छत्तीसगढ़ / दुर्ग
महामहिम राष्ट्रपति महोदया के आगमन पर निगम भिलाई की तैयारी वृहद रूप से
भिलाईनगर। महामहिम राष्ट्रपति महोदया का प्रवास आई.टी. भिलाई दिक्षांत समारोह के लिए हो रहा है। जिसको देखते हुए नगर निगम भिलाई के आयुक्त बजरंग दुबे के नेतृत्व में कार्यो का संपादन निरंतर किया जा रहा है। जिसमें प्रमुख रूप से सभी जोन कमिश्नर, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, राजस्व अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी, सड़को पर आवारा मवेशियो को पकड़ने वाले दल, राजस्व का अमला आदि की डयूटी लगाई गई है। सभी जोन कमिश्नर अपने-अपने क्षेत्र में महामहिम के आमगन रूट से सड़क बाधा एवं अवैध बेनर पोस्टर हटवाने का कार्य कर रहे है। जोन कमिश्नर अपने-अपने रूट पर टीम के साथ लगातार गस्त भी कर रहे है।
कुम्हारी टोल प्लाजा से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अभियंताओ द्वारा सड़क के गडडे भराई का कार्य संपादित करवाया जा रहा है। निगम भिलाई के अधीक्षण अभियंता स्वयं अपने देखरेख में संबंधित कार्यो का अवलोकन कर रहे है। जिससे महामहिम के आमगन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही हेलिपेड के निर्माण कार्य के दौरान जल की व्यवस्था, सड़क मार्ग से आवारा पशुओ इत्यादि को हटाने का भी कार्य किया जा रहा है। नगर निगम भिलाई के सभी अधिकारी कर्मचारी, नागरिकगण महामहिम राष्ट्रपति महोदया के प्रथम भिलाई आगमन का हर्षोल्लास के साथ स्वागत करने के लिए उत्सुक है।
आईआईटी भिलाई में राष्ट्रपति मुर्मु छात्रों को अपने हाथों से प्रदान करेंगी डिग्री
भिलाई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई अपना तीसरा और चौथा दीक्षांत समारोह 26 अक्टूबर 2024 शनिवार को आईआईटी भिलाई के परिसर नालंदा हॉल में आयोजित करेगा। दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम में विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित होंगे।
इस संबंध में गुरुवार को आईआईटी भिलाई के डायरेक्टर प्रो राजीव प्रकाश ने प्रेसवार्ता के जरिए जानकारी दी। प्रो राजीव प्रकाश ने बताया कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की आईआईटी भिलाई की पहली यात्रा होगी। वे भिलाई में भी पहली बार पहुंच रही हैं जो कि इस शहर के लिए गर्व का विषय है। प्रो राजीव प्रकाश ने दीक्षांत समारोह की रूपरेखा विस्तार पूर्वक बताते हुए कहा कि इस दीक्षांत समारोह में 2023 और 2024 में स्नातक करने वाले 396 छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी।
2023 बैच के स्रातक छात्रों में 13 पीएचडी, 11 एमएससी, 27 एमटेक, 13 बीटेक (ऑनर्स) और 123 बीटेक स्रातक शामिल हैं। 2024 के स्नातक वैच में 8 पीएचडी, 20 एमएससी, 19 एमटेक, 12 बीटेक (ऑनर्स) और 150 बीटेक छात्र शामिल हैं। प्रो राजीव प्रकाश ने बताया कि संस्थान द्वारा स्वर्ण पदक बीटेक के छात्रों को उनके बैच में उच्चतम सीजीपीए के लिए प्रदान किया जाता है। जबकि बीटेक और एमटेक छात्रों को अकादमिक और पाठ्येतर डोमेन दोनों में उनके समग्र प्रदर्शन के आधार पर निदेशक स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाता है। बीटेक, बीटेक (ऑनर्स) और एमएससी में समग्र शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सर्वश्रेष्ठ छात्रा को निदेशक स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाता है।
सीनेट पुरस्कार विभिन्न शाखाओं और कार्यक्रमों में उच्चतम सीजीपीए वाले छात्रों को दिए जाते हैं। इस दीक्षांत समारोह में 2023 के बैच के तेरह छात्रों और 2024 के वैच के दस छात्रों की सीनेट पुरस्कारों के लिए सिफारिश की गई है। उन्होंने आगे बताया कि इतने कम समय में आईआईटी केम्पस बन कर तैयार हो गया और यहां शिक्षा अध्यापन का कार्य कम समय में ही प्रारंभ हो गया है। इसके अलावा आईआईटी भिलाई को सुख रही पैरी नदी में पानी कैसे रहे व बरसात की पानी को यहां कैसे संचित किया जाये, इस कार्ययोजना की जिम्मेदारी भी आईआईटी भिलाई को मिली है, जो हमारे लिए एक उपलब्धि है।
राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए अस्सी पुलिस अधिकारियों के साथ पांच सौ से अधिक पुलिस जवान हुए मुस्तैद-एसपी शुक्ला जिले के एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि शनिवार 26 अक्टूबर को भिलाई आईआईटी में दीक्षांत समारोह में भाग लेने देश की राष्ट्रपति द्रोपती मुर्मु, राज्यपाल रमेन डेका व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आ रहे है। इनकी सुरक्षा के लिए पांच सौ से अधिक पुलिस जवान और 80 से अधिक पुलिस अधिकारी पूरी तरह से मुस्तैद है, सुरक्षा के दृष्टिकोण से कई बार पुलिस रिहर्सल भी कर चुकी है। आईआईटी के चप्पे चप्पे पर पुलिस जवान अभी से तैनात कर दिये गये है, पुलिस की हर चीज पर पैनी नजर रहेगी। वहीं सेना का हेलिकाप्टर भी जिसमें राष्ट्रपति आ रही है,वह आईआईटी में गुरूवार को विजिट किया।
भिलाई में बच्चा अहरण का प्रयास, बाबाओं के भेष में पहुंचे अपहरणकर्ता
भिलाई । नगर के खुर्सीपार क्षेत्र के गणेश मंदिर के पास गुरूवार की सुबह करीब 11 से 12 बजे के आस पास बाबा के भेष दो लोग एक दस साल के बच्चे का अपहरण करने का प्रयास किये। लेकिन बच्चे के सूझ बूझ के कारण बच्चा अपहरण होने से बच गया। बच्चे का अपहरण करने वाले दोनो बाबाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह खुर्सीपार गणेश मंदिर के पास बाबा के भेष में दो लोग बच्चे को बहला फुसलाकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे।
इस दौरान बच्चे की सूझबूझ के कारण वे सफल नहीं हो पाए। इस दौरान लोगों की भी नजर दोनों पर पड़ गई। आनन फानन में लोगों ने पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भारी हंगामे के बीच पुलिस ने दोनों बाबाओं को हिरासत में ले लिया है। मिली जानकारी के अनुसार खुर्सीपार के गणेश मंदिर के पास बाबा के भेष में भगवा वस्त्र पहने दो व्यक्ति सड़क से गुजर रहे एक करीब 10 साल के बच्चे को बिस्किट दे रहे थे। बच्चे ने बिस्किट लेने से मना किया तो दोनों उसे बोरे में भरने का प्रयास करने लगे तो बच्चा चिल्लाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां जमा हो तो बाबा भेषधारी दोनों वहां से भाग गए।
तत्काल लोगों ने इसकी सूचना खुर्सीपार पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ ही देर में दोनों बाबा भेषधारी व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। लोगों की मदद से लिया हिरासत में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाबा के भेष में बच्चे को अगुवा करने का प्रयास किया गया। बच्चे ने बताया कि वह अपने पिता को टिफिन देने दोपहर में जाता है। गुरुवार को 11 से 12 बजे के बीच वह टिफिन देने निकला और वापस लौटते समय यह हादसा हुआ।
इसके बाद इसकी सूचना खुर्सीपार पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बाबा को हिरासत में लिया गया है। तेजी से फैली बच्चा चोरी की खबर बाबाओं द्वारा बच्चा चोरी की खबर खुर्सीपार में यह खबर तेजी से फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए थे। खुर्सीपार में इस तरह की अफवाह तेजी से फैलती है। इस वजह से जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस मामले को बच्चा चोर गिरोह या बच्चा अगवा करने वाले सक्रीय हो गए हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और और दोनों बाबाओं से अभी पूछताछ की जा रही है।
आचार्य सरयूकान्त झा जन्मशताब्दि समारोह का हुआ आयोजन
भिलाई। आचार्य सरयू कान्त झा का स्नेह और आशीर्वाद मुझे भी मिलता रहा। उनसे मेरी निकटता थी। उनके लिये मुझसे जो आशा की गयी उसे मैं अवश्य पूरी करुंगा। हाल ही में रायपुर में सम्पन्न आचार्य सरयूकान्त झा जन्म शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि की आसन्दी से सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ये बातें कहीं। इस दौरान प्रो.बालचन्द कछवाह, भिलाई के आचार्य डॉ. महेश चन्द्र शर्मा, राजधानी के भाषाविद् डॉ. चितरंजन कर, इतिहासविद् डॉ. रमेन्द्रनाथ मिश्र एवं पं.नर्मदा प्रसाद मिश्र 'नरमÓ मंचस्थ थे।
अतिथियों ने स्मारिका-पत्रिका सरयू प्रवाह का लोकार्पण भी किया। इस दौरान आचार्य डॉ. महेश चन्द्र शर्मा ने कहा कि आचार्य सरयू कान्त झा शिष्यों के संवर्धक थे, वे उन्हें बढ़ावा देते रहे। देवी सरस्वती की पूजा अर्चना और झा दम्पत्ति के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। झा परिवार की बहन-बेटियों ने सुमधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मंचस्थ अतिथियों के साथ विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले भी सम्मानित किये गये। आचार्य सरयू कान्त झा स्मृति संस्थान के सचिव पं. शारदेन्दु झा और कवयित्री अनिता झा समेत पूरी टीम ने कार्यक्रम को सफल बनाया। आयोजन में आचार्य पं. सरयूकान्त झा के विचारों के अनुरूप शिक्षा नीति,संस्कृति और वर्तमान सन्दर्भ विषय पर समूह चर्चा भी हुई।
जिसमें डॉ.माणिक विश्वकर्मा 'नवरंगÓ, डॉ.चितरंजन कर, संजीव ठाकुर एवं डॉ.महेन्द्र ठाकुर ने अपने विचार रखे। अन्त में आचार्य डॉ. महेश चन्द्र शर्मा ने समीक्षा कर सार संक्षेप रखते हुवे कहा कि संस्कार के बिना शिक्षा शव के समान है। नयी शिक्षा नीति में भारतीय ज्ञान परम्परा और संस्कृति की महत्ता को रेखांकित किया गया है। प्रो.रमेन्द्र मिश्र ने याद दिलाया कि आचार्य सरयू कान्त झा की प्रेरणा से बृजमोहन अग्रवाल के उच्च शिक्षा मंत्री रहते हुए छत्तीसगढ़ संस्कृत विश्वविद्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव विधानसभा में पारित किया गया था।
अब उसे क्रियान्वित किया जा सकता है। मौके पर उपस्थित आचार्य डॉ. महेश चन्द्र शर्मा सहित सभी ने इसका करतल ध्वनि से स्वागत किया। जहां परिवार के लोगों ने पारिवारिक संस्मरण सुनाए। वहीं शिष्य मण्डली ने उनके शिक्षा-संस्कृति सेवा कार्यों के पुनीत स्मरण किया। श्रीमती शुभा झा बैनर्जी ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।
स्काउट्स एवं गाइड्स की तीन दिवसीय शिविर का शुभारम्भ
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग एवं भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ, भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में 23 अक्टूबर को स्काउट्स और गाइड्स का तीन दिवसीय शिविर का शुभारम्भ बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-4 शाला भवन में किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक शिक्षा एवं जिला मुख्य आयुक्त स्काउट/गाइड श्रीमती शिखा दुबे उपस्थित थी। शिविर के प्रारंभ में स्काउट गाइड प्रार्थना के पश्चात ध्वजारोहण किया गया और सभी स्काउट एवं गाइड द्वारा ने झंडा गीत गाया गया। इसके पश्चात रैली का शुभारंभ किया गया।
कैंपिंग गतिविधियों में भाग लेने के लिए 9 स्कूलों के 226 छात्र शामिल हुए हैं। मुख्य अतिथि श्रीमती शिखा दुबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्काउट गाइड को अपना आदर्श वाक्य तैयार रहो हमेशा याद रखना चाहिए। उन्हें जीवन भर अनुशासन का पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से यह भी कहा कि इस रैली के दौरान किया गया टीम वर्क और समन्वय जीवनपर्यंत उनके काम आएगा। उन्होंने तीन दिवसीय रैली के लिए प्रतिभागी स्कूलों, स्काउट्स एवं गाइड्स और उनके शिक्षकों को शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर उप महाप्रबंधक खेल-शिक्षा राजेंद्र प्रसाद, जिला आयुक्त गाइड एवं बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-10 की प्राचार्य श्रीमती सुमिता सरकार, बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-7 की प्राचार्य श्रीमती रूबी बर्मन रॉय, जिला आयुक्त स्काउट एवं भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के प्राचार्य विजय सिंह पवार, जिला सचिव एवं भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 की वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती सरिता शाक्य, कोषाध्यक्ष स्काउट/गाइड और हायर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-11 की प्राचार्य श्रीमती उर्वशी साहू, उप प्रबंधक शिक्षा श्रीमती वी आर कटियार तथा श्री अशोक सिंह सहित विभिन्न बीएसपी स्कूलों के प्रमुख भी उपस्थित थे।
बीएसपी के ग्राहकों के लिए विपणन विभाग द्वारा कस्टमर मीट का आयोजन
भिलाई। सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के विपणन विभाग द्वारा 22 अक्टूबर 2024 को विपणन विभाग में ग्राहक एवं हितधारकों के विभिन्न मुद्दों व शिकायतों को दूर करने और उन्हें विभिन्न प्रणालीगत सुधार के बारे में जागरूक करने के लिए एक कस्टमर मीट का आयोजन किया गया है।
इस आयोजन के माध्यम से सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा अपने ग्राहकों तथा अन्य हितधारकों के लाभ के लिए उठाए गए पारदर्शी और नैतिक व्यवसाय प्रथाओं को बनाए रखने की दिशा में किए गए प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों के सेकेण्डरी प्रोडक्ट एवं सामग्रियों की बिक्री से जुड़े क्रेताओं व विक्रेताओं ने भाग लिया, जिनमें डिफेक्टिव स्टील स्क्रैप, स्लैग, कोल केमिकल, पिग आयरन तथा कमर्षियल रेल शामिल हैं। संबंधित विभागों जैसे सतर्कता विभाग, वित्त विभाग, सी एंड आईटी, मेटल जंक्शन आदि के संबंधित अधिकारियों ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक सामग्री प्रबंधन, ए के चक्रवर्ती भी उपस्थित थे। बैठक में ग्राहकों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं और कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्राहकों को मेटल जंक्शन प्लेटफॉर्म में हाल ही में हुए विकासों, डिलीवरी ऑर्डर के डिजिटलीकरण से संबंधित बीएसपी में एसएपी प्रणाली, ग्राहकों के लिए डिलीवरी ऑर्डर की स्थिति देखने हेतु मोबाइल ऐप और सीएनआईटी विभाग द्वारा वैन के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान के विषय में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन सतर्कता विभाग के सहयोग से भिलाई इस्पात संयंत्र के विपणन विभाग द्वारा किया गया।
भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा 28 अक्टूबर से 03 नवम्बर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह- का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष के सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2024 का विषय सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि है। सतर्कता विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाता है।
महापौर ने कलेक्टर को सौंपा मांग पत्र
दुर्ग। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत शहर मे विभिन्न स्थानों पर बीएसएनएल एवं शहर के सड़क किनारे व वार्डो के भीतर सीएसपीडीसीएल विद्युत विभाग के बहुत पुराने एवं अनुपयोगी पोल जहां-तहां लगे हुए है, जिसके कारण दुर्घटना हो रही है, व्यर्थ ही आवागमन मे अवरोध तथा अतिक्रमण मे सहायक, पार्किंग एवं सौंदर्याकरण हेतु बाधा बने हुए है। ऐसे खम्भों को हटाया जाना आवश्यक होगा।
उन्होंने कहा सभी अनुपयोगी खम्भों को जांचकर शीघ्र हटाये जाने संबंधित विभाग को निर्धारित समयावधि देकर हटाये जाने निर्देशित करने की चर्चा की। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी से नगरीय निकाय निर्वाचन 2024 हेतु दुर्ग शहर के सभी मतदान केन्द्रों मे 16.10.24 से 23.10.24 तक नाम जोडऩे का कार्य किया जा रहा है। जिसमें 01 जनवरी 2024 तक जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, केवल उन्हीं युवाओं का नाम जोड़ा जा रहा है। जबकि उसके पश्चात् दस माह और बीत चुका है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान आवेदन जमा करने के अंतिम दिनांक तक जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष हो चुकी है उन सभी मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट मे जोड़ा जाना आवश्यक है। जिससे कि वे अपने मताधिकार का सही समय पर उपयोग कर सके। वर्तमान दिनांक तक जिन युवक-युवतियों की उम्र 18 वर्ष हो चुकी है उन सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची मे प्राथमिकता से जोड़े जाने का आदेश/निर्देश अपने अधीनस्थ अधिकारी कर्मचारी को शीघ्र प्रदान की बात कही।
इसके अलावा महापौर धीरज बाकलीवाल ने सभापति राजेश यादव, एमआईसी संजय कोहले,दीपक साहू,हमीद खोखर,मनदीप सिंह भाटिया,पार्षद विजेंद्र भारद्वाज,सतीश देवांगन,प्रकाश जोशी,काशीराम रात्रे,मनीष कुमार बघेल के साथ महापौर ने कलेक्टर से फिल्टर प्लांट 42 एमएलडी के सबस्टेशन के इनर पैनल को आउट डोर करने तथा 24 एवं 42एमएलडी फिल्टर प्लांट में आवश्यक सिविल कार्य हेतु डीएमएफ फण्ड से राशि स्वीकृत की पत्र द्वारा मांग की है।
महापौर ने कहा कि रायपुर नाका नगर पालिक निगम 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट के सब स्टेशन में नमी आने के कारण लगातार जलप्रदाय बाधित होने से शहर वासियों को परेशानी हो रही है। जिसके स्थाई समाधान हेतु 42 सबस्टेशन को आउट डोर सिस्टम करने हेतु राशि 28.55 लाख /- तथा फिल्टर प्लांट परिसर के ड्रेनेज सिस्टम सबस्टेशन पहुंच मार्ग, सुरक्षा हेतु पुरानी दिवाल के ऊंचाई बढाने तथा अन्य सिविल रिनोवेशन कार्य हेतु राशि क्रमश: 40.42 लाख, कुल योग - 68.97 लाख, राशि डीएमएफ मद से स्वीकृत करने की मांग की गई है।
महिलाओं ने मोमबत्ती बेचकर कमाये 20 हजार रूपए
दुर्ग। बच्चों का पालन पोषण और घर के कार्य में अपना समय व्यतीत करने वाली महिलाएं आत्मनिर्भर नारी के रूप में ग्राम पंचायत में उभर कर अपनी एक अनोखी छाप छोड़ रही है। बस्तर सरस मेला में महिलाओं द्वारा 20 हजार रूपए की मोमबत्ती विक्रय की गई। दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत बोरीगारका की श्रीमती पुष्पा साहू ने सिद्धी स्व सहायता समूह से जुड़ कर गांव की अन्य महिलाओं के साथ बिहान योजना में कार्य करना शुरू किया। कार्य करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर योजना के तहत बैंक से ऋण लेकर अचार, पापड़, मोमबत्ती, दीया एवं केक का प्रशिक्षण प्राप्त कर अन्य महिलाओं के साथ व्यवसाय प्रारंभ किया।
आज महिलाओं को घरेलू व्यवसाय से साल भर में एक से 2 लाख रूपए तक की आमदनी प्राप्त हो रही है, जिससे वह अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में खर्च कर रही है। श्रीमती पुष्पा व्यवसाय ने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए एक स्कूटी खरीदी, जिसके माध्यम से वह अपने उत्पादों को गांव-गांव में पहुंचा रही है। श्रीमती साहू ने अपने बच्चे की उच्च शिक्षा के लिए बिलासपुर पीएससी कोचिंग में दाखिला कराया है।
पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली महिलाएं दीवाली के लिए विशेष रूप से मोमबत्ती, दीये व सजावटी समान बनाकर गांव से शहर तक पहुंचा रही है। श्रीमती पुष्पा साहू स्वयं प्रशिक्षित होकर राजनांदगांव, रायपुर, बेमेतरा जिले के गांवों की महिलाओं को भी प्रशिक्षण दे रही है और उनकों प्रेरित कर आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने बताया कि समूह का गठन 22 मई 2015 में किया गया, जिसमें कुल 11 सदस्य है। समूह गठन होने के बाद बैंक से लोन लेकर आचार बनाने का कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि अचार विक्रय से अच्छी आमदनी होने लगी, तत्पश्चात समूह की महिलाओं ने मोमबत्ती बनाने की ट्रेनिंग ली जिससे महिलाओं को अधिक मुनाफा होने लगा।
श्रीमती पुष्पा ने बताया कि अब इतनी अच्छी आमदनी हो रही है कि मोमबत्ती दूसरे जिले- रायपुर, बालोद, कवर्धा, बस्तर, जगदलपुर स्थानों में जाने लगी है, जिससे हमारी आर्थिक स्थिति में सुधार आया। उनकों इस उपलब्धि और कार्यो को देखते हुए जिला पंचायत के परिसर में 26 एवं 27 अक्टूबर को लगने वाले बिहान बाजार में स्टॉल लगाने का मौका दिया गया है। अब सिद्धी स्व सहायता समूह की महिलाएं मोमबत्ती, अचार के अलावा बड़ी, पापड़ और केक बनाने का भी कार्य कर रही है।
वायनाड से प्रियंका गांधी ने भरा नामांकन, वोरा बोले देश की आवाज़ को मिलेगा नया नेतृत्व
दुर्ग। केरल के वायनाड में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज अपने राजनीतिक करियर का एक बड़ा कदम उठाते हुए लोकसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने प्रियंका गांधी की उम्मीदवारी को एक महत्वपूर्ण मोड़ बताते हुए कहा, प्रियंका गांधी का जीवन त्याग, सेवा और बलिदान का प्रतीक है। उनकी जीत से न केवल वायनाड, बल्कि पूरे देश की आवाज़ को संसद में एक सशक्त नेतृत्व मिलेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि वायनाड की जनता उन्हें लाखों वोटों से विजयी बनाएगी।
अरुण वोरा ने प्रियंका गांधी के योगदान पर जोर देते हुए कहा, जब वह उत्तर प्रदेश की महासचिव थीं, उन्होंने महिलाओं के लिए 40 प्रतिशत आरक्षण के साथ 150 महिलाओं को चुनाव लडऩे का अवसर दिया। वह हमेशा पार्टी और संगठन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता बेजोड़ है, और अब वह संसद में देश की आवाज़ को बुलंद करेंगी। राहुल गांधी ने भी अपनी बहन की उम्मीदवारी पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, प्रियंका गांधी वायनाड की जनता की सशक्त आवाज़ बनेंगी और संसद में उनके हितों का मजबूती से प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रियंका गांधी का यह पहला लोकसभा चुनाव होगा, और उनकी जीत कांग्रेस के लिए एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि मानी जा रही है।
इस नामांकन के दौरान उनके साथ सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद थे। प्रियंका ने रोड शो के माध्यम से लोगों को संबोधित किया और कांग्रेस की ताकत को प्रदर्शित किया। प्रियंका गांधी का यह पहला लोकसभा चुनाव है, और उनकी उम्मीदवारी ने कांग्रेस के समर्थकों में नई ऊर्जा का संचार किया है। पार्टी के नेताओं ने वायनाड में प्रियंका के नामांकन को कांग्रेस की ताकत और एकजुटता के प्रतीक के रूप में देखा है। उनकी उपस्थिति से संसद में न केवल वायनाड बल्कि पूरे देश की जनता की आवाज़ को मजबूती मिलेगी, जिससे उनकी प्रभावशाली राजनीतिक यात्रा की एक नई शुरुआत होगी।
सीजू एन्थोनी संभालेंगे महापौर की जिम्मेदारी
भिलाई। नगर निगम भिलाई के महापौर नीरज पाल पारिवारिक कारणों से महापौर का कार्य सुचारू रूप से संपादित नहीं कर पा रहे है। इसे देखते हुए महापौर नीरज पाल अपने जगह पर वरिष्ठ पार्षद राजस्व प्रभारी एमआईसी सदस्य सीजू एन्थोनी को अपने दायित्व को संपादित करने के लिए दायित्व सौंपा है। मंगलवार को एमआईसी के सदस्यों व सत्ता पक्ष के पार्षदों ने संयुक्त रूप से आयुक्त बजरंग दुबे को इसकी जानकारी दी। चर्चा के दौरान महापौर सीजू एन्थोनी द्वारा आयुक्त से विभिन्न मुददों पर चर्चा किया गया। विशेष करके मदर्स मार्केट को लेकर जहां पर अन्य किसी प्रकार की दुकान नहीं खोलने की मांग किये।
इसी तारतम्य मे दिवाली एवं छठ पर्व को देखते हुए नगर की स्ट्रीट लाईट एवं बाजारो की लाईट व्यवस्था सृदृढ़ करने को कहा। इसके साथ ही सभी तालाबो की साफ-सफाई, बाजारो की पार्किग व्यवस्था, जोन-03 में जोन आयुक्त की नियुक्ति के संबंध में भी पार्षदों द्वारा चर्चा किया गया। साथ में निगम के रूटिन कार्यो को शीघ्रता से संपादित करने हेतु भी कहा गया। आयुक्त दुबे द्वारा सभी मुददो पर चर्चा के बाद आश्वासन दिया गया कि सभी मुददों पर उचित कार्यवाही की जाएगी। हमने सभी जोन आयुक्तो को पूर्व में ही उक्त कार्यो हेतु निर्देशित कर दिया है।
सेल प्रतिष्ठित एसएचआरएम एचआर उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित
दुर्ग। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड को हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित एसएचआरएम इंडिया वार्षिक सम्मेलन -2024 में 'समावेश, समानता और विविधता में उत्कृष्टता और 'डिस्ट्रीब्यूटेड वर्कफोर्स प्रबंधन में उत्कृष्टता श्रेणियों में एसएचआरएम-एचआर उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। ये पुरस्कार सेल द्वारा देश भर में फैले अपने विभिन्न संयंत्रों और इकाइयों में, संगठन के कार्यबल के समावेशी विकास के लिए अपनाई जा रही अग्रणी मानव संसाधन प्रणालियों और पहलों का प्रमाण हैं। कंपनी अपने कार्मिकों को अपनी सफलता का मूल आधार और अपने सभी परिचालनों का केंद्रबिन्दु मानती है। कंपनी बेहतर कार्मिक प्रेरणा और जुड़ाव के लिए लगातार विभिन्न कदम उठा रही है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जयंत चौधरी ने उपरोक्त सम्मेलन के दौरान श्रोताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर उद्योग जगत के कई दिग्गजों ने भी अपने विचार और अंतर्दृष्टि साझा किए। एक संवाद सत्र के दौरान, सेल निदेशक कार्मिक के. के. सिंह ने सेल द्वारा अपनाए गए अभिनव मानव संसाधन प्रणालियों को साझा किया और समकालीन 'प्रतिस्पर्धी व्यावसायिक वातावरण में एक रिजि़लिअन्ट वर्कफोर्स बनाने में मानव संसाधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
आत्मानंद स्कूल में सेवानिवृत्त शिक्षकगणों को दी गई भावभीनी विदाई
भिलाई। स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय औद्योगिक क्षेत्र हाउसिंग बोर्ड भिलाई में सुदीर्घ सेवाओं के बाद सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को भावभीनी विदाई दी गई। प्राचार्य दीप्ति तिवारी, शिक्षकगणों और शाला परिवार के समस्त सदस्यों ने इन सेवानिवृत शिक्षकों को उपहार देकर सम्मानित किया तथा सेवानिवृत्ति के उपरांत जीवन के नए पड़ाव की शुभकामनाएं दी।
इन सेवानिवृत्त शिक्षकों में कंचन लता घई, मिनाली देशपांडे, अंगेश्वर देशकर, और एयू खान को भावभीनी विदाई दी गई। प्राचार्य श्रीमती तिवारी के साथ शिक्षकगणों रूबी जॉनसन, हरेंद्र तोमर, ए दिल्लीवार और निधि पटेल ने सभी सेवानिवृत शिक्षकों की कर्तव्य निष्ठा और उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
इस दौरान कुछ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सुमधुर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। सेवानिवृत हुए शिक्षकगणों ने अपना सेवाकाल याद किया तथा सम्मान के लिए आभार जताया। इस दौरान बीके दास, जेके शुक्ला, डीडी वर्मा, विनय चंद्राकर, आडिल, रिंकू चक्रवर्ती, ललिता सिंह, माया वाहने, ऋतु वर्मा, प्रीत कौर, प्रेम लता बघेल, लीना देवांगन, पी देशमुख, यशोदा साहू, उषा रानी वर्मा और रेखा जनबंधु के साथ छात्र-छात्राओं ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दी।
नगर निगम दुर्ग की सामान्य सभा 25 को होगा
दुर्ग। नगर निगम के सभापति राजेश यादव ने सामान्य सभा की बैठक 25 अक्टूबर शुक्रवार को बुलाई है।बता दे कि सामान्य सभा की बैठक दिनांक 30 सितंबर 2024 को आयोजित की गई थी जिसे अपरिहार्य कारणों से आगामी आदेश तक स्थगित किया गया था।
सामान्य सभा बैठक शुक्रवार को समय 11.00 बजे से नगर पालिक निगम, दुर्ग स्थित श्रद्धेय मोतीलाल वोरा सभागार भवन में आयोजित की जावेगी। दीपावली के पहले 25 अक्टूबर को नगर निगम की सामान्य सभा होगी।
शहीद स्मारक ग्राउण्ड में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया
दुर्ग। विगत 21 अक्टूबर को प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई प्रांगण में स्थापित शहीद स्मारक ग्राउण्ड में पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि रामगोपाल गर्ग भा.पु.से. पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज दुर्ग ने बताया कि आज से 65 वर्ष पूर्व 21 अक्टूबर, 1959 को भारत और तिब्बत के बीच 2,600 मील की सीमा की सुरक्षा के लिए तैनात सीआरपीएफ के 10 जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए लड़ते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
उन वीर पुलिस जवानों की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है और तब से लेकर आज पर्यन्त हम सभी एकत्रित होकर उन वीर पुलिस जवानों का स्मरण करते हैं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने देश की एकता व अखण्डता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति दी तथा देशप्रेम और बलिदान की सर्वोच्च परम्परा स्थापित की है। 21 अक्टूबर का यह दिन, उन सभी पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि देना है जिन्होंने कर्तव्य परायणता में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए तत्पश्चात्उ न्होंने 01 सितम्बर 2023 से 31 अगस्त 2024 तक कर्तव्य की वेदी पर शहीद हुए पुलिस जवानों के नामों का वाचन किया गया।
इस अवधि में 216 पुलिस जवान जिसमें आंध्र प्रदेश-02, अरूणाचल प्रदेश-02, असम-06, बिहार-15, छत्तीसगढ़-11, झारखण्ड-04, कर्नाटक-05, केरल-01, मध्यप्रदेश-23, महाराष्ट्र-03, णिपुर-06, मेघालय-01, नागालैण्ड-04, उड़ीसा-02, पंजाब-02, राजस्थान-20, तमिलनाडू-05, तेलंगाना-01, पुरा-03, उत्तर प्रदेश-02, उत्तराखण्ड-04, पश्चिम बंगाल-09, अण्डमान एण्ड निकोबार द्वीप-01, दिल्ली-05, जम्मू एण्ड कश्मीर-07, बीएसएफ-19, सीआईएसएफ-06, सीआरपीएफ 23, आईटीबीपी-06, एसएसबी-02, एफएस, सीडी एण्ड एचजी 02, आरपीएफ-14 के वीर पुलिस कर्मियों ने कर्तव्य परायणता के दौरान अपने प्राणों की आहूति दी है।
कार्यक्रम में कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी भा.प्र.से., राजेश कुकरेजा. भापुसे. सेनानी, प्रथम वाहिनी छ.स.बल भिलाई, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला भापुसे जिला दुर्ग, एम. भार्गव भाप्रसे परिवीक्षाधीन एडिशनल कलेक्टर, रामकृष्ण साहू भापुसे. पुलिस अधीक्षक, जिला बेमेतरा, एस.आर. भगत भापुसे, पुलिस अधीक्षक जिला बालोद, चिराग जैन, परिवीक्षीधीन भापुसे, वेदव्रत सिरमौर, अति. पुलिस अधीक्षक, दुर्ग, सत्यनारायण राठौर, अति. पुलिस अधीक्षक, दुर्ग, अरूण गजपाल, पुलिस अधीक्षक, दूरसंचार, सबा अंजुम, उप सेनानी, प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई, मीता पवार, उप सेनानी, 7वीं वाहिनी छसबल भिलाई, जयलाल मरकाम, सहायक सेनानी, प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई, संदीप मोरे, सहायक सेनानी, शिवकुमार निषाद, सहायक सेनानी, गोरखनाथ प्रसाद, सहायक सेनानी, सातवीं वाहिनी उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त दुर्ग संभाग के अंतर्गत पुलिस इकाइयों के अधिकारीगण, अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं शहीदों के परिवारजन उपस्थिति रहे। कार्यक्रम परेड में प्रथम वाहिनी, सातवीं वाहिनी भिलाई, 14वी वाहिनी धनोरा, 21वीं वाहिनी करकाभाट, जिला बालोद, जिला बेमेतरा का बल सम्मिलित था।
परेड द्वारा शहीदों को सलामी दी गई। मुख्य अतिथि रामगोपाल गर्ग पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग, राजेश कुकेरजा सेनानी, प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई, ऋचा प्रकाश चौधरी कलेक्टर, जिला दुर्ग जितेन्द्र शुक्ला पुलिस अधीक्षक दुर्ग एवं कार्यक्रम में उपस्थित बालोद, बेमेतरा, एसटीएफ, दूरसंचार, सेनानी प्रथम, सातवी वाहिनी, 14 वी वाहिनी, 21वीं वाहिनी एवं अन्य पुलिस राजपत्रित अधिकारी, कर्मचारी व शहीद के परिवारजनों के द्वारा शहीद स्मारक को श्रद्धांजली अर्पित की गई। इस दौरान शहीद परिवारजनों के भावुकता भरे पलों से सभी की आंखें नम हो गई। कार्यक्रम के अन्तिम दौर में मुख्य अतिथि रामगोपाल गर्ग भापुसे पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज के द्वारा शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों को शाल, श्रीफल भेंट कर उनकी समस्या सुनी और उनके तत्काल निराकरण के आदेश दिये।
युवाओं में सेवा-मानवता की भावना जागृत करना रेडक्रॉस का उद्देश्य : राज्यपाल डेका
जूनियर रेडक्रॉस मीट के समापन समारोह में शामिल हुए राज्यपाल
दुर्ग। राज्यपाल रमेन डेका मंगलवार को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी दुर्ग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण सह सदभावना शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रेडक्रॉस सोसायटी के पांच दिवसीय कार्यक्रम में 33 जिलों से आए छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ओवर ऑल बेहतर प्रदर्शन के लिए दुर्ग जिले को प्रथम एवं बालोद जिले को द्वितीय स्थान और नारायणपुर जिले से जूनियर बालिका कु. नीलिमा मण्डावी व कोरिया जिले से जूनियर बालक रमेश कुमार को सर्वश्रेष्ठ कैडेट से सम्मानित किया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी सीईओ एम.के.राउत, चेयरमेन अशोक कुमार अग्रवाल, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला रेडक्रॉस समिति की अध्यक्ष कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी सम्मलित हुए।समापन समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल डेका ने छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस मीट 2024 कार्यक्रम के लिए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने रेडक्रास के इस महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम का हिस्सा बनकर युवा स्वयंसेवकों के समर्पण और सेवा भावना को नमन किया जो देश के भविष्य हैं और समाज के प्रति अपनी ज़िम्मेदारियों को समझते हैं।
युवाओं में सेवा-मानवता की भावना जागृत करना रेडक्रॉस का उद्देश्य : राज्यपाल डेका
राज्यपाल ने कहा कि जूनियर रेडक्रास का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा और मानवता की भावना जागृत करना है, जिससे वे समाज की बेहतरी में योगदान दे सकें। रेडक्रॉस न केवल आप सभी को चिकित्सा सेवाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में मदद करने के गुर सिखाता है, बल्कि यह मानवता के प्रति आपकी संवेदनशीलता और सेवा भावना को भी प्रबल करता है। यह प्रशिक्षण शिविर आपको न केवल कौशल प्रदान करेगा, बल्कि जीवन के उन आदर्शों को भी सिखाएगा, जिनसे समाज में शांति, सद्भावना और एकता को बढ़ावा मिलता है। आज, पूरी दुनिया विभिन्न चुनौतियों से जूझ रही है। प्राकृतिक आपदाओं, महामारी या सामाजिक असमानताओं में मानव सेवा का यह पवित्र कार्य और भी अधिक महत्त्वपूर्ण हो जाता है। आप सभी रेडक्रास के इस मंच से सीखकर न केवल अपनी क्षमताओं को विकसित कर रहे हैं, बल्कि समाज के प्रति एक सशक्त योगदान दे रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि प्रशिक्षण सह सद्भावना शिविर में न केवल आपातकालीन सहायता, प्राथमिक चिकित्सा और आपदा प्रबंधन के संबंध में प्रशिक्षण दिया जा रहा है, बल्कि समाज में मानवता, शांति और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना, सामुदायिक विकास, सामाजिक समरसता, और नैतिक मूल्यों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। यह शिविर सभी को एक बेहतर नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि आप यहां से जो भी सीखकर जाएंगे अपने परिजनों को, मित्रों को भी अवश्य सीखाएं और बताएं ताकि आपाल कालीन परिस्थितियों में वे भी अन्य लोगों की सहायता कर सकें।
राज्यपाल डेका ने कहा कि हमारे देश की युवा शक्ति में असीम संभावनाएँ हैं। आप सभी वे युवा हैं जो कल की चुनौतियों का सामना करेंगे और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगे। इस शिविर के माध्यम से आप सेवा, सद्भावना और नैतिकता के गुणों को अपने जीवन में उतारेंगे और समाज को एक नई दिशा देंगे।
राज्यपाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और भारतीय रेडक्रॉस समिति दुर्ग को इस सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। राज्यपाल डेका ने सभी से आग्रह किया कि जो आपने यहाँ सीखा है, उसे जीवन में उतारें और समाज को अपनी सेवाओं से गौरवान्वित करें।
चेयरमेन अशोक कुमार अग्रवाल ने कहा कि रेडक्रॉस एक ऐच्छिक अंतर्राष्ट्रीय संगठन है, जो 1863 में हेनरी ड्युनॉट द्वारा युद्धभूमि पर जख्मी और पीड़ितों को सहायता प्रदान करने के लिए स्थापित किया गया। आज यह रेडक्रॉस 191 देशों में काम कर रही है। किसी भी बड़े आयोजन का केन्द्र सूक्ष्म ही होता है वैसे ही रेडक्रॉस् जैसे अंतर्राष्टीय संस्थान का केन्द्र भी जुनियर रेडक्रॉस है। जो आज जेआरसी के सदस्य है कल बड़े होकर रेडक्रॉस मुखिया होंगे।
अग्रवाल ने कहा कि राज्य जूनियर्स में रेडक्रॉस के प्रति जागरुकता और इसके सिद्धांतों से अवगत कराने के लिए मनोरंजन एवं ज्ञानवर्धक शिविर “जूनियर रेडक्रॉस जम्बुरी 2024“ का आयोजन किया गया। इस आयोजन में राज्य के समस्त जिला से 354 बालक, 445 बालिका, काउंसलर एवं दल प्रभारी 107 कुल 906 सहभागी रहे। पाँच दिनों में इस शिविर में प्राथमिक सहायता, सिकल सेल, नशा उन्मूलन, साईबर क्राईम से बचाव, रक्त अल्पता, किशोरावस्था में शारीरिक बदलाव पर व्याख्यान, मानसिक स्वास्थ्य, सायकोलॉजी, बीएसपी द्वारा फायर फाइटिंग प्रदर्शन जैसे विषयों पर ख्याति प्राप्त विषय विशेषज्ञों द्वारा अत्यंत रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से व्याख्यान प्रस्तुत किया गया।
सीईओ एम.के.राउत ने कहा कि जिले में प्रथम बार राज्य स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस मीट 2024 कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जूनियर रेडक्रॉस में 33 जिलों के बच्चे शामिल हुए। इस संगठन का उद्देश्य मानव सेवा और स्वास्थ्य सेवा के प्रति जागरूक करना है। जूनियर रेडक्रॉस में 9 से 12 साले के बच्चों को शामिल किया गया है। आज का बच्चा कल का नागरिक होगा। आज सभी 33 जिलों से आए बच्चे एक-दूसरे के साथ मिलकर रह रहे हैं। एक दूसरे में भावना और ज्ञान का आदान प्रदान हो रहा है, जिस स्थान में बैठकर आप प्रशिक्षण एवं ज्ञान ले रहे हैं वह शिक्षा का मंदिर है।
समापन समारोह के अंत में जिला रेडक्रॉस समिति की अध्यक्ष कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने प्रथम राज्य स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस मीट कार्यक्रम के लिए सम्मानीय अतिथियों का आभार व्यक्त किया ।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मलखम्भ का भी प्रदर्शन किया गया। राज्यपाल ने मार्चपास्ट, लोक गीत, लोक नृत्य, निबंध, पेंटिंग, अंताक्षरी, एवं क्वीज, झांकी, फूड एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी, फिजिकल डिस्प्ले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्रओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बच्चों ने राज्यपाल को खुमरी पहनाया व राज्यपाल की पोट्रेट, चिरई चुगनी एवं एक तारा भेंट की।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम में बाधा बन रही कनेक्टिविटी
भिलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने फील्ड के स्वास्थ्य कर्मियों को हो रही कठिनाइयों के समाधान करने की मांग छत्तीसगढ़ शासन से उठाई है। संघ के प्रांताध्यक्ष आलोक मिश्रा व प्रदेश महामंत्री सैय्यद असलम ने मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ऋतुराज रघुवंशी और मिशन संचालक स्वास्थ्य सेवाएं जगदीश सोनकर को भेजे विस्तृत ज्ञापन में बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के लिए लक्ष्य दिया जाता है। वर्तमान समय में कार्य के रिपोर्ट व रिकार्ड तत्काल ऑनलाइन करना होता है।
इसमें अक्सर विभाग द्वारा बनाए गए ऐप हैक ओर सिंक हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने, सिकलिंग जांच,एन सी डी स्क्रीनिंग रक्तचाप, ब्लड शुगर, ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग,मुख स्वास्थ्य कैंसर कार्यक्रम सहित एएनसी पीएनसी ऑनलाइन पोर्टल एंट्री आई एच आई पी प्रतिदिन एंट्री सहित राष्ट्रीय टीकाकरण,युविन एप अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम की एंट्री रहती है अधिकांश एप में तकनीकी कठिनाई हो रही है।
नेटवर्क समस्या, विभाग द्वारा प्रदत्त टेबलेट का खराब होना,एरर आना इसके साथ विभाग द्वारा ऑनलाइन मोबाइल एंट्री का नेटवर्क कनेक्टिविटी राशि नहीं मिलने के साथ इन कार्यक्रमों की प्रोत्साहन राशि भी समय नहीं मिलने जैसी समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ समय-समय पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम सुचारू संचालन के लिए विभाग को सुझाव देकर कर्मचारियों की समस्याओं का निदान हेतु प्रयास करता है। प्रांताध्यक्ष आलोक मिश्रा व प्रदेश महामंत्री सैय्यद असलम ने कहा कि विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम की एप व वेबसाइट तकनीकी स्वरूप बनाने वाली प्राइवेट एजेंसी को तकनीकी सुधार करना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम में पूर्ण भागीदारी करने वाले ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजिका व संयोजक सुपरवाइजर एल एच व्ही बी ईटीओ को प्रोत्साहन राशि में सम्मिलित किया जाना चाहिए, जिससे फील्ड के कर्मचारियों को अपने कार्य करने में सुविधा हो। संघ ने मांग की है कि फील्ड के स्वास्थ्य कर्मियों, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजिका व संयोजक, शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम की एएनएम व एम पी डब्लू और स्वास्थ्य सुपरवाइजर व एल एच व्ही,बी ईटीओ को मोबाइल,टैब और लैपटॉप प्रदान किया जाए, प्रति माह नेटवर्क कनेक्शन,वाई फाई सुविधा हेतु एक निर्धारित राशि दी जाए एंव तकनीकी त्रुटियां सुधार करने व्यवस्था की जाए।
उक्ताशय की मांग करने वालों में उप प्रांताध्यक्ष प्रमेश पाल, तुफान अली, सबीना मंसूरी,एस पी देवांगन, भूपेंद्र राय,अजय परिहार, अनिल पांडेय, मदन साहू बीईटीओ प्रकोष्ठ के प्रांतीय संयोजक बी एल वर्मा, जिला अध्यक्ष सत्येंद्र गुप्ता, लक्ष्मी कांत घोंटें, खिलावन चंद्राकर सुपरवाइजर प्रकोष्ठ के प्रांतीय संयोजक महेन्द्र सिंह,एल एच व्ही प्रकोष्ठ की आर विश्वास, एन सी डी प्रकोष्ठ की धनेश्वरी साहू, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजिका प्रकोष्ठ विभा सहाय, विक्रम रामटेके, रमेश कुमार सोनबोइर,के पी साहू,धनेश प्रताप सिंह, श्यामा प्रसाद, एम पंडैया,जी मोहन राव ,एम राम चंद्र मूर्ति, संजय सिंह ,उतम मधुकर,आर के बंजारे, प्रेमराज कुमारी,जे आर मार्कंडेय,के के वर्मा, चंद्रकांता साहू चित्ररेखा देवांगन, श्रीमती डी सिंहा,आर एस शांडिल्य, श्रीमती ए देशलहरे और सुरेखा राठौर शामिल हैं।
हजरत रूमी शाह बाबा के उर्स पाक में सजी मुशायरे की बज़्म
दुर्ग। इमामुल मोहब्बत ताजुल औलिया हजरत ख्वाजा जलालुद्दीन खिज्र रूमी हसन अलैर्हिरहमां दरे मुर्शिद नगर केलाबाड़ी दुर्ग में 46वें उर्स पाक पर पहले दिन तरही मुशायरे की महफिल सजाई गई। जिसमें हिंदुस्तान के अलग-अलग हिस्सों से आये हुए तमाम शायरों ने तरही नाअत पाक और तरही मिसरे पर मनकबत शरीफ पेश किए। इस मुशायरे की सदारत उस्ताद शायर अब्दुल रशीद अरशद जबलपुरी ने और निजामत सुखनवर हुसैन सुखनवर रायपुरी ने की।
इस महफिल को तरतीब से सजाने संवारने का काम सूफी युसूफ ने बखूबी अंजाम दिया। इस बज्म़ में सूफी नवेद रूमी सअदी, नवेद रज़ा दुर्गवी, अलोक कुमार नारंग, रियाजुद्दीन रूमवी (बाबू भाई) मौदहा उ.प्र., अजीम अयाज दुर्ग ,अरशद जबलपुरी, रामेश्वर शर्मा रायपुर, इरफानुद्दीन इरफान धरसींवा, मौलाना गफूर दुर्ग, एजाज़ बशर भिलाई , डाँ.नौशाद अहमद सिद्दीकी चरौदा भिलाई, सूफी बदरूद्दीन सफवी रायपुर, हाजी रियाज खान गौहर भिलाई, हुसैन रायपुरी और दिगर शायरों ने अपने कलाम पेश किए। उर्स पाक में 18 से 22 अक्टूबर तक कई आयोजन हो रहे हैं।