छत्तीसगढ़ / सरगुजा
जनगणना कार्य हेतु विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए जारी निविदा निरस्त
अंबिकापुर, 23 फरवरी 2026
अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि भारत की जनगणना 2027 कार्य हेतु जिला कार्यालय एवं जिले के अंतर्गत समस्त तहसीलों एवं नगरीय निकायों में तकनीकी सहायकों एवं बहु कार्य कर्मचारियों हेतु 16 कार्मिक की कुल 18 माह की अवधि हेतु नियुक्ति के लिए निविदा जारी किया गया था। यह निविदा अपरिहार्य कार्यों से निरस्त की जाती है। नवीन निविदा आहूत किये जाने की सूचना पृथक से प्रकाशित की जाएगी।
समाचार क्रमांक 115/2026/मेघा
भारतीय थल सेना (अग्निवीर) भर्ती हेतु 01 अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन
अंबिकापुर, 23 फरवरी 2026
उपसंचालक रोजगार ने बताया कि भारतीय थल सेना (अग्निवीर) भर्ती के लिये ऑनलाईन आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 01 अप्रैल 2026 तक अधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर (पुरुष), जनरल तकनीकी, लिपिक/स्टोरकीपर, ट्रेडमैन ड्युटी अग्निवीर, टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क, स्टोर कीपर एवं अग्निवीर ट्रेड के पदों पर भर्ती की कार्यवाही की जावेगी। इस भर्ती रैली में सम्मिलित होने के लिए आवेदकों की अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता पदवार 8वी, 10वीं उत्तीर्ण तथा अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) सहित स्थायी कैडर नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट (वेट) एवं सिपाही फार्मा के पदों पर भर्ती की जाएगी। ऑनलाईन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) 1 जून से 10 जून 2026 के मध्य आयोजित किए जाने की संभावना है। परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप स्थित सेना भर्ती कार्यालय नया रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बरगीडीह हुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नत
अंबिकापुर : प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बरगीडीह हुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नत
हाईस्कूल मुख्य परीक्षा 2026 का हिन्दी विषय पेपर शांतिपूर्वक संपन्न
अंबिकापुर : हाईस्कूल मुख्य परीक्षा 2026 का हिन्दी विषय पेपर शांतिपूर्वक संपन्न
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों की ली बैठक
अंबिकापुर : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के उपरांत मतदाता सूची प्रकाशित
विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की शुरुआत
अम्बिकापुर में गठित फोरम से सरगुजा संभाग के उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत
अंबिकापुर 19 फरवरी 2026
प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अंतर्गत अम्बिकापुर सहित राज्य में कुल 10 नए विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम का गठन किया गया है। अम्बिकापुर में गठित फोरम से सरगुजा संभाग के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
अम्बिकापुर विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में अध्यक्ष पद पर श्री दिलीप कुमार सैनी तथा सदस्य पद पर श्रीमती मेरी लिली तिर्की की पदस्थापना की गई है। फोरम का कार्यालय सीएसपीडीसीएल के प्रशासनिक भवन, बिशुनपुर, अम्बिकापुर में संचालित हो रहा है, जहां उपभोक्ता अपनी विद्युत संबंधी शिकायतें प्रस्तुत कर सकेंगे।
फोरम के गठन का उद्देश्य विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करना है। इससे बिल संबंधी त्रुटि, विद्युत आपूर्ति, कनेक्शन, मीटर, वोल्टेज अथवा अन्य विद्युत सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
यह पहल भारत सरकार की मंशा के अनुरूप उपभोक्ता हितों की सुरक्षा एवं सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नए फोरम की स्थापना से उपभोक्ताओं को न्यायसंगत, सुलभ एवं प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र उपलब्ध होगा।
विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, अम्बिकापुर द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अपनी विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन प्रस्तुत कर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन हेतु 06 मार्च तक आवेदन आमंत्रित
जिला खनिज संस्थान न्यास सहायक ग्रेड-03 (संविदा) पद हेतु वरीयता, चयन एवं प्रतीक्षा सूची जारी
सुशासन को नई दिशा: सरगुजा संभाग में iGOT कर्मयोगी प्रशिक्षण सम्पन्न, प्रशासनिक दक्षता सुदृढ़ करने बड़ा कदम
अंबिकापुर 16 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सुशासन, क्षमता निर्माण एवं परिणामोन्मुख प्रशासन को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पळव्ज् कर्मयोगी संभाग स्तरीय प्रशिक्षण आज कलेक्टर कार्यालय अंबिकापुर में आयोजित किया गया।कार्यक्रम सरगुजा सम्भागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा के मार्गदर्शन एवं कलेक्टर श्री अजीत वसंत के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राज्य स्तर से अवर सचिव छत्तीसगढ़ शासन एवं नोडल अधिकारी ( iGOT कर्मयोगी) सुश्री अंजू सिंह द्वारा अधिकारियों को प्रशिक्षण एवं विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने iGOT प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, भूमिका आधारित प्रशिक्षण मॉड्यूल तथा प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।कार्यक्रम में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चंपावत द्वारा मिशन कर्मयोगी के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी साझा की गई, जिसके अनुरूप प्रशिक्षण को परिणामोन्मुख स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। मुख्य सचिव श्री विकासशील के नेतृत्व में राज्य में प्रशासनिक क्षमता निर्माण, डिजिटल गवर्नेंस एवं नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से iGOT कर्मयोगी कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। प्रशिक्षण में अधिकारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म आधारित शिक्षण प्रणाली, प्रशासनिक सुधार तथा सेवा गुणवत्ता में वृद्धि के विभिन्न आयामों से अवगत कराया गया।प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा संबंधित कार्यालयों के नामित नोडल अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
संभाग आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने अपने संदेश में कहा कि iGOT कर्मयोगी केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रशासनिक कार्यसंस्कृति में परिवर्तन का माध्यम है, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित होंगी।
उल्लेखनीय है कि iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सतत क्षमता निर्माण कर राज्य में सुशासन की अवधारणा को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। यह पहल प्रशासन को दक्ष, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रही है।
मिशन शक्ति अंतर्गत “सखी' (वन स्टॉप सेन्टर) में व्यक्तिगत सेवा प्रदाता के रूप में कार्य करने हेतु आवेदकों के लिए सूचना जारी
कक्षा आठवीं की अंकसूची में ग्रेड अंकित वाले अभ्यर्थी 25 फरवरी को महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में होंगे उपस्थित
अंबिकापुर 16 फरवरी 2026
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिले में संचालित “सखी “वन स्टॉप सेन्टर में दैनिक कार्यों के संचालन व सभी सुसंगत कार्यवाहियों के लिए बहुउद्देशीय कर्माचारी/रसोईया एवं सुरक्षा गार्ड/नाईट गार्ड (सेवाप्रदाता) के रिक्त पदो पर अनिवार्य शैक्षणिक अर्हता कक्षा 8वीं निर्धारित है। ऐसे अभ्यर्थी जिनकी कक्षा 8वीं की अंकसूची में अंक के स्थान पर ग्रेड अंकित है ऐसी अंकसूची में पूर्णाक एवं प्राप्तांक के अंक नहीं होने के कारण अंको का मूल्याकंन नहीं हो पाता है। अतः जिन अभ्यर्थी का कक्षा 8वीं का ग्रेड वाला अंकसूची है ऐसे सभी अभ्यर्थी अंक पत्र, अंकसूची के साथ 25 फरवरी 2026 को जिला कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग कलेक्ट्रेट परिसर अम्बिकापुर जिला सरगुजा (छ.ग.) में उपस्थित रहेंगे।
आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद पर भर्ती हेतु 02 मार्च तक कर सकते हैं आवेदन
अंबिकापुर 16 फरवरी 2026
एकीकृत बाल विकास परियोजना अम्बिकापुर (शहरी) के परियोजना अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंन्द्र में आंगनबाड़ी सहायिका के 01 रिक्त पद हेतु खुली भर्ती से आवेदन पत्र 02 मार्च तक आमंत्रित किये गये हैं। आंगनबाड़ी सहायिका हेतु नेताजी सुभाषचन्द्र बोस वार्ड क्र. 22 आंगनबाड़ी केंन्द्र तकिया रोड केदारपुर में भर्ती की जानी है। जिसकी सूची एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय एवं आयुक्त नगर पालिका निगम अम्बिकापुर के नोटिस बोर्ड में चस्पा कर दी गई है। इस हेतु केवल महिला ही आवेदन कर सकती हैं वे अपना आवेदन पत्र बाल विकास परियोजना अंबिकापुर (शहरी) में कार्य दिवस पर कार्यालयीन समय पर जमा अथवा पंजीकृत डाक द्वारा निर्धारित अवधि तक भेज सकते हैं। नियुक्ति की विस्तृत शर्तें एवं अहर्ताओं के सम्बन्ध में परियोजना कार्यालय, नगर पालिका निगम अम्बिकापुर कार्यालय के सूचना पटल पर देखी जा सकती है
बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की धमाकेदार प्रस्तुति के साथ मैनपाट महोत्सव 2026 का हुआ भव्य समापन
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार रही महोत्सव की शाम, कवि सम्मेलन ने बांधा समा
महाशिवरात्रि पर शिव भजन और शिव ताण्डव नृत्य रहे मुख्य आकर्षण
अंबिकापुर, 16 फरवरी 2026
जिले में 13 से 15 फरवरी तक आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 का भव्य समापन रविवार को उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। अंतिम दिवस के मुख्य आकर्षण के रूप में बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध गायिका कनिका कपूर की लाइव प्रस्तुति ने समापन समारोह को यादगार बना दिया।
कनिका कपूर ने अपने लोकप्रिय गीत “चिट्टियां कलाइयां”, “बेबी डॉल”, “यार ना मिले” सहित कई सुपरहिट बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति दी, जिस पर हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शक झूम उठे। महोत्सव स्थल तालियों और उत्साह से गूंजता रहा। कार्यक्रम में रायगढ़ के कलाकार राकेश शर्मा ने भक्ति, सूफी एवं लोकगीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी रंगारंग संध्या
महोत्सव की अंतिम शाम गीत-संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से सराबोर रही। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रस्तुत शिव भजन एवं शिव ताण्डव नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्होंने आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया
स्थानीय कलाकारों में राहुल मण्डल, मानवी भगत, जय किशन विश्वास, शिवम सिन्हा सहित अन्य प्रतिभाओं ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से दर्शकों की सराहना प्राप्त की। अन्य जिलों से आए कलाकारों में कोरिया जिले के सचिन्द्र कुमार एवं मनेन्द्रगढ़ की जसमीत कौर ने गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। बिलासपुर की नृत्यांगना ज्योति श्री वैष्णव ने कत्थक नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर शास्त्रीय नृत्य की गरिमा को मंच पर साकार किया।आनंद कुमार गुप्ता मदारी आर्ट ग्रुप द्वारा प्रस्तुत भजन, संगीत एवं लोकनृत्य ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। विविध सांस्कृतिक विधाओं का समावेश महोत्सव को बहुरंगी और बहुआयामी स्वरूप प्रदान करता रहा।
कवि सम्मेलन में गूंजी ओज और हास्य की स्वर लहरियां
महोत्सव के अंतिम दिन आयोजित कवि सम्मेलन ने साहित्य प्रेमियों को विशेष आनंद प्रदान किया। जिले के ख्यातिप्राप्त कवियों ने ओज, श्रृंगार, हास्य और व्यंग्य रस से परिपूर्ण कविताओं का पाठ किया। ओजपूर्ण रचनाओं ने जहां देशभक्ति और उत्साह का संचार किया, वहीं हास्य कविताओं ने दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
कवि सम्मेलन में विनोद हर्ष, संतोष सरल, देवेंद्र नाथ दुबे, अंचल सिन्हा, योगेन्द्र गहरवार, राजेश पाण्डेय, आशा पांडे, पूनम दुबे, प्रकाश कश्यप, माधुरी जायसवाल, सपन सिन्हा, मुकुंद लाल साहू, अनीता मंदिलवार, कृष्णकांत पाठक, राजेन्द्र विश्वकर्मा एवं रंजीत सारथी ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक विविधता, स्थानीय कला, साहित्य और मनोरंजन का अद्भुत समागम देखने को मिला।
मैनपाट महोत्सव 2026 का भव्य समापन, सांसद श्री चिंतामणि महाराज रहे मुख्य अतिथि
मैनपाट महोत्सव सरगुजा जिले की पहचान, आने वाले वर्षों में होगा और भव्य आयोजन - सांसद
अंबिकापुर, 16 फरवरी 2026
प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक वैभव के लिए प्रसिद्ध मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 का समापन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने अपने संबोधन में महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि सरगुजा की पहचान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शुभारंभ अवसर पर जिले को विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात दी गई है, जिससे क्षेत्र में अधोसंरचना और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
सांसद ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में मैनपाट निरंतर आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में यह महोत्सव और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोककला, पारंपरिक व्यंजनों एवं मनोरंजन गतिविधियों ने पर्यटकों को आकर्षित किया है।
समापन समारोह में सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने अपने संबोधन में कहा कि मैनपाट महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्थानीय संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव का माध्यम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा मैनपाट में पर्यटन विकास हेतु 1 करोड़ रुपये की राशि की घोषणा की गई है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने तीन दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या, खेल प्रतियोगिताएं, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी, पर्यटन गतिविधियां एवं अन्य आकर्षक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैनपाट पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है और भविष्य में यह आयोजन और अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
समापन समारोह में जिला पंचायत सदस्य रतनी नाग, जनपद पंचायत मैनपाट अध्यक्ष संतोषी पैंकरा, उपाध्यक्ष श्री अनिल सिंह, ग्राम पंचायत रोपाखार के सरपंच श्री सुखुराम, जनप्रतिनिधि श्री आलोक दुबे, श्री रजनीश पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, डीएफओ श्री अभिषेक जोगावत, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
सांसद श्री चिंतामणी महाराज ने किया विभागीय स्टॉलों का अवलोकन
अंबिकापुर, 16 फरवरी 2026
मैनपाट महोत्सव के अवसर पर सांसद श्री चिंतामणी महाराज ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक पहुंच के संबंध में चर्चा की तथा आमजन तक अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में वीबी राम जी तथा अटल पंचायत डिजिटल केंद्र की जानकारी प्रदर्शित की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसे सांसद ने सराहा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के स्टॉल में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की जानकारी दी गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं के साथ नशामुक्ति विषय पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। आदिवासी विकास विभाग ने पीएम जनमन योजना सहित जनजातीय संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए पारंपरिक आभूषण, जड़ी-बूटियां एवं उपयोगी सामग्री प्रदर्शित की। कृषि विभाग द्वारा दलहन आत्मनिर्भर मिशन (2025-31) पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। केंद्रीय जेल द्वारा बंदियों के कौशल से निर्मित सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। रेशम विभाग ने रेशम की खेती एवं प्रसंस्करण से संबंधित जानकारी के साथ निर्मित वस्तुओं का प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड द्वारा हस्तशिल्प के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रदर्शनी तथा वन विभाग द्वारा वन संपदा पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। सांसद श्री चिंतामणी महाराज ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय अमले को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना आवश्यक है। उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं और प्रदर्शनी में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।
20 फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल-हायर सेकण्डरी बोर्ड परीक्षाएं, 75 केन्द्रों पर 17,756 विद्यार्थी होंगे शामिल
अंबिकापुर, 15 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी परीक्षा वर्ष 2026 जिले के निर्धारित 75 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। हायर सेकण्डरी परीक्षा 20 फरवरी 2026 से 18 मार्च 2026 तथा हाईस्कूल परीक्षा 21 फरवरी 2026 से 13 मार्च 2026 तक संपन्न होगी। दोनों परीक्षाओं का समय प्रतिदिन प्रातः 09ः00 बजे से 12ः15 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस वर्ष जिले में कुल हाईस्कूल के 9,731 तथा हायर सेकण्डरी के 8,025 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, इस प्रकार कुल 17,756 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे। मंडल पार्टी द्वारा परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण 16 फरवरी 2026 को प्रातः 10ः00 बजे से समन्वय संस्था शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अम्बिकापुर में किया जाएगा। जिले के समस्त 75 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राध्यक्ष/प्राचार्य एक सहयोगी के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर सामग्री प्राप्त करेंगे। सामग्री प्राप्ति हेतु दो कुन्दों (दो ताले) वाली 02 पेटियां (ताला-चाबी सहित) साथ लाना अनिवार्य किया गया है। हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी की गोपनीय सामग्री अलग-अलग पेटियों में सुरक्षित रखी जाएगी। इसके पश्चात निर्धारित रूट चार्ट-09 के अनुसार 1 से 4 सशस्त्र बल की सुरक्षा में बस के माध्यम से परिवहन कर संबंधित थाना/चौकी में पेटियां सुरक्षित रखी जाएंगी। परीक्षाओं की गोपनीयता, सुरक्षा एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मैनपाट महोत्सव 2026: प्रकृति, संस्कृति और विकास का संगम
छत्तीसगढ़ी लोकगायक एवं स्थानीय प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
भोजपुरी मशहूर गायक ने मनोज तिवारी की प्रस्तुतियों ने बाँधा समां
भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने भोजपुर गीतों के साथ साथ छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट सज रहा है जिले के विकास कार्यों की सौगात का किया उल्लेख
अंबिकापुर 14 फरवरी 2026
सरगुजा जिले के पर्यटन स्थल मैनपाट के रोपाखार जलाशय के समीप आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 का शुभारंभ भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विकास की प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ। प्रकृति की गोद में आयोजित इस महोत्सव ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, स्थानीय प्रतिभाओं और राज्य सरकार की विकासपरक सोच का सशक्त प्रदर्शन किया।
महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में आमंत्रित सुप्रसिद्ध भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों में ओ राजा जी ऐकरे त रहल हो हां जरूरत महूरत खुबसूरत हो और रिंकिया के पापा गीतों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने लोकप्रिय भोजपुरी गीतों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट सज रहा है गीत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा जिले को प्रदान की गई 500 करोड़ से अधिक की विकास कार्यों की सौगातों का उल्लेख करते हुए,राज्य सरकार की विकासपरक नीतियों की सराहना की। उन्होंने छत्तीसगढि़या सबले बढि़या हमको आज लग रहा है गीत से अभिवादन किया। विकास और संस्कृति के इस संगम ने दर्शकों में उत्साह का संचार किया और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही विशेष धूम
महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर कला, परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने अपनी विविध प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को भव्य और यादगार बना दिया। प्रत्येक प्रस्तुति ने दर्शकों को एक अलग सांस्कृतिक अनुभव प्रदान किया और पूरे आयोजन स्थल को उत्साह, उमंग और तालियों की गूंज से भर दिया।
रिदम व्हिसल रॉक बैंड की ऊर्जावान शुरुआत कार्यक्रम का शुभारंभ रिदम व्हिसल रॉक बैंड द्वारा लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की आकर्षक प्रस्तुति से हुआ। बैंड के सधे हुए वादन, आधुनिक संगीत संयोजन और जोशपूर्ण अंदाज़ ने शुरुआत से ही माहौल को जीवंत बना दिया। युवा दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
आयुष नामदेव की भावपूर्ण गायकी ने अपनी मधुर एवं सुरीली आवाज़ से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति में सुर, लय और भावनाओं का सुंदर समन्वय देखने को मिला। गीतों की प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने मंत्रमुग्ध होकर सुनते रहे और अंत में जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
’ओडिसी नृत्य की गरिमा ’ विधि सेन गुप्ता ने ओडिसी नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर शास्त्रीय नृत्य की उत्कृष्टता को मंच पर जीवंत किया। उनकी सधी हुई मुद्राएँ, आकर्षक वेशभूषा और अभिव्यक्ति की गहराई ने दर्शकों को भारतीय सांस्कृतिक परंपरा की समृद्धि का अनुभव कराया। प्रत्येक भाव में अनुशासन और सौंदर्य का अद्भुत संतुलन दिखाई दिया।
कथक की मनमोहक प्रस्तुति आनंदिता तिवारी एवं रित्विका बनर्जी ने कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। पांवों की सटीक थाप, सुंदर गति और ताल के साथ सामंजस्य ने शास्त्रीय नृत्य की गरिमा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। दर्शकों ने उनकी प्रस्तुति को भरपूर सराहा।
’‘शिव तांडव’ बना विशेष आकर्षण’आंचल पांडे द्वारा प्रस्तुत ‘शिव तांडव’ कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति, सशक्त भावाभिव्यक्ति और नृत्य की तीव्र लय ने पूरे पंडाल को भक्ति और शक्ति के भाव से ओत-प्रोत कर दिया। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियों से उनका स्वागत किया।
गीत-संगीत से सुरमय हुआ वातावरण अमित दास, संतोष जायसवाल एवं अश्विका दास ने विविध गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में मधुरता घोल दी। उनकी गायकी में लोक और आधुनिकता का सुंदर मेल देखने को मिला, जिससे सभी आयु वर्ग के दर्शकआनंदित हुए।
भोजपुरी लोक रंग- भोजपुरी गायिका शीतल यादव ने अपनी सशक्त और प्रभावशाली आवाज़ से लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। उनकी प्रस्तुतियों में ग्रामीण जीवन की झलक और लोकधुनों की मिठास स्पष्ट दिखाई दी, जिसने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
छत्तीसगढ़ी लोकधुनों की गूंज लोकगायक सुनील सोनी की प्रस्तुति पर दर्शक विशेष रूप से उत्साहित दिखाई दिए। उनकी लोकधुनों और पारंपरिक गीतों ने स्थानीय संस्कृति की आत्मा को मंच पर साकार कर दिया। मोर छाइयां भुइयां की प्रस्तुति पर दर्शक झूमते और साथ गुनगुनाते नजर आए।
’छऊ नृत्य की रोमांचक प्रस्तुति’कार्यक्रम में प्रस्तुत छऊ नृत्य ने रोमांच और ऊर्जा का संचार किया। पारंपरिक परिधानों, मुखौटों और सशक्त शारीरिक मुद्राओं के साथ कलाकारों ने वीरता और लोकगाथाओं का प्रभावशाली मंचन किया। यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए अत्यंत आकर्षक और रोमांचकारी रही।
स्वप्नील जायसवाल की दमदार प्रस्तुति ने जीता दर्शकों का दिल-सरगुजा संभाग ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके स्वप्नील जायसवाल ने मैनपाट महोत्सव के प्रथम दिवस स्थानीय कलाकार के रूप में अपनी शानदार प्रस्तुति दी। सरगुजा अंचल से निकलकर मुंबई में अपनी गायकी की धाक जमाने वाले स्वप्नील ने मंच पर अपनी सशक्त एवं प्रभावशाली आवाज़ से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पर्यटन संवर्धन और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच
मैनपाट महोत्सव का उद्देश्य न केवल सांस्कृतिक संरक्षण एवं संवर्धन है, बल्कि स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करना और पर्यटन को बढ़ावा देना है। राज्य शासन के प्रयासों से मैनपाट क्षेत्र में अधोसंरचना विकास एवं पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।
मैनपाट महोत्सव सरगुजा की सांस्कृतिक विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई दिशा का प्रतीक बना है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन के शुभारंभ को ऐतिहासिक बनाया।
मैनपाट महोत्सव से सरगुजा की संस्कृति और अस्मिता को मिलेगी व्यापक पहचान: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री श्री साय ने तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का किया शुभारंभ