छत्तीसगढ़ / कोरबा
साक्षात्कार 4 अक्टूबर को
दिव्यांग आवासीय छात्रावास
कोरबा। जिले में दिव्यांग बच्चों हेतु 50 सीटर बाधारहित आवासीय छात्रावास में बच्चों को शिक्षा, प्रशिक्षण, थेरेपी एवं अन्य सुविधा प्रदान करने हेतु विभिन्न पदों पर पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट सूची के आधार पर दस्तावेज सत्यापन/साक्षात्कार का आयोजन 04 अक्टूबर 2024 को प्रातः 09ः30 बजे से स्थान-विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा क्र. 01 सीएसईबी कोरबा में आयोजित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार पूर्व में दावा-आपत्ति निराकरण पश्चात अंतिम दावा आपत्ति निराकरण सूची जारी की गई थी। उन्होंने साक्षात्कार हेतु पात्र अभ्यर्थी आवेदन फार्म में 02 प्रति वांछित दस्तावेज संलग्न कर निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होने निर्देशित किया है।
रिक्त संविदा पदों पर भर्ती, आवेदन 10 तक
पीएम आवास योजना
कोरबा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिला स्तर पर जिला समन्वयक, सहायक अभियंता, सहायक प्रोग्रामर, लेखापाल एवं सहायक ग्रेड-03 तथा जनपद स्तर पर विकासखण्ड समन्वयक व तकनीकी सहायक (संविदा) स्वीकृत पदों पर भर्ती हेतु आवेदन जिला पंचायत कोरबा में आमंत्रित किए गए हैं। आवेदक निर्धारित प्रारूप में कंप्यूटर/टाइपराइटर अंकित अथवा स्पष्ट अक्षरों में हाथ से भरा हुआ आवेदन पत्र रजिस्टर्ड डाक/स्पीड पोस्ट के माध्यम से 10 अक्टूबर 2024 शाम 05 बजे तक कार्यालयीन दिवस पर आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु जिले की वेबसाइट www.korba.gov.in पर अथवा जिला पंचायत कार्यालय के सूचना पटल का अवलोकन किया जा सकता है।
दावा आपत्ति 10 अक्टूबर तक
पीएम आवास योजना (ग्रामीण)
कोरबा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास मित्र/समर्पित मानव संसाधन के पद हेतु पूर्व में आवेदन आमंत्रित किया गया था। सहायक परियोजना अधिकारी जिला पंचायत कोरबा से प्राप्त जानकारी अनुसार प्राप्त आवेदनों का सारणीकरण उपरांत पात्र/अपात्र सूची का निर्धारण करते हुए 10 अक्टूबर 2024 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं होंगी सम्मानित
पात्र महिला उम्मीदवार 10 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
कोरबा। शासन द्वारा वीरता, शौर्य, साहस तथा महिलाओं में आत्मबल को सशक्त करने, अनुसूचित जाति/जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान तथा महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष, नारी उत्थान हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को क्रमशः ‘वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार‘, ‘मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान)‘ व ‘बहादुर कलारिन सम्मान‘ वर्ष 2024 प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक पुरस्कार अंतर्गत पुरस्कृत महिलाओं को 02-02 लाख रूपए की राशि तथा प्रशस्ति पट्टिका सम्मान के रूप में प्रदान किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित स्क्रीनिंग समिति द्वारा छानबीन करने के पश्चात् सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियां शासन को भेजी जाएगी। पात्र महिलाएं पुरस्कार प्राप्त करने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग में 10 अक्टूबर 2024 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु कार्यालय के नोटिस बोर्ड का अवलोकन कर आवेदन का प्रारूप कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है।
चयनित दिव्यांग अभ्यर्थियों की सूची जारी
कोरबा। 50 सीटर आवासीय विशेष छात्रावास डिंगापुर कोरबा में दिव्यांग बच्चों के आवासीय व्यवस्था, थेरेपी हेतु प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी पश्चात दिव्यांग बच्चों की सूची जारी की गई है, जिसे जिले की वेबसाइट www.korba.gov.in एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सूचना पटल पर देखा जा सकता है।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पति ने भोजन में मिलाया जहर, पत्नी समेत परिवार के नौ सदस्य अस्पताल दाखिल
कोरबा,जिले के पसान थाना क्षेत्र में भोजन में जहर मिलाकर पूरे परिवार की जान लेने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। खाना खाने के बाद सभी की तबियत
खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्राम पत्थरफोड़ निवासी लाल अहिबरन सिंह के घर का यह मामला है। घर पर रोज की तरह पत्नी सुमित्रा भी खाने
की तैयारी कर रही थी, उसी दौरान पति पहलवान सिंह घर पहुंचा और सीधे रसोई में जाकर पत्नी से बातचीत करने लगा।
खाना बना रही सुमित्रा हो हुआ था शक
पति से किसी बात पर नाराज पत्नी सुमित्रा वहां से बाहर निकल गई। कुछ देर तक पहलवान रसोई के अंदर रुका और उसके बाद वहां से निकल कर चला गया। पति पहलवान के रसोई से निकलने के बाद सुमित्रा दुबारा रसोई में गई तो उसे कुछ बदबू महसूस हुआ पर वो इसे हल्के में लेते हुए खाना बनाई और उसके बाद घर के सभी सदस्यों को परोसा।
खाना खाते ही अचानक बिगड़ी सभी की तबीयत
खाना खाने के बाद अचानक सभी की तबियत खराब होने लगी और चक्कर के साथ उल्टी होने लगी। जिसके बाद आसपास के लोगों के द्वारा सभी को आनन-फानन में पसान के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डाक्टरो की मानें तो अभी सभी की हालत खतरे से बाहर है, वहीं मामले की जांच पुलिस कर रही है।
कटोरी नागोरी कन्या आश्रम की 20 छात्राएं हुईं फूड प्वाइजनिंग का शिकार, अस्पताल दाखिल
बुजुर्गों को अपने पुत्र- पुत्रियों से भरण पोषण पाने का विधिक अधिकार
कोरबा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्येंद्र कुमार साहू ने वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित किया। उन्होने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ माता-पिता को अपने पुत्र-पुत्रियों से भरण पोषण पाने का अधिकार है। इसके लिये भरण पोषण अधिकरण अधिकारी एसडीएम होते है, उनके कार्यालय में भरण-पोषण का आवेदन पत्र लगाया जाता है। माता-पिता को अधिकतम 10,000 रुपये मासिक भरण पोषण पाने का अधिकार दिया गया है। उन्होने बुजुर्गो से कहा कि सबसे पहले आप अपने शरीर एवं स्वास्थ्य का ध्यान रखें। किसी अन्य प्रकार की तकलीफ होती है, जैसे किसी इलाज एवं पेंशन से संबंधित मामले में तो आप जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के पैरालीगल वालीटिंयर्स के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
घर-घर जल पहुंचने से मांगामार ग्रामवासी हुए खुश
जल जीवन मिशन योजना का मिल रहा ग्रामीणों को लाभ
कोरबा। कोरबा जिले के सुदूरवर्ती ग्राम मांगामार जो जिला मुख्यालय से लगभग 53 कि.मी. की दूरी पर स्थित है, इस ग्राम की आबादी लगभग 2519 है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम में राशि रू. 145.34 लाख की रेट्रोफिटिंग योजना जिला जल एवं स्वच्छता मिशन कोरबा द्वारा स्वीकृत की गई थी। इस योजना के अंतर्गत ग्राम में 40 कि.ली. 15 मीटर उंचाई की 01 उच्चस्तरीय पानी टंकी, 3700 मीटर पाईप लाईन तथा 522 घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किये गये है। केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन अंतर्गत “हर घर जल“ पहुंचने से ग्राम में खुशी का माहौल व्याप्त है।
ग्राम की महिला हितग्राही समारिन बाई खाण्डेल ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि पेयजल के लिये हैण्डपंप तथा कुएं एवं अन्य स्त्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मी के दिनों में भू-जलस्तर कम होने से पानी की समस्या और भी विकराल हो जाती थी । जल जीवन मिशन के आने से अब यह समस्या लगभग दूर हो गई है योजना का सफल क्रियान्वयन में ग्राम सरपंच तथा ग्रामवासियों की सक्रिय सहभागिता रही है। हर घर में नल कनेक्शन पहुंचने एवं सूचारू रूप से नल से जल उपलब्ध होने से ग्राम पंचायत मांगामार में जल संकट से ग्रामवासियों को निजात मिल गया है साथ ही पेयजल हेतु हैण्डपंप पर निर्भरता लगभग खत्म हो गई है। अब बारहों महीने ग्रामीणों को घर में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होगी, योजना का निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात 28 सितंबर को ग्राम पंचायत में विशेष सभा का आयोजन किया गया जिसमें ग्राम की सरपंच विमल देवी राज, सचिव पंचराम कोराम, पंचगण एवं ग्रामीणजन छत्रपाल सिंह, कार्तिक दास, अमेन्द्र लाल, राजकुमार, रत्नी बाई, रमला बाई, मिथिला बाई, रोजगार सहायक कृष्ण कुमार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से उपअभियंता दुर्गेश्वरी मिश्रा, जिला समन्वयक राबिन एक्का, गोविंद निषाद समेत बड़ी संख्या में ग्रामवासी की उपस्थिति में “हर घर जल“ उत्सव मनाया गया साथ ही योजना का हस्तांतरण ग्राम पंचायत को किया गया।
नवरात्र, दशहरा एवं दीपावली त्यौहार शांति पूर्ण मनाने हेतु जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न
तेज आवाज में ध्वनि विस्तार यंत्र एवं सार्वजनिक स्थानों पर डी.जे. एवं धुमाल बजाना प्रतिबंधित
कोरबा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अजीत वसंत के निर्देशन में आगामी नवरात्र विजयादशमी (दशहरा) एवं दीपावली त्यौहार के संबंध में दुर्गा माता की स्थापना करने वाली समितियों, गरबा आयोजक एवं समस्त डीजे एवं धुमाल संचालकों की बैठक ली गई। बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार नाग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यू.एस.बी.चौहान, नेहा वर्मा की उपस्थित सभी लोगों को अवगत कराया है कि अनाधिकृत एवं असामाजिक तत्वों से बचाव हेतु यथा संभव पण्डाल में सीसीटीवी कैमरा लगाने का सुझाव समितियों को दिया गया। आयोजन समिति के सदस्यों को पण्डाल का निर्माण में विशेष ध्यान रखने एवं सार्वजनिक स्थल रोड को घेरकर नहीं बनाने के लिए कहा गया। डीजे एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग शासन एवं न्यायालय की गाईड लाईन अनुसार करने की बात कही गई। साथ ही रात्रि 10 के बजे के पश्चात् ध्वनि विस्तार यंत्र का उपयोग करते पाये जाने पर दण्डात्मक कार्यवाही किया जायेगा। इसके साथ ही डांडिया एवं गरवा नृत्य के दौरान धार्मिक भक्ति गीत ही बजाये जाने की बात कही गई।
बैठक में आयोजन समिति को बताया गया कि मूर्ति विसर्जन की अनुमति सिर्फ दशहरा एवं दशहरा के अगले दिवस तक होगी। रास गरबा एवं डांडिया जैसे आयोजनों में पास के माध्यम से केवल परिवार के साथ जाने वाले अथवा कपल को ही एंट्री दिया जाए। जिससे किसी प्रकार के विवाद जैसी स्थिति निर्मित न हो। साथ ही आयोजन स्थल में पर्याप्त वालिंटियर्स की व्यवस्था होनी चाहिए। रासगरबा एवं डांडिया जैसे आयोजनों तथा पंडालों में केवल धार्मिक गानों को ही चलाए जाने का सुझाव आयोजक एवं समितियों को दिया गया। मूर्ति आगमन, स्थापना तथा विसर्जन के दौरान न्यायालय शासन के निर्देशों का पालन किया जाए। आयोजन स्थल में विद्युत विभाग से अस्थाई विद्युत कनेक्शन लिये जाने हेतु समिति को निर्देशित किया गया। नवरात्रि त्यौहार के दौरान साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा असामाजिक तत्वों अथवा अस्त्र शस्त्र का प्रयोग करने वाले व्यक्तियों की जानकारी संबंधित थानों में दिये जाने की अपील की गई। प्रशासन द्वारा नवरात्रि सहित अन्य त्यौहारों को शांति पूर्वक एवं सर्व समाज को एक साथ मिलकर मनाए जाने का आग्रह किया गया। बैठक में एसडीएम सरोज महिलांगे, अपर आयुक्त नगर निगम विनय मिश्रा,स्वास्थ्य अधिकारी संजय तिवारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित हुए।
सुपोषण की दिशा में महिला बाल विकास विभाग द्वारा अच्छा काम किया जा रहा है : लखन लाल देवांगन
पोषण माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया सम्मानित
कोरबा। महिला बाल विकास विभाग के माध्यम से जिले में सुपोषण की दिशा में अच्छा कार्य किया जा रहा है। पोषण माह के दौरान महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के द्वारा ग्रामीण स्तर पर विभागीय योजनाओं सहित सुपोषण स्वास्थ्य, शुद्ध पेयजल सुपोषण वाटिका, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य किए गए हैं। उक्त बातें वाणिज्य, उद्योग, व्यापार एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कलेक्ट्रेट के ऑडिटोरियम में महिला बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित सक्षम आंगनबाड़ी के शुभारंभ एवं पोषण माह के समापन समारोह में कही। सक्षम आंगनबाड़ी शुभारंभ एवं सातवां राष्ट्रीय पोषण माह के समापन समारोह कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग केन्द्रिय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, झारखंड राज्य के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवाल के संबोधन को मंत्री लखनलाल देवांगन, कलेक्टर अजीत वसंत सहित महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारियों ने वर्चुअल रूप से जुड़कर सुना।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शासकीय योजना के क्रियान्वयन के साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती माताओं, शिशुवती माताओं, किशोरियों, बच्चों के लिए सुपोषण युक्त आहार उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि पोषण माह जैसे कार्यक्रम जिले में संचालित होते रहने चाहिए। इसके साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि जिला खनिज संस्थान न्यास मद के माध्यम से कोरबा जिले को विकसित करने के साथ ही सजाने व संवारने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। डीएमएफ मद से जिले के जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल, छात्रावास एवं स्वास्थ्य केन्द्रों का निर्माण कराया जा रहा है। स्कूल, छात्रावास, आश्रमों में बच्चों के लिए भोजन बनाने के लिए गैस सिलेंडर प्रदान किये जायेंगे। स्कूली बच्चों को डीएमएफ मद से नाश्ता भी प्रदान किया जा रहा है। मंत्री श्री देवांगन ने पोषण माह के सुचारू संचालन के लिए विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही पोषण माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यवेक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मंत्री श्री देवांगन ने उपस्थितों को सुपोषित छत्तीसगढ़ बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होने नौनिहाल बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला कवंर ने कहा कि सभी विभाग मिलकर अच्छा कार्य करें और यह प्रयास करें कि कोरबा जिले में कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर अजीत वसंत ने पोषण माह के समापन समारोह में कहा कि आज जिले के सात सौ सक्षम आंगनबाड़ी केन्द्रों का शुभारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोषण माह अन्तर्गत सक्षम आंगनबाड़ी घटकों से संबंधित गतिविधियां- पोषण वाटिका, शिक्षा चौपाल, खेलो और पढ़ो, स्वदेशी खिलौना मेला, जल संरक्षण- एक पेड़ मॉ के नाम आदि गतिविधियों का आयोजन किया गया। पोषण माह को सफल बनाने के लिए महिला बाल विकास विभाग के साथ ही स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग ने महती भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आगे भी अन्तर्विभागीय समन्वय से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जायेगा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक दिलदार मरावी, कार्यक्रम अधिकारी रेणु प्रकाश सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
दावा आपत्ति निराकरण सूची, चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन सूचना
कोरबा। स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत दंत चिकित्सक, फिडिंग डिमोंस्ट्रेटर, रेडियोग्राफर एवं मेडिकल लैब टैक्नालॉजिस्ट के पद की दावा आपत्ति निराकरण सूची एवं अनंतिम मेरिट सूची प्रकाशन कर पुनः दावा आपत्ति आमंत्रित की गई थी। उक्त दावा आपत्ति के निराकरण के पश्चात् निराकरण सूची, चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची कार्यालयीन सूचना पटल पर चस्पा तथा कोरबा जिले के शासकीय वेबसाइट www.korba.gov.in पर अपलोड कर दी गई है।
ट्रायसाइकिल एवं पेंशन सम्बंधी सभी आवेदनों का जांच कर पात्रतानुसार दिव्यांगों को पहुंचाएं राहत : कलेक्टर
बाल्को में अनुकम्पा नियुक्ति के आवेदन का परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही करने के दिए निर्देश
कोरबा। कलेक्टर जनदर्शन में कलेक्टर अजीत वसंत ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनदर्शन में ट्राईसायकल प्रदान करने, पेंशन, मुआवजा, अनुकम्पा नियुक्ति, स्वास्थ्य उपचार, अतिक्रमण हटाने, वनाधिकार पट्टा, प्रधानमंत्री आवास की मांग, भूमि संबंधी विवाद का निराकरण सहित अन्य समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित आवेदनों को विभागीय अधिकारियों को प्रेषित किया और जांच कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए हैं। जनदर्शन में कुल 86 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में कोहड़िया के दिव्यांग चिन्मयानंद चन्द्रा द्वारा मोटराइज्ड ट्राइसाइकल की मांग एवं पेंशन दिलाने सम्बंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने जनदर्शन में दिव्यांगों द्वारा ट्राइसाइकल एवं पेंशन संबंधित दिए जा रहे सभी आवेदनों का परीक्षण कर पात्रतानुसार पात्र हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकल/ट्राइसाइकल/व्हील चेयर/ब्लाइंड स्टिक/श्रवण यंत्र जैसे सहायक उपकरण वितरण कराने के निर्देश उप संचालक समाज कल्याण विभाग को दिए। साथ ही पेंशन के लिए पात्र लोगों को भी पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे दिव्यांगों जिन्हें कुछ माह पूर्व ही बैटरी चलित ट्राइसाइकल प्रदान की गई है एवं जिसे सुधार की आवश्यकता है उनका शीघ्रता से रिपेयरिंग कराकर दिव्यांग जनों को राहत पहुँचाया जाए।
इसी तरह नेहरू नगर बाल्को के रहने वाली किरण निर्मलकर द्वारा बाल्को कंपनी में अनुकंपा नियुक्ति दिलाने के लिए आवेदन किया गया। उसने बताया कि उसके पिता पितांम्बर लाल निर्मलकर बाल्को संयंत्र के 1200 मेगावाट के ठेकेदारी में नियमित एलटीएस कर्मचारी थे। अक्टूबर 2023 में उसके पिता की आकस्मिक मृत्यु हो गई। जिसके नियमानुसार मृतक की परिजन को अनुकम्पा नियुक्ति मिलनी थी। इस हेतु उसके द्वारा आवेदन भी प्रस्तुत किया गया है। कलेक्टर ने श्रम अधिकारी को प्रकरण की परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सरगबुंदिया निवासी राम लाल उरांव द्वारा निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग में उपयोग हेतु डंप किए गए राखड़ का बरसात के समय मे अपने खेत मे बह कर खेत में भर जाने से हुए फसल नुकसान का मुआवजा व खेत की सफाई कराने हेतु आवेदन दिया गया। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारी को आवेदन की जांच कर आवेदक को राहत पहुचाने हेतु निर्देशित किया। आज जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए ग्रामीणों एवं आम नागरिकों ने आवेदन दिए। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों पर शासन के नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अपर कलेक्टर दिनेश कुमार नाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मरवाही में सरोज के लिए विधायक नीलकंठ टेकाम ने किया प्रचार
मरवाही । कोरबा लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सरोज पांडेय के पक्ष में मरवाही विधानसभा के ग्राम पंचायत पीपलामार सहित अन्य ग्रामो के केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने नुक्कड़ सभा को सम्बोधित किया!
बोर्ड परीक्षा परिणाम से बच्चों में उत्पन्न तनाव को दूर करने के लिए एडवाइजरी जारी
कोरबा । आगामी सप्ताह कक्षा दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे। परीक्षा परिणाम घोषित होने के पूर्व तनाव एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, किंतु कई बच्चे बेहतर परीक्षा परिणाम नहीं आने के कारण तनाव के कारण अवसाद ग्रस्त हो जाते हैं। यह समय बच्चों और उनके पालकों के लिए अत्यंत संवेदनशील होता है।
कलेक्टर अजीत वसंत ने जिला शिक्षा अधिकारी टी पी उपाध्याय को परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों में होने वाले तनाव को दूर करने हेतु विस्तृत कार्य योजना बनाकर कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक लेकर विद्यार्थियों को तनाव से दूर करने हेतु एक अच्छा माहौल बनाने के निर्देश दिए। जिसमें शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य और सभी शिक्षक सम्मिलित होंगे। साथ ही विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराने की बात कही। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया की परीक्षा का तनाव अपनी जगह है परंतु तनाव के कारण हमारे जिले में एक भी बच्चा अप्रिय कदम ना उठाएं, इसके लिए सबको मिलकर प्रयास करना होगा। इसके लिए अधिकारी गण, प्राचार्य शिक्षक गण और पालक सभी अपनी-अपनी भूमिका को समझें और बच्चे को अवसाद से बाहर करते हुए उन्हें बताएं की बोर्ड परीक्षा अंतिम परीक्षा नहीं है। बच्चों के सामने समाज के कुछ अच्छे उदाहरण रख कर उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंस/ गूगल मीट/सोशल मीडिया के माध्यम से जिले के वरिष्ठ अधिकारी, प्रमुख शिक्षाविद, मनोवैज्ञानिक और मनोचिकित्सको से बच्चों का सीधे वर्चुअली संवाद कराने की बात कही। जिससे बच्चों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया जा सके।
वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़ने का दिन समय व लिंक के संबंध में बच्चों को पूर्व सूचित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि वर्चुअली कार्यक्रम में सभी बच्चों एवं उनके पालकों को अनिवार्य रुप से जोड़ने हेतु प्रेरित करें।
कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि बच्चों को तनावमुक्त करने हेतु पालकों से संपर्क कर घर पर अच्छा माहौल बनाया जाए। साथ ही सभी पालक अपने बच्चों को रिजल्ट से नही घबराने के लिए प्रोत्साहित करें। किसी भी बच्चे अथवा उसके पालक को कोई भी समस्या है तो वह तत्काल मनोवैज्ञानिकों से और जिला प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
गौरतलब है कि बच्चों के तनावग्रस्त होने के प्रमुख कारणों के संबंध में बच्चों का खुद की महत्वाकांक्षा (एक्सपेक्टेशन), साथियों से तुलना, शिक्षकों द्वारा कक्षा में विद्यार्थियों पर डाले गए दबाव एवं पालको और पड़ोसियों का प्रेशर बच्चों को ज्यादा तनावग्रस्त करता है। इसके लिए ब्लॉक और स्कूल के सभी अधिकारी कर्मचारी एक-एक बच्चों तक पहुंचे और यदि बच्चों में तनाव के कोई भी लक्षण है तो उन्हें दूर करने का प्रयास करें।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन इंजीनियर की संदिग्ध मौत...
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में जल संसाधान विभाग के कार्यपालन इंजीनियर की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उनका शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, मानिकपुर चौकी क्षेत्र के घंटाघर के पास पावर हाईट्स के मून ब्लॉक निवासी राजेश धवनकर जल संसाधन विभाग में एग्जीक्यूटिव इंजीनयर थे। उन्हें गुरुवार देर शाम इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया गया था।
सिर और सीने पर मिले चोट के निशान
अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके सिर और सीने पर चोट के निशान मिले हैं। मामला संदिग्ध लगने पर डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सीएसपी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पूछताछ में अलग-अलग बातें सामने आईं
पुलिस अफसरों ने उनकी हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ में अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। इसके चलते मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा।
कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टोरेट सभा कक्ष में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टोरेट सभा कक्ष में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग के चिन्हांकित ब्लैक स्पाट में सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए ओवर स्पीडिंग को नियंत्रित करने के लिए कहा है। इसके लिए आवश्यक सुरक्षा साधनों का उपयोग करने एवं प्रस्तावित कार्यो को शीघ्र प्रारंभ कराने की बात कही।
इस अवसर पर उपस्थित रहे
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, एडिशनल एसपी नेहा वर्मा, जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा, सार्वजनिक उपक्रम एसईसीएल, बाल्को, पीडब्ल्यूडी, नेशनल हाईवे, एनएचएआइ, एनएचपीडब्ल्यूडी, इरकान, परिवहन, यातायात सहित अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। एनएच में सड़क सुरक्षा के लिए किए जाने वाले आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में ली जानकारी बैठक में कलेक्टर ने जिले में सड़क सुरक्षा से संबंधित किए गए प्रयास, सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण, दुर्घटना नियंत्रण के उपाय व सड़क सुरक्षा जागरूकता के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने कार्यो की जानकारी ली
कलेक्टर द्वारा जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग में सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए डीएमएफ मद से प्रस्तावित कार्यो की भी जानकारी ली। पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा चिन्हांकित सभी ब्लैक स्पाट स्थानों में रेट्रोरिफ्लेक्टिव ट्रैफिक साइन, स्पीडगन, सीसीटीवी कैमरा, क्रैश बैरियर, हाई मास्ट लाइट, होर्डिंग्स लगाने जैसे अन्य कार्य किए जाएंगे। जिससे इन स्थानों पर रात्रि में प्रकाश की व्यवस्था हो सके व रात में यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नही हो एवं आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके। राष्ट्रीय राजमार्ग में दुर्घटना जन्य क्षेत्रों से पहले गाड़ियों की स्पीड नियंत्रण के लिए होर्डिंग्स व साइन बोर्ड प्रदर्शित किया जाएगा साथ ही यथा स्थानों में स्पीडगन भी स्थापित किए जाएंगे। इससे ओवर स्पीड करने वाले वाहन चालकों पर कार्यवाही की जा सकेगी। आवश्यक स्थानों में पेड़ों पर रेडियम रिफ्लेक्टर, संकेतक, ब्लिंकर भी लगाया जाएगा। साथ ही छोटे मार्गो से मुख्य मार्गो को जोड़ने वाले जंक्शन पाइंट पर रंबल स्ट्रीप भी लगाया जाएगा।
सख्त कार्यवाही करने के निर्देश
कलेक्टर ने एनएच में डीएमएफ से लगने वाले स्पीडगन सीसीटीवी कैमरा जैसे तकनीकी उपकरणों को शासकीय संस्थानों के नजदीक स्थापित करने के लिए कहा। जिससे इनकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना में होने वाले मृत्यु के कारणों की समीक्षा करते हुए बिना हेलमेट व बिना सीट बेल्ट लगाए यात्रा करने वालों , सिग्नल तोड़ने व ओवर स्पीडिंग करने वालों पर चालान करने के निर्देश दिए साथ ही शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले चालकों पर सख्त कार्यवाही करने व लाइसेंस निरस्त करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। परसाभाठा चौक में 10 दिवस के अंदर स्ट्रीट लाइट व कैमरा लगाएं
कलेक्टर ने बाल्को द्वारा किये जाने वाले मरम्मत कार्यों में लापरवाही बरतने पर नाराजगी जाहिर करते हुए परसाभाठा से बजरंग चौक तक 10 दिवस के अंदर स्ट्रीट लाइट व कैमरा लगाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सार्वजनिक उपक्रम एसईसीएल गेवरा, दीपका, कुसमुंडा के अधिकारियों को भी अपने क्षेत्रों में बरसात के दौरान संभव मरम्मत कार्यो को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया।