छत्तीसगढ़ / दुर्ग
"मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणेश चतुर्थी के मौके पर अपने निवास में भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना की"
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज गणेश चतुर्थी के अवसर पर भिलाई-3 स्थित अपने निवास में भगवान गणेश जी की प्रतिमा की स्थापना की. उन्होंने भगवान गणेश जी की विधि-विधान-पूर्वक पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
गणेश चतुर्थी के अवसर पर आज से 11 दिन तक भगवान गणेश घर-घर में विराजमान हो रहे हैं. श्रद्धालु भक्तगण भक्ति-भाव से 11 दिनों तक उनकी पूजा अर्चना करेंगे. मुख्यमंत्री ने श्रद्धा-भाव से अपने निवास में रिद्धी-सिद्धी के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की.
"छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई में 68 करोड़ 75 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण किया, बीजेपी की परिवर्तन यात्रा पर सवाल उठाया"
दुर्ग: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दुर्ग दौरे पर रहे, जहां उन्होंने 68 करोड़ 75 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. सीएम बघेल ने भिलाई के टाउनशिप वासियों के आभार सम्मेलन को भी सम्बोधित किया.। सीएम ने भिलाई में छत्तीसगढ़ बीजेपी की परिवर्तन यात्रा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह यात्रा तो टाय टॉय फिश हो गया है. यह महज दिखावे की परिवर्तन यात्रा रह गया है. भाजपा के जितने बड़े नेता आए हैं वह सब यहां के स्थानीय छत्तीसगढ़ के नेताओं को डांट करके गए हैं. कहीं भी कोई परिवर्तन यात्रा जैसी चीज नहीं है. पूरी यात्रा टोटल फ्लॉप शो साबित हो रही है.
सीएम भूपेश बघेल ने आज भिलाईवासियों को कई बड़ी सौगात दी. मुख्यमंत्री ने एक ओर जहां 7 करोड़ की लागत से बने बीपीओ सेंटर का लोकार्पण किया. सेंटर के युवाओ के साथ सेल्फी भी ली. वहीं 3 करोड़ की लागत से खुर्शीपार में बने इनडोर स्पोर्ट स्टेडियम का भी लोकार्पण किया. खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया. यहां 10 से अधिक खेलों के खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे. वहीं सीएम भूपेश बघेल ने नेहरू नगर में बने पंडित जवाहरलाल नेहरू प्लैनेटेरियम और नेहरू नगर चौक में हुए सौंदरीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया.
सीएम भूपेश बघेल ने सेक्टर 1 के नेहरू कल्चर हाउस में भिलाई नगर टाउनशिप के आभार सम्मेलन में संबोधित करते हुए कहा कि पहले बिजली बिल हाफ योजना का लाभ टाउनशिप वासियों को नहीं मिल रहा था, लेकिन कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर हमने इसे संभव बनाया. इससे पहले हाउस लीज रजिस्ट्री को लेकर पहल की गई, जिसका लाभ आज सभी लिस्ट धारकों को मिल रहा है. अब इसके बाद इन आवासों को फ्री होल्ड करने की ओर कदम बढ़ाया जाएगा.
कांग्रेस सरकार आई तो हुडको वासियों को फ्री होल्ड किया जाएगा : बघेल
विधायक देवेंद्र यादव ने हुडको के 1100 आवासों को फ्री होल्ड करने की मांग सीएम भूपेश बघेल से की, जिस पर सीएम भूपेश ने आने वाले कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में फिर से हुडको वासियों को फ्री होल्ड करने की योजना बनाने की घोषणा की. वहीं सीएम ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए महिला आरक्षण बिल को लेकर कहा कि अभी बिल पेश हुआ है, शर्तें क्या है यह देखना होगा कि यह सिर्फ शिगूफे बाजी है. यह 2010 में कांग्रेस सरकार द्वारा पेश किया गया बिल है, जो राज्यसभा में पास हो गया था.
20 जुलाई को विद्युत मण्डल द्वारा मेनटेनेंस का कार्य किया जायेगा
भिलाई । विद्युत विभाग द्वारा सूचना दी गई है कि 20 जुलाई को विद्युत मण्डल द्वारा मेनटेनेंस का कार्य किया जायेगा। जिसके कारण सुबह 11 बजे से साम 4 बजे तक शट डाउन रहेगा। विद्युत सप्लाई बाधित रहेगी। जिसके कारण नगर निगम भिलाई के 66 एम.एल.डी. एवं 77 एम.एल.डी. में पानी आपूर्ति समय अनुसार नहीं हो पायेगा। जलशोधन यंत्र दिन मे 11 बजे से साम 4 बजे तक बंद रहेगे।
इसके कारण फरीद नगर, मदर टेरेसा नगर एवं खुर्सीपार पानी की टंकी से साम की सप्लाई प्रभावित रहेगी। विद्युत विभाग के मेनटेनेंस का कार्य पूर्ण हो जाने पर जैसे ही विद्युत सप्लाई पूर्वत शुरू हो जायेगा। निगम का फिल्टर प्लांट से जल आपूर्ति समय अनुसार की जावेगी। असुविधा के लिए खेद है।
छत्तीसगढ़ में प्लेसमेंट कैंप का आयोजन, 121 पदों पर निकली बंपर भर्ती, जानें पूरा प्रोसेस….
दुर्ग। बेरोजगार युवाओं के लिए जिला रोजगार कार्यालय दुर्ग की ओर से चिखली स्थित एस.आर हॉस्पिटल रिसर्च सेंटर में 121 विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा।
इच्छुक उम्मीदवार 22 दिसंबर की सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3.00 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय दुर्ग पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते है। जानकारी के मुताबिक इस प्लेसमेंट कैंप में नर्सिंग स्टॉफ, डायलायसिस टेक्नीशियन, मेडिकल ऑफिसर, डेंटिस, फिजियोथेरेपी, ओटी टेक्नीशियन, एक्सरे टेक्नीशियन, आप्थेल्मिक टेक्नीशियन, पैथोलॉजी लैब, फिल्ड ऑफिसर, इलेक्ट्रिशियन, ड्राइवर, कार्पोरेट मेन, गार्ड, अकाउंटेंट, फार्मसिस्ट, कंप्यूटर ऑपरेटर, जीएम मार्केटिंग, प्लंबर मल्टिपल वर्कर, टीपीए इंचार्ज नर्सिंग सुप्रिटेंडेंट के पदों पर भर्ती की जाएगी।
धमधा-रायपुर रोड में कार जलकर राख, बाल-बाल बचा चालक
भिलाई । बोरिया कला रायपुर निवासी राम प्रताप पाण्डेय (40 वर्ष) अपनी कार से धमधा से रायपुर आ रहा था। जैसे ही वह देवरझाल गांव के पास पहुंचा कि अचानक कार के सामने से धुआं उठने लगा।
इसके बाद राम प्रताप ने कार को रोका और फौरन बाहर निकल गया। तड़के सुबह हाइवे में कार में आग लगने की घटना होने से वहां आग बुझाने के लिए तुरंत पानी भी नहीं मिला।
राम प्रताप ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन किया। इसकी खबर पुलिस को लगते ही मौके पर पहुंची लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. पुलिस के आते तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। नंदिनी टीआई राजेश साहू ने बताया कि चलती कार में आग लगने की सूचना मिली।
इन्फोर्मेशन मिलते ही नंदिनी पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन कार पूरी तरह से जल चुकी थी. कार में आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं चला है कि लेकिन आशंका जताई जा रही है कि इंजन में शार्ट सर्किट होने के कारण ये घटना हुई होगी।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक टंडन ने दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं
दुर्ग । भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व पूरे देश और प्रदेश में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रावण माह की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाने वाला यह त्योहार भाई-बहन के अटूट बंधन और परस्पर विश्वास का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, जबकि भाई उनकी रक्षा का संकल्प लेते हैं।
इस विशेष अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अजा मोर्चा अभिषेक टंडन ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्यार और दायित्वबोध का प्रतीक है, जो सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि भाई-बहन के बीच का यह अटूट बंधन हमारे जीवन को अधिक खुशहाल और सार्थक बनाता है।
महिलाओं को रक्षाबंधन की विशेष रूप से बधाई देते हुए अभिषेक टंडन ने कहा कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास महिलाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें महिला सशक्तीकरण और उनकी प्रगति की दिशा में मिलकर काम करना चाहिए, ताकि एक आदर्श समाज का निर्माण हो सके। रक्षाबंधन का यह पर्व हमें अपने कर्तव्यों और दायित्वों का बोध कराता है, और स्नेह एवं विश्वास की डोर को और मजबूत करता है।
भारतीय डाक कर्मचारी संगठन की आम सभा सम्पन्न
दुर्ग । दुर्ग में भारतीय डाक कर्मचारी एसोसिएशन छत्तीसगढ़ परिमंडल की आम सभा बुलाई गई इस आमसभा में भारतीय डाक कर्मचारी संगठन ग्रुप सी, पोस्टमैन एवं एमटीएस संयुक्त प्रतिवेदन छत्तीसगढ़ परिमंडल सम्मिलित रहे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मुख्यालय नई दिल्ली से राष्ट्रीय संगठन मंत्री संतोष मिश्रा, बीपीईएफ सेक्रेटरी जनरल आनंद कुमार पाल और बीपीईए जनरल सेक्रेटरी के आर शर्मा मौजूद रहे कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने सभी का सम्मान किया और आगामी 8 सूत्री मांगों पर विशेष चर्चा की गई,, जिसमेें 8 वा वेतन आयोग पुरानी पेंशन स्कीम बाहाल करना और खासकर घर-घर पहुंचने वाले पोस्टमैन को आज भी दिए जाने वाले साइकिल भत्ते को परिवर्तन कर पेट्रोल भत्ता करना और कार्य क्षेत्र में वृद्धि के कारण नवीन नक्शा तैयार करना और अधिकारियों की तर्ज पर कर्मचारियों की भी पदोन्नति का प्रावधान होना जैसी प्रमुख मांगे रही।
महिलाओं ने उठाई आवाज-बलात्कारियों को हो फांसी
भिलाई । कोलकाता में डॉक्टर के साथ दुष्कर्म व हत्या के विरोध में शहर की विभिन्न महिला संगठनों ने ग्लोब चौक सेंट्रल एवेन्यू पर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने एकजुटता दिखाते हुए जमकर नारेबाजी की और आरोपी के खिलाफ फांसी की सजा की मांग की। मुख्य रूप से अल मदद एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी, नया सवेरा, महिला जागृति, बौद्ध समाज, बीबी फातिमा जोहरा कमेटी, बामसेफ (शैडो) भिलाई नगर, महिला सशक्तिकरण संघ जिला दुर्ग और महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन समिति भिलाई–दुर्ग की पदाधिकारियों व सदस्यों ने यहां प्रदर्शन किया।
इस दौरान महिलाओं ने कहा कि 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओÓ का नारा तो खूब सुनाई देता है लेकिन ये नारा तब तक सार्थक नहीं हो सकता जब तक बेटियों की सुरक्षा कर उनको बचाया नहीं जाएगा। महिलाओं ने कहा कि न सिर्फ कोलकाता बल्कि देश में कहीं भी बेटियों के साथ अमानवीय हरकतें हो रही हैं, इन सभी आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए, जिससे न्याय की मिसाल कायम हो।
इस दौरान अल मदद से अंजुम अली अध्यक्ष, सचिव कौसर खान, डॉ. अमरीन, डॉ. माहीन, आयशा सिद्दीकी, शिफा सिद्दीकी फार्मासिस्ट, शाहीन खान, कैसर इकबाल, रुबीना, फरहीन, आयशा आलम, जुल्फी, उज्मा, रिदा, शमीम अशरफी, रुखसाना, सुल्ताना, सायरा बानो,बीबी फातिमा ज़ोहरा मेटी से कौसर, नया सवेरा से मौसमी टंडन,बामसेफ (शैडो) भिलाई नगर से नादिया, बौद्ध संगठन से जयश्री बौद्ध, डा. सरोज बौद्ध,लीना वैद्य, पुनम ढोके,शालू दामले,ज्योत्स्ना मेश्राम, कुसुम गजभिए और उज्जवला लव्हाले सहित विभिन्न महिलाओं की भागीदारी रही।
बीएसपी के यूनिवर्सल रेल मिल फेज़्ड ऐरे अल्ट्रासौनिक टेस्टिंग पीएयूटी सुविधा का उद्घाटन
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के यूनिवर्सल रेल मिल में वेल्ड ज्वाइंट्स के फेज़्ड ऐरे अल्ट्रासौनिक टेस्टिंग पीएयूटी सुविधा का उद्घाटन संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता की उपस्थिति में किया गया। भिलाई इस्पात संयंत्र में इस परीक्षण के शुरुआत के साथ वेल्ड ज्वाइंट्स हेतु पीएयूटी सुविधा शुरू करने की भारतीय रेलवे की लंबे समय से लंबित आवश्यकता अब पूरी हो गई है।
यह परीक्षण सुविधा आरएसएम में भी शुरू की जा रही है। फेज़्ड ऐरे अल्ट्रासौनिक परीक्षण की इस आधुनिक तकनीक का उपयोग वेल्ड ज्वाइंट्स में संभावित त्रुटियों का पता लगाने एवं छवि के रूप में उसे दर्शाने के लिए किया जाता है। यह अत्याधुनिक तकनीक स्कैन के दौरान अनेक अल्ट्रासौनिक तत्वों और इलेक्ट्रॉनिक टाइम डिले का उपयोग करके कंस्ट्रक्टिव इंटरफेस द्वारा बीम निर्माण करती है। बीम को कई कोणों पर क्रमिक रूप से उत्सर्जित किया जाता है, जिससे पीएयूटी को वेल्ड ज्वाइंट्स की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिक विस्तृत स्कैन बनाने की अनुमति मिलती है।
यह परीक्षण आरडीएसओ द्वारा अनुमोदित विक्रेता मेसर्स ओबेरॉय थर्मिट द्वारा निष्पादित किया जा रहा है। वेल्ड ज्वाइंट्स के परीक्षण की यह विधि फ्लैश बट वेल्ड ज्वाइंट्स की गुणवत्ता में विश्वनीयता के स्तर में वृद्धि करेगी और भारतीय रेलवे, जो देश की रीढ़ है, के रेल नेटवर्क में सुरक्षा बढ़ाने में एक मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक वक्र्स अंजनी कुमार ने यूआरएम में पीएयूटी सुविधा के सफलतापूर्वक कमीशनिंग के लिए यूआरएम की पूरी टीम समेत अन्य एजेंसियों को भी बधाई दी।
कार्यपालक निदेशक अजय कुमार चक्रवर्ती, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी तापस दासगुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी पी के सरकार, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी असित साहा, मुख्य महाप्रबंधक आरएसएम तीर्थंकर दस्तीदार, रजत मुखर्जी तथा संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने यूआरएम में पीएयूटी सुविधा के क्रियान्वयन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से शामिल पूरी टीम को बधाई दी।
खड़े ट्रक में जा टकराई कार, ड्राइवर की मौत
दुर्ग । दुर्ग जिले में तेज रफ्तार एसयूवी कार खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में कार ड्राइवर की मौके पर मौत हो गई। वहीं दोस्त गंभीर रूप से घायल है। घायल को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पूरा मामला स्मृति नगर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार शाम करीब 6 बजे हुआ। कार इतनी रफ्तार में थी कि ट्रक से टकराने के बाद चकनाचूर हो गई। इंजन वाला हिस्सा पूरी तरह अंदर की ओर धंस गया है।
बताया जा रहा है कि कार बनने आई थी, जिसे ट्रायल के लिए लेकर गए थे, तभी हादसा हुआ है। पुलिस ने बताया कि भारत गैस का सिलेंडर ले जाने वाला ट्रक ट्रक अवंती बाई चौक के पास सड़क किनारे खड़ा था, तभी एक कार तेज रफ्तार में आई। कार को राधिका नगर निवासी विनय मिश्रा चला रहा था।
उसके बगल में फरीद नगर निवासी शफीक खान नाम का युवक बैठा था। पुलिस ने बताया कि विनय कार को कंट्रोल नहीं कर पाया। सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसा। हादसे में कार के एयर बैग नहीं खुलने से ड्राइवर उसी के साथ दब गया। विनय मिश्रा को काफी अंदरुनी चोटें आई है।
सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी
दुर्ग । छावनी थाना पुलिस ने महिला पुलिस कर्मी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि महिला प्रधान आरक्षक के द्वारा सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने महिला पुलिस कर्मी के खिलाफ 420 का मामला दर्ज का विवेचना में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, छावनी थाना क्षेत्र के बैकुंठधाम कैंप-2 में महिला पुलिस कर्मी ने दंपति को लाखों का चूना लगाया।
दरअसल महिला पुलिस कर्मी ने दंपति से उसकी बेटी को वनरक्षक के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया। रुपये लेने के बाद भी बेटी की न तो नौकरी लगी और न ही महिला पुलिस कर्मी ने उनके रुपए लौटाए। जिससे तंग आकर दंपति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में महिला पुलिस कर्मी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बैंकुंठ नगर कैम्प 2 निवासी के रहने वाले अजय गुप्ता और उसकी पत्नी किरण गुप्ता की जान पहचान दुर्ग पुलिस में कार्यरत महिला प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता से हुई थी। 2 जून 2023 को महिला प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता बैकुंठधाम में रहने वाले अजय गुप्ता के घर पहुंची और उसकी पत्नी किरण गुप्ता से कहा कि आपकी बेटी को वनरक्षक पद पर नौकरी लगवा दूंगी।
जिसके लिये उसने दो रुपये मांगे, पीड़ितों ने दो किस्तों में 1 लाख 78 हजार रुपये दिए लेकिन 2 साल बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। पीड़ितों ने महिला प्रधान आरक्षक से पैसा वापस करने की मांग की। लेकिन उसने पैसे वापस नहीं दिये। जिसके बाद पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
भिलाई इस्पात संयंत्र के श्रमिकों को दिवाली से पहले 20 फीसदी बोनस की मांग
भिलाई । छत्तीसगढ़ में स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक के प्रतिनिधिमंडल ने भिलाई इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक औद्योगिक संबंध एवं ठेका प्रकोष्ठ विकास चंद्रा को ज्ञापन सौंपा। निदेशक प्रभारी के नाम ज्ञापन में ठेका श्रमिकों को दीपावली पूर्व न्यूनतम वेतन का 20 प्रतिशत बोनस भुगतान की मांग की गई।
महाप्रबंधक विकास चंद्रा ने कहा कि बीएसपी के ठेका श्रमिकों की समस्या में सुधार को लेकर कई कार्य हो रहे हैं और बोनस के संबंध में दीपावली पूर्व निर्धारित बोनस देने के लिए सर्कुलर जारी कर दिया गया है।
किस श्रेणी में कितना बोनस
स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक के अध्यक्ष संजय कुमार साहू ने महाप्रबंधक विकास चंद्रा के पास मांग रखी कि भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिक नियमित कर्मचारियों के साथ स्थाई प्रकृति के कार्यों से लेकर साफ सफाई तक के कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान में वेतन का ठेका श्रमिकों को न्यूनतम 8.33 प्रतिशत, अकुशल श्रमिक को 10900 रुपये एवं अर्ध कुशल श्रमिक को 11550 रुपये, कुशल श्रमिक को 12350 रुपये और अति कुशल श्रमिक को 13110 रुपये न्यूनतम बोनस मिलना चाहिए।
बैठक में प्रबंधन की ओर से निवेश विजयन वरिष्ठ प्रबंधक ठेका प्रकोष्ठ एवं इंटक यूनियन की ओर से संजय कुमार साहू, सीपी वर्मा, दीनानाथ सिंह सार्वा, गुरुदेव साहू, जसबीर सिंह उपस्थित थे।
प्रयास आवासीय विद्यालय की छात्राओं को कराया गया आईआईटी भिलाई का शैक्षणिक भ्रमण
दुर्ग। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत जिले में प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में उक्त विद्यालय का परीक्षा परिणाम बहुत अच्छा होने पर वर्ष 2024-25 में अध्ययनरत कक्षा 11वीं के 48 एवं कक्षा 12वीं के 42 कुल 90 बालिकाओं को शैक्षणिक उद्देश्य से आई.आई.टी. भिलाई (जेवरा सिरसा) का भ्रमण कराया गया। सहायक कलेक्टर मोहन भार्गव, संयुक्त कलेक्टर मुकेश रावटे एवं डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव के सौजन्य से सहायक आयुक्त आदिवासी विकास दुर्ग हेमन्त कुमार सिन्हा द्वारा भ्रमण की व्यवस्था की गई। जिसमें सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री सिन्हा, प्रशासकीय अधिकारी, शिक्षक एवं छात्रावास के अधीक्षक, अधीक्षिकाएं सम्मिलित हुए। भ्रमण से छत्तीसगढ़ के घोषित अनुसूचित क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च प्रकृति के संस्था में प्रवेश लेकर पढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। भ्रमण में आई.आई.टी. के संचालन तथा उक्त संस्था में अध्यापन कर रहे विषयों की पद्धति, प्रवेश पश्चात् दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त होगी। इससे छात्राओं को तत्कालीन कक्षा के पाठ्यक्रम में अध्ययन करते हुए उच्च से उच्च प्रतिशत प्राप्त करने का प्रोत्साहन मिलेगा।
ग्राम पंचायतों में विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का हुआ आयोजन
दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ अश्वनी देवांगन के मार्गर्दशन में स्वच्छता ही सेवा 2024 अंतर्गत 17 सितम्बर 2024 से 02 अक्टूबर 2024 तक सभी ग्राम पंचायतों में विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्रा.पं. रिसामा, ग्रा.पं. बरहापुर एवं ग्रा.पं. जामगांव आर में विकासखंड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्वच्छता ही सेवा 2024 अभियान अंतर्गत स्वभाव स्वच्छता से संस्कार स्वच्छता की थीम पर ग्रामीणों की भागीदारी के साथ गांव में ब्लैक स्पॉट सूखे कचरे की सफाई कर ग्रामीणों द्वारा स्वच्छता शपथ, स्वच्छता खेल, रैली, पेंटिंग, दीवार लेखन, गीत-संगीत, कला जत्था, मानव श्रृंखला, सेल्फी जोन, एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण कार्यक्रम गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रा.पं. रिसामा, ज.पं. दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में विधायक दुर्ग ग्रामीण श्री ललित चंद्राकर एवं जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेश कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे,। ग्रा.पं. बरहापुर, ज.पं. धमधा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक साजा ईश्वर साहू, जनपद पंचायत धमधा अध्यक्ष सरस्वती रात्रे एवं जनपद पंचायत धमधा की मुख्य कार्यपालय अधिकारी किरण कुमार कौशिक उपस्थित रहीं। ग्रा.पं. जामगांव आर, ज.पं. पाटन में आयोजित कार्यक्रम में जि.पं. दुर्ग के उपाध्यक्ष अशोक साहू एवं जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश कुमार कोठारी उपस्थित रहे।
वजन त्यौहार में जिला स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए : कलेक्टर
दुर्ग । कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने अधिकारियों की बैठक में कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में संचालित वजन त्यौहार की मॉनिटरिंग हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। कलेक्टर के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने वजन त्यौहार के दौरान बच्चों के वजन नापने की प्रक्रिया का विस्तारपूर्वक अधिकारियों को जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि वजन त्योहार के दौरान गुणवत्तापूर्ण कार्य हेतु अधिकारियों को मॉनिटरिंग का कार्य सौंपा जा रहा है। अधिकारी आंगनबाड़ी केन्द्र जहां पर वजन त्यौहार के दौरान बच्चों की जांच कर ली गई हो, ऐसे आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर 1-2 बच्चों के वजन और ऊंचाई की जांच समक्ष में कराएं। इसके अलावा केंद्र में रनिंग वॉटर, बिजली व पंखे की व्यवस्था और गैस सिलेण्डर की उपयोगिता आदि का भी अवलोकन करना है।
कलेक्टर सुश्री चौधरी ने विगत दिवस कलेक्टर कान्फ्रेंस में जिले में विभागीय कार्यों की स्थिति साझा करते हुए अधिकारियों से कहा कि प्रदेश में जिले का स्थान टॉप 5 से ऊपर हो इस पर अधिकारी विशेष ध्यान देवें। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी से स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाई जाए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को ऐसे स्कूली बच्चे जो दूसरे जिले से इस जिले के विद्यालय में अध्ययनरत् है, जिनका जाति प्रमाण पत्र इस जिले से नहीं बन सकता ऐसे बच्चों की विद्यालयवार संख्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों के प्रकरण संबंधित जिले के जिला शिक्षा अधिकारियों को भेज कर जाति प्रमाण पत्र बनवाने पहल किया जाए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने हाई-स्कूल स्तर पर संबंधित क्षेत्र के एसडीएम एवं तहसीलदार से समन्वय कर शिविर लगाने के निर्देश दिए। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार जाति प्रमाण पत्र बनाई जाए। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे बच्चे जिनके पालक के पास जाति के संबंध में कोई आधार न हो, ऐसे स्थिति में ग्राम सभा द्वारा अनुमोदित जाति को मान्य किया जाए और इसके आधार पर बच्चे का जाति प्रमाण पत्र बनाया जाए।
कलेक्टर सुश्री चौधरी ने एकीकृत किसान पोर्टल में कृषकों के पंजीयन के संबंध में अवगत कराया कि किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्विन करने की दृष्टि से कृषक पंजीयन की प्रक्रिया के सरलीकरण हेतु एकीकृत किसान पोर्टल विकसित किया गया है। इस हेतु शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देश अनुसार एकीकृत किसान पोर्टल में किसानों का नवीन पंजीयन तथा पंजीकृत फसल/रकबे में संशोधन की कार्यवाही 31 अक्टूबर तक की जाएगी। पोर्टल में पंजीकृत किसानों के डाटा का कैरी फारवर्ड करने, नवीन कृषकों के पंजीयन/संशोधन की कार्यवाही प्राथमिक कृषि शाख-सहकारी समिति स्तर से किया जाना है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को भी आरईओ वार पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर सुश्री चौधरी ने जिले के सभी नगरीय निकायों में ओबीसी सर्वे की समीक्षा कर इसमें सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को बीएलओ के साथ निकाय के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये। साथ ही 25 सितम्बर तक सर्वे कार्य पूर्ण कराने निर्देशित किया है।
कलेक्टर सुश्री चौधरी ने कहा कि भारत सरकार की परियोजनाओं के अंतर्गत जिले में निर्माणाधीन कार्यों से प्रभावित किसानों का मुआवजा राशि का भुगतान समय पर हो यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गेल, पावर ग्रिड टावर एवं भारत माला परियोजना से प्रभावितों के मुआवजा राशि वितरण हेतु संबंधित एसडीएम को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि जिले के सभी स्कूली बसों में जीपीएस सिस्टम और पैनिंग बटन लगाना जरूरी है। उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी से इस हेतु आवश्यक पहल करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार विभागों में उपलब्ध 15 वर्ष से पुरानी शासकीय वाहनों को स्क्रैप किया जाना है। इसके लिये 15 वर्ष पुरानी शासकीय वाहनों का डाटा परिवहन विभाग के साफ्टवेयर 0.4 में उपलब्ध होना आवश्यक है। ऐसे सभी वाहनों का 30 नवम्बर 2024 तक राइट-ऑफ होना है। उन्हांेने अधिकारियों को शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक ऐसे वाहनों की जानकारी कलेक्टोरेट में उपलब्ध कराने कहा है।
कलेक्टर सुश्री चौधरी ने समीक्षा के दौरान सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत निर्माण कार्यों के टीएस, यूसी/सीसी जिला योजना सांख्यिकी कार्यालय को उपलब्ध कराने और आयुष्मान कार्ड बनाने में प्रगति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने स्कूलों में उपस्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को एलर्ट सिस्टम पर विशेष जोर देेने कहा। इसी प्रकार स्कूल जतन योजना अंतर्गत गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कार्य नहीं होने पर संबंधित संस्था प्रमुख के रिपोर्ट अनुसार निर्माण एजेंसी विभाग द्वारा कान्टेªक्टर पर कार्यवाही सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत मुआवजा राशि वितरण प्रारंभ करने संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया। कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी स्कूलों में मध्यान्ह भोजन पकाने हेतु गैस सिलेण्डर का उपयोग किया जाए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने विभागीय समय-सीमा प्रकरण, मुख्यमंत्री जनदर्शन, जनशिकायत निवारण एवं कलेक्टर जनदर्शन के निराकृत प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को 31 जुलाई के पहले के सभी आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिये। बैठक में आगामी 21 सितम्बर 2024 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया गया। साथ ही संबंधित विभागों को 20 सितम्बर तक कलेक्टोरेट में जानकारी उपलब्ध कराने कहा गया है।
बैठक में एडीएम अरविन्द एक्का, सहायक कलेक्टर एम. भार्गव, जिला पंचायत के सीईओ अश्वनी देवांगन, अपर कलेक्टर बी.के. दुबे, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त लोकेश चन्द्राकर, नगर निगम रिसाली के आयुक्त मोनिका वर्मा, नगर निगम भिलाई चरौदा के आयुक्त दशरथ राजपूत, नगर निगम भिलाई के प्रभारी आयुक्त अशोक द्विवेदी, संयुक्त कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी एवं विजेन्द्र सिंह, सभी एसडीएम, सभी जनपद सीईओ एवं समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
आबकारी सचिव ने ली आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक
दुर्ग। राज्य शासन के आबकारी विभाग की सचिव आर संगीता ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी की उपस्थिति में आबकारी विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से मदिरा दुकानों में संलग्न सेल्स मेन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे जिले की सभी दुकानों का निरीक्षण करें और ध्यान रखे कि किसी भी दुकान में निर्धारित कीमत से ज्यादा कीमत पर मदिरा विक्रय ना किया जाए। साथ ही मदिरा दुकानदार को वर्दी में रहने के निर्देश दिए। आबकारी अधिकारी को हर महीने दुकानों का ऑडिट करने को कहा। सेटअप के संदर्भ में उन्होंने आश्वासन दिया कि विभागीय पदोन्नति एवं रिक्त पदों को भरने की कार्यवाही शीघ्र ही किया जाएगा। बैठक में प्रबंध संचालक श्याम धावरे, एसपी जितेन्द्र शुक्ला, सहायक कलेक्टर एम.भार्गव, आबकारी अधिकारी राजेश जायसवाल सहित आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
"गणेश चतुर्थी पर यातायात नियमों का पालन करें: पुलिस अधीक्षक की अपील"
दुर्ग: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आगामी त्यौहार सीजन को देखते हुए यातायात अधिकारियों की बैठक ली गई। उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) द्वारा यातायात व्यवस्था हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। भीड़ भाड़ इलाके मे लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गये है।
यातायात नियमों के उलंघन करने पर कड़ी कार्यवाही होगी। गणेश चतुर्थी पर जाम ना लगे इसलिए जगह-जगह पर पेट्रोलिंग लगेगी। आम नागरिकों से अपील है कि बाजार में वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करे सड़क में वाहन पार्क ना करे।उप पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा शहर के लोगो से अपील की है
वे यातायात नियमों का पालन करते हुये वाहन चलाये ताकि वे स्वयं को सुरक्षित रखें एवं दूसरो को भी सुरक्षित चलने दे और अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन व्यतीत कर सके। यातायात से संबंधित किसी भी प्रकार की सुझाव एवं शिकायत के लिसे यातायात द्वारा जारी वाट्सअप नंबर (9479192029) पर सूचना/ जानकारी दे सकते है।