छत्तीसगढ़ / कोंडागांव
राज्यपाल श्री डेका को मड़ानार स्कूल के बच्चों ने काष्ठ कला से निर्मित पोट्रेट भेंट की
काष्ठ कला प्रशिक्षण के लिए राज्यपाल ने दिए 50 हजार अनुदान
रायपुर, 10 अक्टूबर 2025
राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज राजभवन में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला मड़ानार जिला कोण्डागांव के शिक्षकों एवं बच्चों ने काष्ठ कला से निर्मित पोट्रेट भेंट की। विद्यालय के शिक्षक श्री शिवचरण साहू ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उनके विद्यालय में विद्यार्थियों के कौशल उनयन के लिए काष्ठ कला का प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिससे वे मूर्तियां एवं अन्य उपयोगी सामग्री तैयार करते है।
श्री डेका ने इसकी सराहना करते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया और प्रशिक्षण के सुचारू संचालन के लिए 50 हजार रूपए अनुदान राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला मड़ानार की प्रधानपाठिका श्रीमती हिना साहू एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
कुम्हारपारा आंगनबाड़ी का निरीक्षण, नए भवन हेतु भेजा गया प्रस्ताव
कोंडागांव । केशकाल विकासखंड के ग्राम पंचायत गारावंडी के कुम्हारपारा आंगनबाड़ी केंद्र में एक बच्चे का आंगनबाड़ी में खेल खेल में कई सवालों के जवाब देते हुए और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा दिए जा रहे शिक्षा का प्रदर्शन करते वीडियो एवं जर्जर भवन की जानकारी मिलने पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर एसडीएम केशकाल आकांक्षा नायक द्वारा उक्त केंद्र का निरीक्षण किया गया। एसडीएम नायक ने बताया कि निरीक्षण उपरांत नए भवन हेतु प्रस्ताव निर्माण शाखा जिला कार्यालय भेजा गया और जर्जर भवन के डिस्मेंटल हेतु आरईएस से त्वरित प्रतिवेदन मंगाया गया है। साथ ही कुपोषित पाए 3 बच्चों को एनआरसी भेजने पालकों को समझाया गया।
उल्लेखनीय है कि बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने जिस निष्ठा से कर्तव्य का निर्वहन किया वह भी प्रशंसनीय है, सभी आंगनबाड़ी केंद्र कार्यकर्ता को प्रेरणा लेनी चाहिए और स्वेच्छा से बच्चों के हित में कार्य करना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी द्वारा ग्राम पंचायत कुएमांरी का किया निरीक्षण
कोण्डागांव। विकासखंड केशकाल ग्राम पंचायत कुएमारी के जलप्रपात में बीते दिनों में हुए हादसे में बटराली के 13 वर्षीय बालक की मृत्यु की खबर सुनते ही जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे।
कुएंमारी जलप्रपात में निरीक्षण के दौरान ग्राम समिति एवं वन विभाग के कर्मी, कुएंमारी चौंकी के पुलिस कर्मियों से चर्चा की गई, जिसमें सुरक्षा की कड़ी इंतजाम करने हेतु जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी के द्वारा निर्देश दिया गया। ग्राम वासियों के द्वारा जलप्रपात में पर्यटकों की सुरक्षा हेतु मांग पत्र दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी के साथ ग्राम कुएंमारी सरपंच गणेश कुमेटी एवं उप सरपंच उपस्तिथ थे।
हीरामांदला में खुलेगा उचित मूल्य की दुकान
संचालन हेतु 23 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित
कोण्डागांव, 09 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जनपद पंचायत कोण्डागांव अंतर्गत ग्राम पंचायत करनपुर के आश्रित ग्राम हीरामांदला में ग्रामीणों और हितग्राहियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान खोले जाने हेतु छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2016 की कण्डिका 9 के प्रावधान अनुसार ग्राम हीरामांदला में नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान खोलने की अनुमति दी गई है। उक्त उचित मूल्य दुकान के संचालन हेतु ग्राम पंचायत, महिला स्व सहायता समूह, प्राथमिक सहकारी शाख समितियां, लेम्प्स समितियां, वन सुरक्षा समितियां, भूतपूर्व सैनिकों द्वारा गठित सहकारी समितियां हो एवं अन्य सहकारी समिति जो छ०ग० सहकारिता अधिनियम 1960 अथवा छ०ग० स्वायत्त सहाकारी अधिनियम 1999 के तहत पंजीकृत होना आवश्यक है। साथ ही इच्छुक एजेंसी का कार्यक्षेत्र ग्राम पंचायत बम्हनी का होना अनिवार्य है। पात्र समिति या समूह अनुविभागीय अधिकारी (रा.) कार्यालय कोण्डागांव में 23 अक्टूबर 2025 तक उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।
पलारी में अमानक कीटनाशक औषधि के भण्डारण तथा बिक्री पर लगा प्रतिबंध
कोण्डागांव, 07 अक्टूबर 2025
कार्यलय उप संचालक कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार वर्ष 2025-26 के दौरान अधोहस्ताक्षरी एवं कीटनाशक निरीक्षक द्वारा कीटनाशक अधिनियम 1968 के अंतर्गत विकासखण्ड कोण्डागांव के ग्राम पलारी में स्थित मेसर्स सीताराम कृषि केन्द्र तथा मेसर्स सानवी ट्रेडर्स पलारी से कीटनाशक औषधि के नमूने लेकर विश्लेषण हेतु राज्य कीटनाशी गुण नियंत्रण प्रयोगशाला ठेलकाडीह राजनांदगांव भेजा गया था। विश्लेषण उपरांत अमानक पाये जाने के फलस्वरूप कीटनाशी अधिनियम 1968 की धारा 14 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुये धारा 3 के उल्लंघन के फलस्वरूप 18 (1) (सी) के अंतर्गत मेसर्स माँ सीताराम कृषि केन्द्र से श्रीकर बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड मलकानगिरी हैदराबाद कम्पनी के अमानक कीटनाशक Bispyribac Sodium 10 % SC तथा मेसर्स सानवी ट्रेडर्स पलारी से शिवशक्ति एग्रीटेक लिमिटेड संगारेड्डी कम्पनी के अमानक कीटनाशक Profenophos 40% + Cypermethrin 4% का भण्डारण तथा विक्रय तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत महिलाओं को अत्मनिर्भर बनाने की पहल
कोण्डागांव । कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जिला स्तर पर स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला कोण्डागांव डॉ आर के चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में सभी विकास खंडों के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के आश्रित ग्राम पारे में अभियान की उद्देश्यों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में विकास खंड कोंडागांव के आयुष्मान आरोग्य मंदिर संबलपुर में इस अभियान के तहत महिलाओं को अत्मानिर्भर बनने एवं कानूनी अधिकार के संबध में भी जागरूक किया गया।
सीएचओ श्रीमती निर्मला पोयाम ने जानकारी देते हुवे बताया की मासिक धर्म के समय स्वच्छता, स्थानीय पोषक आहार का सेवन, महिलाओं की नियमित जांच, उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान 30 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों की एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत सभी बीमारियों की जांच करने की जानकारी, प्रधान मंत्री मातृत्व अभियान में सेवा प्रदान करने एवं एनीमिया सिकल सेल बी पी शुगर टी बी की जांच के साथ महिलाओं में होने वाले स्तन कैंसर गर्भाशय कैंसर की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही 18 वर्ष से 49 वर्ष तक की दंपतियों को परिवार कल्याण कार्यक्रम के साधन एवं बच्चो में अंतर रखने के साधन की जानकारी दिया गया।
इस अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव के कर्मचारी अधिकारी करुणा ध्रुव एवं पूर्णिमा भंडारी द्वारा उपस्थित महिलाओं को कानूनी अधिकार की जानकारी देते हुवे बताया गया महिलाएं अज्ञानता और जानकारी के अभाव भय वश एवं समाज की बदनामी के कारण अपने ऊपर हो रहे अत्याचार की जानकारी किसी से भी साझा नहीं करती है, जिससे किशोरियों एवं महिलाओं पर छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, शोषण, संपत्ति अधिकार एवं मोबाइल फोन कर धमकाने की घटना से बिल्कुल निर्भय रहे और हेल्प लाइन 1091 पर संपर्क कर तुरंत सूचना देने की बात बताई गई। साथ ही न्यायालय द्वारा भी ऐसे पीड़ित महिलाओं को निशुल्क सहयोग कर वकील की भी व्यवस्था की गई है कि जानकारी दी गई ग्रामीण क्षेत्र में कोई भी महिला यदि ऐसे कोई भी समस्या से पीड़ित होने पर जरूर अपने आत्मरक्षा के लिए अपने अधिकार का निःसंकोच उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया जिससे महिलाएं स्वस्थ नारी सशक्त परिवार के साथ समाज में सम्मान के साथ जीवन व्यापन कर सके। इस दौरान स्वास्थ पर्यवेक्षक संजय नायडू आर एच ओ मयंक देवांगन, एवं दिनेश्वरी नाग, मितानिन पुष्बती पटेल एवं भगवती बघेल तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता डोमनी पटेल, एवं अन्य महिलाएं उपस्थित रही।
पीएम आवास के हितग्राहियों को पीएम सूर्य घर योजना से किया जा रहा लाभान्वित
कोण्डागांव। शासन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 अंतर्गत अंगीकार 2025 अभियान के तहत 4 सितंबर 2025 से 31 अक्टूबर 2025 तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के अत्यधिक हितग्राहियों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद कोण्डागांव में प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के तहत पूर्व में जो 2060 आवास पूर्ण हो चुके हैं, उन हितग्राहियों को सूर्य घर मुक्त बिजली योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
इस योजना के तहत केंद्र एवं राज्य शासन से 1 केव्ही सोलर प्लांट हेतु 45,000, 2 केव्ही सोलर प्लांट हेतु हेतु 90,000 और 3 केव्ही सोलर प्लांट हेतु 1,08,000 रूपए तक की कुल सहायता राशि होगी। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री दिनेश डे के निर्देश पर प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के नवीन आवेदन हेतु डोर सर्वे का कार्य नगर के समस्त वार्डों में सर्वेयर श्री सुशील केरकेटा, श्री लेखराज टंडन और श्री रिबन के द्वारा किया जा रहा है। साथ ही नगर पालिका परिषद के कार्यालय में फार्म भरा जा सकता है।
नशामुक्त भारत अभियान अन्तर्गत सेवा पखवाड़ा मैराथन दौड़ सम्पन्न
कोंडागांव । सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा रविवार को प्रातः 7 बजे से नशामुक्त भारत अभियान को लेकर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस मैराथन में दिव्यांगजन, वृद्धजन एवं सामान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता तीन वर्ग में दिव्यांगजन, वृद्धजन एवं सामान्य नागरिक के लिए पृथक-पृथक आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 10 हजार नकद पुरस्कार, द्वितीय स्थान पर रहने वालों को 5 हजार , तृतीय स्थान पर 2 हजार तथा चौथे स्थान से आगे प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। महिला एवं पुरुष वर्ग को भी अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया।
महिला वर्ग 18 वर्ष से अधिक आयु में सीमा शोरी राधना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दिव्यांगजन ट्रायसाइकिल महिला वर्ग में सीमा नेताम प्रथम स्थान पर रहीं वहीं पुरुष वर्ग में राजेश्वर सोनी ने बाजी मारी। वृद्धजन महिला वर्ग में गुंगली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और पुरुष वर्ग में सहदेव विजेता रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी, श्री दीपेश अरोरा, श्री संतोष पात्रे, श्री कुलवंत सिंह सहित समस्त पार्षदगण मौजूद रहे। साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अविनाश भोई, एसडीएम कोंडागांव श्री अजय उरांव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग से सुश्री सुधा कुमार, उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती ललिता लकड़ा, पुलिस यातायात विभाग एवं शिक्षा विभाग के व्यायाम शिक्षक भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने राज्य स्तरीय महतारी सदन शुभारंभ कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से किया लोकार्पण
कोंडागांव । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज धमतरी जिला के मगरलोड विकासखंड के ग्राम करेली बड़ी में राज्य स्तरीय महतारी सदन शुभारंभ कार्यक्रम में पूरे राज्य के 51 महतारी सदनों का लोकार्पण किया, जिसमें कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम जामगांव और ग्राम बहीगांव के महतारी सदन भवन शामिल है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।
महतारी सदन भवन के लोकार्पण अवसर पर केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम जामगांव में स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आ आयोजन किया, जिसमें कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, पूर्व विधायक श्री सेवक राम नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई और स्थानीय जनप्रतिनिधिगण की उपस्थिति में महतारी सदन जामगांव भवन का फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा :
महतारी सदन योजना के लोकार्पण भवन महिलाओं के लिए सम्मान और आत्मनिर्भरता के नए केंद्र बनेंगे। यह महतारी सदन छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों की शक्ति और क्षमता को समाज में नई पहचान देंगे।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने संवाद कर शासन की योजनाओं के लाभ के बारे में फीडबैक लिया और कहा कि शासन द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपने बच्चियों का सुकन्या समृद्धि योजना अंतर्गत अवश्य खाता खुलवाएं। साथ ही श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने के लिए श्रम पंजीयन कराने, सहित लघु खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाकर आगे बढ़ने के लिए हर संभव मदद की जाएगी।
पूर्व विधायक श्री सेवक राम नेताम ने कहा कि आज नवरात्रि के शुभ अवसर पर नारी सशक्तिकरण की दिशा में महतारी सदन का शुभारंभ एक महत्वपूर्ण कदम है। नारी सशक्तिकरण से ही हमारा समाज, राज्य और राष्ट्र सशक्त होगा। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महतारी सदन शुभारंभ पर शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश मरकाम, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री बिहारी लाल शोरी, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक, जनपद पंचायत सीईओ श्री अनुराग सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
आपदा प्रबंधन की तैयारी को लेकर मॉक ड्रिल 25 सितंबर को
कोण्डागांव, 23 सितम्बर 2025
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय भारत सरकार, नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राजस्व, एवं आपदा प्रबंधन विभाग एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कोण्डागांव के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 25 सितंबर 2025 दिन गुरूवार, प्रातः 10 बजे स्थान कोण्डागांव में बाढ़ पर एवं केशकाल में बिल्डिंग गिर जाने पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
यह मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने तथा जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। यह केवल एक प्रशिक्षण प्रक्रिया है और घबराने की आवश्यकता नहीं है।
नागरिकों से अपील की गई है कि अभ्यास के दौरान शांति बनाये रखे, तथा किसी भी प्रकार की घबराहट से बचें। साथ ही अफवाहों से बचने तथा दूसरों को सही जानकारी प्रदान करने करें। सभी से अनुरोध किया गया है कि इस महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल में प्रशासन का पूरा सहयोग करें।
शामपुर के सपन मंडावी के घर पहुंचा पीएम सूर्यघर योजना का लाभ, महीने का बिजली बिल हुआ जीरो
कोण्डागांव । प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ आज जिले के दूरस्थ अंचल तक भी पहुंच रही है। यह योजना अब जिले के ग्रामीण परिवारों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रही है। इसी कड़ी में माकड़ी विकासखंड के ग्राम शामपुर निवासी सपन राम मंडावी ने इस योजना का लाभ उठाकर अपने घर को न सिर्फ रोशन किया, बल्कि बिजली खर्च से पूरी तरह मुक्त हो गए हैं।
सपन मंडावी ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी सबसे पहले अखबार के माध्यम से मिली। जानकारी प्राप्त करने के बाद उन्होंने स्थानीय बिजली विभाग से संपर्क किया और अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया। इस पहल के बाद अब उनके घर की सभी बिजली की आवश्यकताएँ पूरी हो रही हैं और अतिरिक्त बिजली का उत्पादन भी हो रहा है।
श्री मंडावी ने बताया कि पूर्व में हर महीने 400 से 500 रुपये तक बिजली बिल आता था, लेकिन अब उनका पूरा बिल शून्य हो गया है। इतना ही नहीं, उनके द्वारा उत्पन्न अतिरिक्त ऊर्जा सीधे विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही है, जिससे भविष्य में उन्हें अतिरिक्त आय का लाभ मिलेगा। उन्होंने इस योजना को शासन की अत्यंत लाभकारी पहल बताते हुए कहा कि इससे घरेलू बिजली उपभोक्ता न केवल ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर हो सकते हैं, बल्कि आर्थिक रूप से भी मजबूत बन सकते हैं।
मंडावी को इस योजना के अंतर्गत कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिसमें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सहायता शामिल है। इस मदद से सौर संयंत्र लगाने की कुल लागत में बहुत राहत मिली है।
इस योजना के तहत विभिन्न क्षमता वाले संयंत्रों के लिए सब्सिडी की राशि तय की गई है। 1 किलोवाट के संयंत्र, जिसकी लागत लगभग 65 हजार रुपये होती है, पर केंद्र सरकार 30 हजार और राज्य सरकार 15 हजार रुपये की सब्सिडी देती है। इसी प्रकार 2 किलोवाट क्षमता वाले संयंत्र पर 60 हजार रुपये की सहायता एवं 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाले संयंत्र पर केंद्र से 78 हजार और राज्य से 30 हजार रुपये की अनुदान राशि मिलती है। इसके साथ ही किसानों और ग्रामीणों के लिए ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे और अधिक लोग इसका लाभ ले सकें।
जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाने कई हितग्राही आगे आ रहे हैं और पंजीयन करा रहे हैं। इच्छुक उपभोक्ता इस योजना का लाभ विद्युत विभाग की मदद से या फिर वेब पोर्टल https://pmsuryaghar.gov.in और मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण कर आसानी से उठा सकते हैं।
स्टूडेंट ने खिड़की में लगाई फांसी, तहसीलदार स्पॉट पर पहुंचे
केशकाल। एकलव्य आवासीय विद्यालय से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि, यहां एक स्टूडेंट ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक छात्र 10वीं कक्षा का स्टूडेंट था।
छात्र ने हॉस्टल के कमरे की खिड़की पर फंदा तैयार किया था। छात्र ने किन वजहों से यह आत्मघाती कदम उठाया है यह पता नही चल सका है। सुसाइड की सूचना जैसे ही पुलिस और प्रशासन को मिली। तहसीलदार और थाना प्रभारी तत्काल मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने मामले की जाँच के आदेश पुलिस को दिए है। बताया जा रहा है कि, पुलिस इस मामले को लेकर मृतक के करीबी साथ, सहपाठी, परिजन और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर सकती है।
बहरहाल छात्र के मौत की सूचना उसके परिजनों को देते हुए शव को पोस्टमार्डम के लिए अस्पताल रवाना कर दिया है। छात्र के मौत से स्कूल परिवार में शोक का माहौल है।
26 सितम्बर को वार्षिक साधारण सम्मेलन में शामिल होंगे समस्त अंशधारक
कोण्डागांव । मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति मर्यादित, कोण्डागांव द्वारा ग्राम कोकोड़ी में 80 केएलपीडी क्षमता के मक्का आधारित इथेनॉल संयंत्र की स्थापना की गई है। संस्था का वार्षिक साधारण सम्मेलन 26 सितम्बर 2025, शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से आडिटोरियम, बंधापारा बार्ड, कोण्डागांव में आयोजित किया जायेगा । इस सम्मेलन में समिति के समस्त अंशधारी सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।
पीएम के 75वें जन्मदिन पर नमो की तर्ज पर लगाए गए 75 पौधे
कोंडागांव \। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में देश भर में मनाए जा रहे 'सेवा पखवाड़ा' के तहत बुधवार को केशकाल के इको पर्यटन केंद्र टाटामारी में भी वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा विशेष पौधरोपण अभियान चलाया गया। इसके तहत नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारीलाल शोरी, डीएफओ दिव्या गौतम समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पत्रकारों एवं विभागीय स्टाफ की मौजूदगी में N.A.M.O (नमो) की तर्ज पर नीम, आंवला, महुआ एवं ओजीनिया (तिनसा) के लगभग 75 पौधे लगाए गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गई।
पर्यावरण संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है : डीएफओ
इस संबंध में डीएफओ दिव्या गौतम ने बताया कि सेवा पखवाड़ा अभियान 17 सितंबर से शुरू हुआ है जो कि गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत केशकाल वनमण्डल अंतर्गत सभी परिक्षेत्रों में हमारे अधिकारी कर्मचारी गांव गांव जाकर पौधरोपण, सफाई अभियान समेत अन्य गतिविधियों का आयोजन करेंगे। पर्यावरण संरक्षण करना प्रत्येक नगरवासी का दायित्व है। ऐसे में आज केशकाल के टाटामारी में प्रधानमंत्री जी के 75वें जन्मदिन के मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व नगरवासियों के साथ 75 पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।
इस दौरान फारेस्ट एसडीओ सुषमा जे. नेताम, तहसीलदार विजय मिश्रा, नायब तहसीलदार गणेश सिदार, रेंजर कृष्णा नेताम, वरिष्ठ पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय, प्रकाश नाग, नीरज उपाध्याय समेत समूह के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना के क्रियान्वयन को देखा, निर्माणाधीन पावर स्टेशन का किया निरीक्षण
कोंडागांव। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने आज कोंडागांव के विकास नगर में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राही श्री शिवेश तालुकदार के घर पहुंचकर सोलर प्लांट का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही से चर्चा करते हुए योजना से मिले लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त की। हितग्राही ने बताया कि 5 के वी का सोलर प्लांट लगवाया है और उन्हें 78 हजार रूपये की सब्सिडी मिली है। पहले उनका बिजली बिल 4 से 5 हजार तक आता था, लेकिन अब बिजली बिल जीरो हो चुका है। इस दौरान कलेक्टर ने जिले के अधिक से अधिक नागरिकों को योजना का लाभ उठाने की अपील की।
कलेक्टर ने मसौरा में निर्माणाधीन पावर स्टेशन का भी निरीक्षण किया और कार्य के प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
प्राकृतिक आपदा पीड़ित के 4 प्रकरणों में वारिसों को 16 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि
कोण्डागांव । कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा पीड़ित के 4 प्रकरणों में वारिसों को 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि प्रदान की गयी।
कलेक्टर द्वारा कोण्डागांव तहसील के ग्राम कुकाड़गारकापाल निवासी धनमती नेताम की पानी मे डूबने से मृत्यु होने पर माता मंगलदई नेताम, पिता रामूराम नेताम को 4 लाख रूपए की, कोण्डागांव तहसील के ग्राम संबलपुर निवासी लियाना की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर माता गोंची पिता मेहत्तर को 4 लाख रूपए की, कोण्डागांव तहसील के ग्राम चिलपुटी निवासी रायबती की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर पुत्र झिटकूराम, जेठूराम को 4 लाख रूपए की, कोण्डागांव तहसील के ग्राम मुलमुला निवासी बुधमन देवांगन की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर पत्नी फूलमती देवांगन, पुत्र अशोक देवांगन, पुत्री रश्मि देवांगन और कविता देवांगन को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गयी है। उक्त स्वीकृत आर्थिक सहायता राशि सम्बन्धित वारिसों के बैंक खाते में हस्तांतरित करने के निर्देश सम्बन्धित तहसीलदार को दिए गए हैं।
जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
कोण्डागांव, 17 सितम्बर 2025
साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला मुख्यालय के सभा कक्ष से एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केशकाल और बड़ेराजपुर विकासखंड के ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने जनदर्शन में पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता के साथ सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनके आवेदनों पर त्वरित निराकरण हेतु निर्देशित किया।
जनदर्शन में आज कोण्डागांव की शांति पोयम ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना से लाभ नहीं मिलने की शिकायत की, ग्राम बड़े गोड़सोड़ा निवासी सुभउ राम सोनवानी ने जगल में हो रहे अतिक्रमण को रोकने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार ग्राम लंजोड़ा निवासी बंसती कोसरे ने आवास की मांग, गांव पेरमापाल निवासी फुलसिंग कोर्राम ने पेरमापाल से तिमेनार तक सड़क निर्माण की मांग सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर 29 आवेदन प्राप्त हुए।