिलाई तहसीलदार गुरूदत्त पांच भाई, दुर्ग तहसीलदार क्षमा यादव, जोन आयुक्त बी के वर्मा, राजस्व अधिकारी मलखान सिंह सोरी, सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, अनिल मेश्राम, जे.पी. तिवारी, प्रशन्न तिवारी, सहायक अभियंता नितेश मेश्राम, उपअभियंता शेखर सुमन मरकाम, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, तोड़फोड़ के अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 सितम्बर तक राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन
- स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता संबंधित व्यापक प्रचार एवं प्रभावी व्यवहार परिवर्तन हेतु प्रति वर्ष आयोजित होता है राष्ट्रीय पोषण माह
दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों में 01 से 30 सितम्बर 2024 तक पोषण माह आयोजन किया जा रहा है। जनसमुदाय तक स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता संबंधित व्यापक प्रचार एवं प्रभावी व्यवहार परिवर्तन हेतु जनआंदोलन के रुप में प्रति वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जाता है। पूर्व वर्षों में पोषण माह/पोषण पखवाड़ा में सभी सहयोगी विभागों एवं डेव्हलपमेंट संस्थाओं का सक्रिय एवं परिणाममूलक सहयोग प्राप्त होता रहा है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी पोषण माह के प्रभावी, सुचारु एवं परिणाममूलक आयोजन तथा गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, स्थानीय निकाय के प्रतिनिधि, सहयोगी विभागों, स्वंय सेवी संस्थाओं, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों की सक्रिय भागीदारी, युवोदय स्वंयसेवको, महिला स्व-सहायता समूहों, महिला मण्डली, नेहरु युवा केन्द्रों, नेशनल कैडिट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना आदि की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। विभिन्न सहयोगी विभागों के मैदानी अमले के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए जिला/विकासखण्ड में ग्राम स्तर पर सभी केन्द्रों में पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान निर्धारित दैनिक गतिविधियों के कलैण्डर अनुसार मुख्य रुप से एनीमिया, वृद्धि निगरानी, पूरक आहार, पोषण भी पढ़ाई भी, बेहतर प्रशासन, पारदर्शिता और कुशल सेवा वितरण के लिए प्रौद्योगिकी, समग्र पोषण थीम्स पर गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
सीसी रोड निर्माण के लिए 4 लाख 99 हजार 872 रूपए स्वीकृत
दुर्ग । कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजनांतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए अहिवारा विधानसभा के एक कार्य ग्राम पंचायत गनियारी भिलाई 03 में सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए कुल 04 लाख 99 हजार 872 रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। विधायक डोमनलाल कार्सेवाड़ा द्वारा अनुशंसित उक्त कार्य का संपादन क्रियान्वयन एजेंसी आयुक्त नगर पालिक निगम भिलाई चरौदा द्वारा की जाएगी।
पाटन विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्याें के लिए 2 करोड़ 89 लाख 50 हजार रूपए स्वीकृत
दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजनांतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए पाटन विधानसभा के 65 कार्याें के लिए कुल 2 करोड़ 89 लाख 50 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। विधायक भूपेश बघेल द्वारा अनुशंसित उक्त कार्य का संपादन क्रियान्वयन एजेंसी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पाटन द्वारा की जाएगी।
जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अहाता निर्माण सामुदायिक शाकम्बरी भवन ग्राम पंचायत अमलीडीह के लिए 5 लाख रूपए, ग्राम पंचायत औसर में सार्वजनिक चबूतरा निर्माण के लिए एक लाख रूपए, ग्राम डिघारी में सार्वजनिक चबूतरा निर्माण के लिए एक लाख रूपए, ग्राम पंचायत औसर में कलामंच सह कक्ष निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत करसा में शेड निर्माण सामुदायिक भवन साहू पारा के लिए 5 लाख रूपए, ग्राम पंचायत करेला में सीसी रोड निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रूपए, ग्राम पंचायत करेला में सीमेंटीकरण कार्य बाजार चौक के लिए 2 लाख 60 हजार रूपए, ग्राम पंचायत कुम्हली में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत कुर्मीगुण्डरा में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत केसरा में सार्वजनिक डोम शेड निर्माण के लिए 6 लाख रूपए एवं सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत खर्रा में अहाता निर्माण ग्राम पंचायत भवन के लिए 3 लाख रूपए एवं कलामंच निर्माण सतनामी पारा के ग्राम बरबसपुर के लिए 5 लाख रूपए, ग्राम पंचायत खुडमुडी में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत खुडमुड़ी में अहाता एवं किचन शेड निर्माण सामुदायिक भवन यादव पारा में 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत गब्दी में श्मशान घाट में प्रतिक्षालय निर्माण के लिए 4 लाख 79 हजार रूपए, नाली निर्माण देवेन्द्र गेडाम घर से कानाकोट रोड तक के लिए एक लाख 97 हजार रूपए, ग्राम पंचायत गुढ़ियारी में नाली निर्माण वार्ड क्र.15 के लिए 3 लाख 94 हजार रूपए, ग्राम आमालोरी एवं ग्राम पंचायत गुढ़ियारी में सीसी रोड निर्माण चंद्रिका मटियारा घर से भरत चंद्राकर घर तक के लिए 2 लाख 60 रूपए, ग्राम आमालोरी एवं ग्राम पंचायत गुढ़ियारी में सीसी रोड निर्माण सरोज टंडन घर से लखन जोशी घर तक के लिए 2 लाख 60 रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत घुघुवा में सीमेंटीकरण कार्य के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत चुलगहन में सार्वजनिक चबुतरा निर्माण के लिए एक लाख रूपए, ग्राम पंचायत चुलगहन में किचन शेड निर्माण सामुदायिक भवन नया साहू पारा के लिए तीन लाख रूपए, ग्राम पंचायत जमराव में कक्ष निर्माण के लिए 5 लाख रूपए, ग्राम पंचायत जरवाय में सीसी रोड निर्माण पंचायत भवन के पास के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत जरवाय में अहाता निर्माण सामुदायिक भवन सतनामी पारा में के लिए 5 लाख रूपए, ग्राम पंचायत जरवाय में सीसी रोड निर्माण राम किसुन के घर से रामकृष्ण के घर तक के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत जामगांव आर में चबुतरा निर्माण शासकीय महाविद्यालय में के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम पंचायत जामगांव एम में सीसी रोड निर्माण अनिल चंद्राकर के दुकान से उचित मूल्य दुकान तक के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत झींट में कलामंच निर्माण भाठापारा में के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम पंचायत तर्रा में शेड निर्माण के लिए 3 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत तुलसी में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत देवादा में सीसी रोड निर्माण यादव भवन से साहू भवन तक के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत धौराभाठा में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत नवागांव ब अहाता निर्माण के लिए 5 लाख रूपए, ग्राम पंचायत नारधी में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत निपानी में कलामंच सह कक्ष निर्माण के लिए 3 लाख 50 हजार रूपए, गा्रम पंचायत पचपेडी में यात्री प्रतिक्षालय निर्माण के लिए 4 लाख रूपए, ग्राम पंचायत परसाही में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत परसाही में सामुदायिक मानस भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत पाहंदा अ में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 8 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत पौहा में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत फुण्डा में सीमेंटीकरण कार्य बाजार चौक के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत बटंग में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत बटरेल में सार्वजनिक शेड निर्माण समरसता भवन में के लिए 4 लाख रूपए, ग्राम पंचायत बठेना में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत बीजाभांठा में सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम पंचायत बेलौदी में सामुदायिक भवन निषाद पारा में टाईल्स कार्य के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम पंचायत बोरवाय में कक्ष निर्माण सामुदायिक भवन ढीमर पारा में के लिए 6 लाख रूपए, ग्राम पंचायत भनसुली आर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख रूपए, ग्राम पंचायत बटंग में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत बटरेल में सार्वजनिक शेड निर्माण समरसता भवन में के लिए 4 लाख रूपए, ग्राम पंचायत बठेना में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम घोरारी एवं ग्राम पंचायत बीजाभांठा में सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम पंचायत बेलौदी में सामुदायिक भवन निषाद पारा में टाईल्स कार्य के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम पंचायत बोरवाय में कक्ष निर्माण सामुदायिक भवन ढीमर पारा में के लिए 6 लाख रूपए, ग्राम मोहभठ्ठा एवं ग्राम पंचायत भनसुली आर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख रूपए, ग्राम पंचायत भनसुली में कलामंच सह कक्ष निर्माण के लिए 5 लाख 49 हजार रूपए, ग्राम पंचायत महकाखुर्द में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत रवेली में सामुदायिक भवन महिला सदन में संधारण कार्य के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम पंचायत रानीतराई में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत रूही में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत रेंगाकठेरा में कलामंच सह कक्ष निर्माण सतनामी पारा के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत सावनी में सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 2 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत सिपकोन्हा में सौंदर्यीकरण कार्य जयस्तंभ के पास के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम पंचायत सुरपा में सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए 2 लाख 60 हजार रूपए, ग्राम पंचायत सेमरी में सार्वजनिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम पंचायत सेलूद में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पंचायत सोरम में चौक निर्माण के लिए 4 लाख 21 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिले में शासन की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त
दुर्ग, पाटन एवं धमधा अंतर्गत कुल 297 ग्राम पंचायतों का निरीक्षण करेंगे अधिकारी
दुर्ग । कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जिले में शासन की महत्वाकांक्षी योजनांतर्गत संचालित कार्यों का सफल व सुचारू क्रियान्वयन/अनुश्रवण/पर्यवेक्षण हेतु समस्त ग्राम पंचायतों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखण्ड दुर्ग अंतर्गत 74 ग्राम पंचायतों, विकासखण्ड धमधा अंतर्गत 117 ग्राम पंचायतों एवं विकासखण्ड पाटन अंतर्गत 106 ग्राम पंचायतों हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है। उक्त अधिकारियों को अपने-अपने ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया है। समस्त नोडल अधिकारियों को उक्त कर्तव्यों का पालन करते हुए अधिकृत पंचायत का समय सीमा में निरीक्षण अनिवार्य रूप से करने कहा गया है। निरीक्षण के दौरान निर्धारित प्रपत्र अनुसार समस्त कार्यों का अवलोकन किया जाना आवश्यक है। निरीक्षण प्रतिवेदन माह की 10 एवं 25 तारीख तक अनिवार्य रूप से भरा जाना आवश्यक है। कलेक्टर ने निरीक्षण प्रतिवेदन कार्यालय द्वारा निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन भरा जाना सुनिश्चित करने कहा है। अन्य माध्यमों से आवेदन प्रतिवेदन मान्य नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर कलेक्टर को सूचित करने कहा गया है। नोडल अधिकारी केवल योजनाओं के निरीक्षण का कार्य संचालित करेंगे। किसी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्यवाही नही की जाएगी। इसके अलावा नोडल अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में सौंपे गए दायित्वों का पालन करते हुए समय-समय पर प्रगति कार्यों से कलेक्टर को अवगत कराना सुनिश्चित करने कहा गया है। आगामी समय में नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी के अन्यत्र स्थानांतरण/सेवानिवृत्त/दीर्घकालीन अवकाश होने की स्थिति में संबंधित प्रभारी अधिकारी द्वारा नोडल अधिकारियों के कर्तव्य का निर्वहन किया जाएगा।
संभाग आयुक्त ने एसडीएम एवं तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण
दुर्ग। दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने भिलाई-3 में तहसील कार्यालय एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक सेवा केन्द्र, मॉडर्न रिकॉर्ड रूम के लिए आरक्षित कक्ष, तहसील न्यायालय एवं एसडीएम न्यायालय का अवलोकन किया। न्यायालय में प्रकरणों के निराकरण की प्रगति पर संभाग आयुक्त ने संतुष्टि प्रकट की। इस अवसर एसडीएम महेश सिंह राजपूत, तहसीलदार पवन ठाकुर एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।