छत्तीसगढ़ / सूरजपुर
शासकीय महाविद्यालय सिलफिली में पेंटिंग और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन
छात्र-छात्राओं ने रचनात्मकता और सामाजिक चेतना का दिया संदेश
सूरजपुर, 10 अक्टूबर 2025
शासकीय महाविद्यालय सिलफिली में दो कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्य श्री अमित सिंह बनाकर के मार्गदर्शन में हुआ। पहला ड्राइंग, पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर छत्तीसगढ़ के तहत कराया गया। जिसमें एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने पेंटिंग के माध्यम से अपने विचार प्रदर्शित किये। महाविद्यालय की छात्रा सुनीता बीकॉम तृतीय वर्ष ने स्टॉप चाइल्ड लेबर विषय पर पेंटिंग बनाई और मैसेज दिया कि खेल और शिक्षा को हाँ कहें, बाल श्रम को ना कहें। बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र शिव शंकर राजवाड़े ने ’’जंगल जमीन हमारा अधिकार’’ विषय पर चित्र बनाया उन्होंने बताया कि जल जंगल की रक्षा करने पर ही वन्य प्राणी की सुरक्षा एवं मानव सुरक्षा होगी।
आज धन से वन जंगल को तोला जा रहा है जो गलत है। सिमरन रजवाड़े बीएससी तृतीय वर्ष ने पेंटिंग के माध्यम से ’’उसका हक उसकी ताकत’’, ’’समानता से सम्मान’’ विषय को लेकर प्रेरणादायक मैसेज दिया। मनीषा राजवाड़े एवं भारती राजवाड़े बीएससी फर्स्ट सेमेस्टर में बाल श्रम रोकें विषय पर चित्र बनाया उन्होंने मैसेज दिया सभी बच्चों को प्यार और सुरक्षा, स्वस्थ भोजन और चिकित्सा देखभाल का अधिकार है। शिक्षा शुरू करें। बच्चों को औज़ार न दें, बल्कि उन्हें स्कूल भेजें।
दूसरा कार्यक्रम स्विप कार्य योजना के तहत राज्य मतदाता जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम नारा लेखन एवं वीडियो प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें एनएसएस एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मौलिक एवं स्वलिखित नारे बनाए। मतदाता सूचियां में ऑनलाइन नाम दर्ज करवाने हेतु प्रेरक नारा, मतदान करने हेतु प्रेरक नारे, भय एवं लोभ से मुक्त होकर मतदान को प्रेरित करते नारों के वीडियो बनाए गए।
इस कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं स्विप नोडल अधिकारी श्रीमती शालिनी शांता कुजूर एवं सहायक अध्यापक अंग्रेजी श्रीमती अंजना ने किया। इस कार्यक्रम में अधिकार मित्र के रूप में श्री चिरंजीव लाल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छत्तीसगढ़ उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने किया सूरजपुर नगर के वार्ड 7 एवं 8 का प्रातः भ्रमण
सूरजपुर, 10 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने आज प्रातः नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता रजवाड़े, उपाध्यक्ष श्री शैलेष अग्रवाल, तहसीलदार सूरजपुर, सीएमओ सूरजपुर एवं पार्षद गण सहित सूरजपुर नगर के वार्ड क्रमांक 7 एवं 8 का भ्रमण किया।
इस दौरान कलेक्टर ने वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नगर की व्यवस्था में और सुधार लाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि नगर की स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए नियमित निगरानी और जनभागीदारी जरूरी है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग की बैठक 14 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में
सूरजपुर, 10 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग, रायपुर के अध्यक्ष श्री आर.एस. विश्वकर्मा तथा सदस्यगण श्री नीलांबर नायक, श्री यशवंत सिंह वर्मा, श्री बलदाऊ राम साहू, श्री हरिशंकर यादव, श्रीमती शैलेन्द्री परगनिल एवं श्री कृष्णा गुप्ता की उपस्थिति में जिले के विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
यह बैठक दिनांक 14 अक्टूबर 2025 (मंगलवार) को दोपहर 3.00 बजे से सायं 4.00 बजे तक जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, सूरजपुर में आयोजित होगी।
बैठक में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों में अन्य पिछड़ा वर्ग के हितों, सहभागिता एवं जनगणना से संबंधित विषयों की समीक्षा की जाएगी।
जनसेवा ही हमारा संकल्प - मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने जनदर्शन में सुनी जनता की समस्याएँ, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
खनिज न्यास की योजनाओं से होगा जनजीवन में सुधार - सूरजपुर में शासी परिषद की बैठक संपन्न
9 अक्टूबर 2025

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि जनसेवा ही हमारा संकल्प है, जनता की प्रत्येक समस्या का समाधान सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आज अपने निवास बीरपुर जिला सूरजपुर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुँचे नागरिकों की समस्याएँ और सुझाव सुनी। उन्होंने अधिकारियों को हर आवेदन पर आवश्यक और त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का निराकरण स्थल पर ही सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से जनता तक पहुँच सके।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की अध्यक्षता में आज जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) सूरजपुर की शासी परिषद की बैठक भी जिला पंचायत कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में सांसद श्री चिंतामणि महराज, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े, कलेक्टर सहित जिले के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में खनिज न्यास निधि से संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई और विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने निर्देश दिए कि खनिज न्यास निधि से संचालित सभी योजनाएँ जनजीवन के उत्थान में सार्थक योगदान दें, तथा उनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि खनिज क्षेत्र से प्राप्त संसाधनों का अधिकतम लाभ स्थानीय जनता को मिले और इन योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पोषण, सड़क एवं रोजगार के क्षेत्र में स्थायी सुधार हो।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से जुड़ेंगे ग्रामीण अंचल, अब गांवों तक पहुंचेगी यातायात सुविधा
जिले मे 03 बसों से की गई है शुरुआत
परिवहन विभाग ने जारी किया रूट चार्ट व समय-सारणी
सूरजपुर, 08 अक्टूबर 2025
जिले के ग्रामीण अंचलों को जिला मुख्यालय से जोड़ने और आम नागरिकों को सुलभ व सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का शुभारंभ जिले में शनिवार 04 अक्टूबर को किया गया है। जिसके तहत जिला सूरजपुर में 03 यात्री वाहन / बस का संचालन प्रारंभ किया गया है।जिला परिवहन विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार इनके संचालित मार्ग एवं समय की जानकारी निम्नानुसार है:-
(1) बस क्रमांक-CG14MR 2295
संचालित मार्ग सूरजपुर (09:01 बजे प्रस्थान ) से प्रतापपुर ( 12:25 बजे पहुंच) व्हाया विश्रामपुर, कसलगिरी, लटोरी, बृजनगर, कल्याणपुर, अखोरकला एवं वापसी फेरे प्रतापपुर से छूट समय 14:25 बजे एवं सूरजपुर पहुंच समय 17:55 बजे में संचालित है।
(2) बस क्रमांक--CG 15AB 0263
मार्ग घूईडीह (08.20 प्रस्थान) से ओड़गी (10:10 बजे पहुंच) व्हाया छतरंग, खरहीजोर, कैलाशनगर, बांक एवं प्रथम वापसी फेरे में ओड़गी से 11:00 बजे छूट एवं घूईडीह 13:20 बजे पहुंच है। दूसरे फेरे में पुन: घूईडीह से छूट समय 14:00 बजे तथा ओड़गी पहुंच समय 16:10 एवं द्वितीय वापसी फेरे में ओड़गी से छूट समय 17:10 एवं घूईडीह पहुंच 18:50 बजे। इस प्रकार दो वापसी फेरे में संचालित किया जा रहा है।
(3) बस क्रमांक-CG 15 AB 0280
मार्ग बैकुंठपुर(छूट 08:10 बजे) से सूरजपुर (पहुंच 10:10 बजे) व्हाया छिंदिया, मांजा, पोड़ी, देवनगर, चंपकनगर, चंदरपुर ।
प्रथम वापसी फेरे में सूरजपुर छूट समय 10:50 बजे, बैकुंठपुर पहुंच 12:45 बजे है।
दूसरे फेरे में बैकुठपुर छूट 15:00 बजे, सूरजपुर पहुंच 16:40 बजे।दूसरे वापसी फेरे में सूरजपुर छूट समय 17:00 बजे एवं बैकुंठपुर पहुंच समय 19:00 बजे है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बसों का संचालन प्रतिदिन निर्धारित समय पर जन सुविधा हेतु किया जा रहा है।
शासकीय उ.मा. विद्यालय शिवप्रसादनगर में बालिका सशक्तिकरण माह अंतर्गत किया गया जागरूकता कार्यक्रम
सूरजपुर, 08 अक्टूबर 2025
शिवप्रसाद नगर के शासकीय उ.मा. विद्यालय में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के आदेशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। जिसमें छात्राओं को बालिका सशक्तिकरण माह अंतर्गत मेंटल हेल्थ से संबंधित समस्याओं के बारे में अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग, महिला सशक्तिकरण (हब) मिशन शक्ति के अंतर्गत जिला मिशन समन्वयक श्रीमती शारदा सिंह के नेतृत्व में किया गया है। जिसमे कन्या भ्रूण हत्या निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम, सखी वन स्टॉप सेंटर, कार्य स्थल पर महिलाओ का लैगिंग उत्पीडन अधिनियम 2013 एवं महिला हेल्पलाइन नंबर 181, 1098, 112 की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में श्री जनार्दन द्वारा बाल-विवाह, गुड टच वैड टच, एवं लैंगिक अपराध इत्यादि के विषय में अन्य जानकारियां दी गई।
विद्यालय के प्राचार्य एवं सभी शिक्षको के सहयोग से सत्र का सफल आयोजन किया गया। जेण्डर विशेषज्ञ पूनम राजवाड़े एवं सलोमी कुजूर द्वारा बालिका सशक्तिकरण माह कार्यक्रम का आयोजन अत्यधिक उत्साह और अनुशासन के साथ सम्पन्न कराया गया।
समय सीमा की बैठक में आदि कर्मयोगी योजना को लेकर की गई चर्चा
गांव की मूलभूत आवश्यकताओं को चिह्नित करते हुए समावेशी विलेज एक्शन प्लान निर्धारित करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
-प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से लोगो को जोड़ने के लिये करें वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार: कलेक्टर
सूरजपुर, 07 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में आज समय सीमा की बैठक संयुक्त जिला कार्यालय के सभा कक्ष में रखी गई थी। समय सीमा की बैठक में आदि कर्मयोगी अंतर्गत तैयार किये जा रहे विलेज एक्शन प्लान को लेकर वृहद चर्चा की गई। जिसमें गांव की मूलभूत आवश्यकताओं को चिह्नित करते हुए समावेशी विलेज एक्शन प्लान निर्धारित करने हेतु संबंधितो को आवश्यक दिशा निर्देश कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने दिए। उन्होने कहा 2030 तक इन विलेज एक्शन प्लान के तहत कार्य किया जाना है, इसलिए आवश्यक है कि विलेज एक्शन प्लान के तहत बनने वाली कार्य योजना में ग्राम विकास को लेकर सभी बुनियादी बातों का समावेश हो। विदित हो कि ग्राम सभा के अनुमोदन के उपरांत प्रस्तावों को आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास के माध्यम से राज्य एवं केंद्र सरकार को भेजा जायेगा, जिसमें मांग के स्वरूप ठोस कदम उठाये जायेंगे। इसके साथ ही उन्होंने आदि कर्मयोगी के तहत होने वाले कार्य की अद्यतन जानकारी ऑफिशियल पोर्टल में निर्धारित समय सीमा में इंद्राज कराने के निर्देश संबंधितो को दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अद्यतन स्थिति के संबंध मे जानकारी ली गई। योजना का लाभ जिले के ज्यादा से ज्यादा लोगों को मिल सकें इस हेतु उन्होने योजना का वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बिजली विभाग के संबंधित अधिकारी, नगर पंचायत सीएमओ, सौर उर्जा संयंत्र स्थापित करने वाले वेण्डर, चेम्बर ऑफ कॉमर्स व बैंकर्स के साथ एक संयुक्त बैठक के निर्देश दिए ताकि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को बढ़ावा मिले और ज्यादा से ज्यादा लोग इस योजना से जुड़ने से प्रोत्साहित हो।
इसके साथ ही क्रमबद्ध शासकीय योजनाओं एवं विभागीय कार्य की समीक्षा की गई, मुख्यमंत्री जन शिकायत, मुख्यमंत्री जन चौपाल, पीएमओ पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन और समय सीमा के तहत प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए इनके त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, सर्व एसडीएम, संयुक्त कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र शर्मा व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
शास. प्राथ. शाला उरांव पारा मदनेश्वरपुर मे किया गया सामाजिक अंकेक्षण
सूरजपुर, 07 अक्टुबर 2025
छत्तीसगढ़ शासन के मंशानुरूप कलेक्टर श्री एस जयवर्धन एवं जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा के निर्देशानुसार पुरे जिले मे 6 से 8 अक्टूबर तक सामाजिक अंकेक्षण का कार्य किया जाना है, इसी के तहत विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी एस लकड़ा के मार्गदर्शन मे आज प्राथमिक शाला उरांव पारा मदनेश्वरपुर मे अंकेक्षण समिति और नोडल अधिकारी द्वारा ग्रामीणों की उपस्थिति मे अंकेक्षण का कार्य किया गया। जिसमे शासन द्वारा तैयार किये 20 प्रश्नों के आधार पर विद्यालय का अवलोकन किया गया। इस सामाजिक अंकेक्षण के प्रति ग्रामीण जनो मे एक अलग ही उत्साह दिखा और अंकेक्षण के पश्चात् उनके चेहरे पर एक तरह की संतुष्टि दिखाई पड़ी।
सामाजिक अंकेक्षण में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी), अभिभावक, शिक्षक, विद्यार्थी और ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि शामिल होकर विद्यालय की सभी गतिविधियों का मूल्यांकन किये। इसमें मिड डे मील, पुस्तक वितरण, छात्रवृत्ति, उपस्थिति, स्वच्छता, अधोसंरचना तथा शिक्षण गुणवत्ता जैसी बातों की समीक्षा की गयी ।
प्रधान पाठक संजय साहू ने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण की यह प्रक्रिया न केवल विद्यालय की जवाबदेही को मजबूत करती है, बल्कि समुदाय और विद्यालय के बीच विश्वास एवं सहयोग का वातावरण भी बनाती है। विद्यालय में सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और जनसहभागिता को बढ़ाना है।
वर्ष 2025 में आयोजित सामाजिक अंकेक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यालय में प्राप्त योजनाओं, संसाधनों और सुविधाओं का उपयोग सही ढंग से हो तथा विद्यार्थियों को उसका वास्तविक लाभ मिले। अंकेक्षण मे जनपद सदस्य संध्या रजवाड़े, सरपंच ललिता सिंह, नोडल अधिकारी राम प्रताप साहू, अंकेक्षण समिति के सदस्य रामरतन, बृजाराम, गेंदलाल, पम्पा एक्का, कृस्टिना लकड़ा, राजलाल, शिवप्रसाद साहू, शिक्षक रामकृपाल साहू, शोभारनी किसपोट्टा और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
मतदाता जागरूकता संबंधित विभिन्न कार्यक्रम हेतु उच्च शैक्षणिक संस्थानों में ’स्वीप’ गतिविधियों का आयोजन
सूरजपुर/ 07 अक्टूबर 2025
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार स्वीप कार्ययोजना के तहत राज्य के समस्त उच्च शैक्षणिक संस्थानों में 01 से 15 अक्टूबर 2025 तक मतदाता जागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रमों का उद्देश्य उच्च शैक्षणिक संस्थाओं में अध्ययनरत युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने एवं आमजनों के मध्य मतदाता जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य के समस्त उच्च शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न अकादमिक प्रतियोगिताओं किया जाना है। कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता से संबंधित परिचर्चा, निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक सहित अनेक अकादमिक गतिविधियाँ की जायेगी। परिचर्चा का विषय- “लोकतंत्र बनाम चुनावी राजनीति’’ क्या हम असली मुद्दों से भटक रहे हैं, वहीं निबंध प्रतियोगिता का विषय- “लोकतंत्र में निर्वाचन प्रक्रिया पर मीडिया की भूमिका”। इसके अलावा चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर नुक्कड़ नाटक और अन्य प्रतियोगिताएँ भी संस्था की सहमति से कराई जाएंगी। उच्च शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों के लिए नारा लेखन एवं वीडियो प्रस्तुति प्रतियोगिता भी रखी गई है। इसमें छात्र-छात्राएँ मतदान से संबंधित प्रेरक नारे तैयार करेंगे और 15 से 30 सेकंड का छोटा वीडियो बनाकर प्रस्तुत करेंगे। नारे पूरी तरह मौलिक एवं स्वलिखित होने चाहिए, नकल किए गए नारे मान्य नहीं होंगे।
प्रतियोगिता में भागीदारी करने वाले छात्र अपने वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफार्म जैसे फेसबुक, एक्स एवं इंस्टाग्राम पर पोस्ट करेंगे। वीडियो पोस्ट करते समय #GoRegister और #GoVerify का उपयोग करना अनिवार्य होगा तथा @CEOChhattisgarh को टैग करना होगा।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस' योजना हुई शुरू
सूरजपुर, 4 अक्टूबर 2025
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर से आज "मुख्यमंत्री ग्रामीण बस" योजना का शुभारंभ आज जगदलपुर से किया।
उक्त योजना में जिला सूरजपुर में संचालित होने वाली बस को आज पुराना बस स्टैंड अग्रसेन चौक से विधायक प्रेमनगर श्री भूलन सिंह मराबी द्वारा हरी झंडी दिखाकर मुख्यमंत्री ग्रामीण बस को सूरजपुर से रवाना किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा , जनपद अध्यक्ष सूरजपुर श्रीमती स्वाति सिंह , जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष महतो, जिला परिवहन अधिकारी श्री योगेश भंडारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से ग्रामीण अंचल के लोगों को बस सुविधा का विशेष लाभ मिलेगा एवं बस संचालकों को शासन द्वारा संचालन हेतु वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। सूरजपुर जिले से वर्तमान में तीन बसों का संचालन किया जायेगा जिनकी संख्या भविष्य में और बढ़ेगी।
ग्राम भाड़ी (ओड़गी) में डायरिया की शिकायत पर कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश
सूरजपुर/3 अक्टूबर 2025
ग्राम भाड़ी तहसील ओड़गी में डायरिया फैलने की शिकायत प्राप्त होने पर कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार तहसीलदार ने तत्काल ग्राम का दौरा किया।
दौरे के दौरान तहसीलदार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम, पंचायत प्रतिनिधियों एवं पीएचई विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्र में त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता व सुरक्षित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जागरूकता पर जोर दिया।
महात्मा गांधी जयंती पर ग्राम पंचायत चेंद्रा में आयोजित हुई विशेष ग्रामसभा, स्वच्छाग्रही दीदियों का हुआ सम्मान
सूरजपुर/ 02 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत चेंद्रा, जनपद पंचायत ओड़गी में महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्वच्छता श्रमदान एवं स्वच्छता शपथ दिलाई गई। इस दौरान स्वच्छता अभियान में सक्रिय योगदान देने वाली स्वच्छाग्रही दीदियों को सम्मानित किया गया।
ग्रामसभा में मुख्य अतिथि के रूप में वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्रीमती चांदनी कंवर, पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इसी अवसर पर जनपद पंचायत ओड़गी प्रांगण में भी स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ मुख्य अतिथियों, जनपद सदस्यों, बिहान की स्वच्छाग्रही दीदियों, जनपद पंचायत अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में सभी को स्वच्छता शपथ दिलाई गई।
आदि कर्मयोगी अभियान के तहत ग्राम सभा का किया गया आयोजन
सूरजपुर/ 03 अक्टूबर 2025
आदि कर्मयोगी अभियान के तहत आज ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामवासियों ने भाग लेकर योजना के उद्देश्य और कार्यान्वयन पर चर्चा की।
इस अभियान का लक्ष्य आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छ जल, बिजली, आजीविका, डिजिटल कनेक्टिविटी एवं सांस्कृतिक संरक्षण द्वारा आदिवासी समुदाय के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। ग्राम सभा में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों को लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।
इस मौके पर ग्राम वासियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और ग्राम विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। ग्राम सभा में ग्राम योजना, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जल-संपदा जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
आदि कर्मयोगी अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के समावेशी, उत्तरदायी और पारदर्शी शासन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में विकास योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
गांव-गांव में डिजिटल सशक्तिकरण
अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र से ग्रामीणों को मिल रही बैंकिंग व अन्य सेवाओं का लाभ: मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े
24 सितम्बर 2025


महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले में अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण अंचलों को बैंकिंग सहित सभी सीएससी सेवाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े सूरजपुर जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित एक बैठक को संबोधित कर रही थीं। इस बैठक में जिले के सभी सरपंचों एवं सीएससी द्वारा अधिकृत वीएलई (Village Level Entrepreneur) उपस्थित रहे।
बैठक में चर्चा की गई कि अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं, बिजली बिल भुगतान, पेंशन व बीमा योजनाएं, आधार व अन्य शासकीय योजनाओं की सेवाएं सीधे पंचायत स्तर पर उपलब्ध होंगी।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि यह केंद्र ग्रामीणों की समय और संसाधन की बचत के साथ-साथ उन्हें डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने सरपंचों और वीएलई से अपील की कि वे पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक इन सेवाओं का लाभ पहुँचाएँ।
बैठक में विधायक श्री भुलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
GST में कमी से जनता को सीधी राहत : मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े
सूरजपुर की दुकानों में ग्राहकों से की सीधी बातचीत, जागरूकता के लिए लगाए गए स्टीकर
24 सितम्बर 2025

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के विभिन्न दुकानों का भ्रमण कर ग्राहकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने वस्तु एवं सेवा कर (GST) में कमी से आमजन को मिलने वाले प्रत्यक्ष लाभ की जानकारी दी और कहा कि यह कदम लोगों की आर्थिक बोझ को कम करने के लिए उठाया गया है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य सरकार आम जनता के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर GST में भारी कमी की है। GST में कमी से लोगों की रोज़मर्रा की आवश्यक वस्तुएँ अब और भी किफायती हो गई हैं। यह पहल गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

ग्राहकों ने भी मंत्री से बातचीत करते हुए अपनी संतुष्टि जाहिर की। एक ग्राहक ने कहा कि अब बाजार में सामान की कीमतें पहले से कम हैं, जिससे परिवार की ज़रूरतें पूरी करने में सहूलियत हो रही है। वहीं छोटे व्यापारियों ने भी बताया कि इससे ग्राहकों का रुझान बढ़ा है और बिक्री में सकारात्मक असर देखी जा रही है।
जागरूकता अभियान के तहत दुकानों में विशेष स्टीकर लगाए गए, ताकि आम लोग GST में कमी से मिलने वाले फायदों से अवगत हो सकें। मंत्री ने उपस्थित नागरिकों से कहा कि वे भी अपने आस-पास के लोगों को इसके बारे में जानकारी दें, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
इस अवसर पर विधायक श्री भुलन सिंह मरावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में सेवा पखवाड़ा के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों का सम्मान
सूरजपुर, 23 सितंबर 2025


सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत सूरजपुर जिले में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, सम्मान एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और कहा कि सेवा पखवाड़ा समाज की भलाई और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में स्वास्थ्य, स्वच्छता और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी अनेक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा है।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि दिव्यांगजन समाज में समान अधिकार और सम्मान के अधिकारी हैं। उन्होंने दिव्यांग विवाह सहायता योजना, स्वरोजगार तथा रोजगारपरक योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आह्वान किया कि दिव्यांगजन शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से अपने जीवन को बेहतर दिशा दें, सरकार हर कदम पर सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रीमती राजवाड़े ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़ा पूरे देश में सकारात्मक बदलाव का अभियान है। इस दौरान स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता जागरूकता, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे अनेक जनकल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई और समाज में स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और मेडिकल प्रमाण पत्र बनाए गए। साथ ही जरूरतमंदों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने लोगों से “मां के नाम से एक पेड़ लगाने” की अपील भी की।
कार्यक्रम में विधायक श्री भूलन सिंह मरावी जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष श्री रेखलाल रजवाड़े, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले, मुरली मनोहर सोनी, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री बाबूलाल अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वास्थ्य शिविर में दी भागीदारी
अग्रसेन जयंती कार्यक्रम में हुई शामिल
विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण कर ली कार्यों की जानकारी
22 सितम्बर 2025




महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज भटगांव विधानसभा अंतर्गत भैयाथान में कई कार्यक्रमों में भाग लेकर क्षेत्रवासियों से संवाद स्थापित किया और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े इस दौरान ग्राम बंजा के उपस्वास्थ्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को निःशुल्क परामर्श एवं उपचार की सुविधा दी गई, जिससे लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला।
मंत्री भैयाथान स्थित मंगल भवन में आयोजित अग्रसेन जयंती समारोह में भाग ली। समाज के प्रबुद्धजनों एवं नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य रूप दिया। इस अवसर पर मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा, “अग्रसेन महाराज के आदर्शों को जीवन में अपनाकर हम समाज में भाईचारे, समानता और सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत कर सकते हैं। हमें समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।”
भैयाथान प्रवास के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, जनपद कार्यालय, विकासखंड कार्यालय एवं शिक्षा अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से विभिन्न कार्यों की जानकारी ली और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की।