छत्तीसगढ़ / बेमेतरा
नगर पालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कार्य संपादन कराने, विकासखण्ड स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
बेमेतरा । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रणबीर शर्मा के निर्देशानुसार नगर पालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2024-25 के अन्तर्गत मतदान प्रक्रिया के सुचारू कार्य संपादन हेतु शिक्षा विभाग के समस्त अधिकारों/कर्मचारियों का आज 15 दिसम्बर 2024 को विकासखण्ड स्तर में प्रशिक्षण संपन्न हुआ | विकासखण्ड बेमेतरा के प्रशिक्षण स्थल स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बेमेतरा में कुल 1287 शिक्षको में से 1248 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे इसी प्रकार विकासखण्ड बेरला के प्रशिक्षण स्थल स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बेरला में कुल 1267 में से 1236 प्रशिक्षणार्थी विकासखण्ड साजा के प्रशिक्षण स्थल शासकीय बालक एवं कन्या उ.मा.वि. साजा में कुल 1340 में से 1301 प्रशिक्षणार्थी तथा विकासखण्ड नवागढ़ के प्रशिक्षण स्थल शासकीय बालक एवं कन्या उ.मा.वि. नवागढ़ में 1285 में से 1242 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित हुये | इस प्रकार कुल 5027 प्रशिक्षणार्थियों को दो पालियों में प्रथम पाली समय 10.00 बजे से 01.00 एवं द्वितीय पाली समय 02.00 से 05.00 बजे तक प्रोजेक्टर के माध्यम से विकासखण्ड मास्टर ट्रेनर्स के द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अंकिता गर्ग एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. कमल कपूर बंजारे द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण किया गया।
स्वामी विवेकानंद स्टेडियम मे सम्पन्न हुआ जिला स्तरीय युवा उत्सव
बेमेतरा । जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग और नेहरू युवा केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में आज स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कंतेली में जिला स्तरीय युवा उत्सव का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस उत्सव में जिले के युवाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक और खेलकूद की विधाओं में हिस्सा लिया और अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले युवाओं के बीच अंतिम प्रतिस्पर्धा का आयोजन हुआ, जिसमें युवाओं ने अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस प्रतिस्पर्धा में नृत्य, संगीत, नाटक, चित्रकला, लोकगीत, और पारंपरिक खेलों जैसी विधाओं को प्रमुखता दी गई। बता दें कि जिले मे 9 से 13 तक विकासखंड स्तर मे विभिन्न विधाओं मे युवा प्रतिभाओं ने अपना प्रतिभा दिखाया और आज जिला स्तरीय युवा उत्सव के कार्यक्रम मे युवाओं ने अपनी अंतिम प्रतिभा दिखाई |
इस दौरान उन्होंने कला, संस्कृति और खेलकूद से संबंधित क्षमताओं का प्रदर्शन किया | जिला स्तरीय युवा उत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित कि गई जिनमें सामूहिक लोक गीत, सामूहिक लोक नृत्य, व्यक्तिगत लोक गीत व नृत्य, विज्ञान मेला, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, कृषि उत्पाद, कहानी लेखन, कविता, चित्रकला, और तत्कालिक भाषण की प्रतियोगिताएँ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, रॉक बैंड और मोबाइल फोटोग्राफी की प्रतियोगिता आयोजित करी गई । कार्यक्रम मे स्थानीय विधायक दिपेश साहू, कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, एसपी रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत सीईओ टेकचंद अग्रवाल सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित थे |
स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव के समापन कार्यक्रम में विभिन्न विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्सव के समापन समारोह में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनकी मेहनत और कला के प्रति समर्पण के लिए दिया गया, ताकि वे प्रेरित हों और अपनी प्रतिभा को और अधिक निखार सकें। इस सम्मान समारोह में प्रमुख अतिथियों ने विजेताओं को शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं और दर्शकों ने भी इन विजेताओं को जोरदार तालियों से सराहा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथियों ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेताओं को सम्मानित किया और युवा प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उत्सव ने युवाओं के अंदर प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनकी सांस्कृतिक और शारीरिक क्षमता को निखारने का अवसर प्रदान किया। विधायक दिपेश साहू ने जिला स्तरीय युवा उत्सव के समापन कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने अपने प्रेरणादायक शब्दों से बच्चों और युवाओं को जोश और आत्मविश्वास दिया। विधायक दीपेश ने कहा कि इस तरह के उत्सव युवा पीढ़ी को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए उनकी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों और युवाओं की सराहना की और कहा कि ये बच्चे न केवल अपनी कला और कौशल से जिले का नाम रोशन कर रहे हैं, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहे हैं।
विधायक ने इस मौके पर बच्चों को और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।उनके उत्साहवर्धक शब्दों से युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ, जिससे समापन कार्यक्रम का माहौल और भी उत्साही बन गया। कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा युथ फेस्टिवल के आयोजन के दौरान अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए कहा कि वह भी बचपन में इस तरह के उत्सवों का हिस्सा रहे हैं और ऐसे आयोजनों ने उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने और व्यक्त करने का अवसर दिया। आज के युवा कल समाज का नेतृत्व करेंगे, और ऐसे आयोजनों से उनके भीतर नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और आत्मविश्वास की भावना विकसित होती है। उन्होंने यह भी कहा कि युवा वर्ग में छिपी ऊर्जा और संभावनाएँ देश की प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
प्रत्येक बच्चा और युवा अपनी मेहनत, समर्पण और सोच से राष्ट्र की शक्ति और पहचान को मजबूत कर सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और कहा कि यह उत्सव उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा और उनके आत्मविश्वास को और बढ़ाएगा। एसपी रामकृष्ण साहू ने कहा कि युवा उत्सव का आयोजन युवाओं में खेल, कला और संस्कृति के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों से उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना, टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व जैसे गुणों का विकास होता है, जिससे वे भविष्य में खेल और अन्य क्षेत्रों में अपना करियर बना सकते हैं।
एसपी ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम न केवल प्रतिभा को सामने लाने का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि यह युवाओं के आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि इन युवाओं में जो हुनर देखा गया, वह न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी एक सकारात्मक योगदान होगा। एसपी ने प्रतिभागियों को प्रेरित किया कि वे अपनी कला और प्रतिभा को और विकसित करें और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करें। उनकी तारीफ और प्रोत्साहन ने युवाओं को और अधिक प्रेरित किया और उनके अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने के लिए उत्साहित किया।
स्वामी विवेकानंद स्टेडियम मे 14 दिसम्बर 2024 को होगा भव्य युवा उत्सव का आयोजन
बेमेतरा । जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग और नेहरू युवा केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में 14 दिसंबर 2024 को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कंतेली बेमेतरा में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में युवा प्रतिभाओं को अपनी कला, संस्कृति और खेलकूद से संबंधित क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें सामूहिक लोक गीत, सामूहिक लोक नृत्य, व्यक्तिगत लोक गीत व नृत्य, विज्ञान मेला, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, कृषि उत्पाद, कहानी लेखन, कविता, चित्रकला, और तत्कालिक भाषण की प्रतियोगिताएँ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, रॉक बैंड और मोबाइल फोटोग्राफी की प्रतियोगिताएँ सीधे जिला स्तर पर आयोजित की जाएँगी। इस उत्सव का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मकता, संस्कृति और कला के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करना है। युवा उत्सव का आयोजन युवाओं में खेल, कला और संस्कृति के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस प्रकार के आयोजन से युवाओं को विभिन्न खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने का मौका मिलता है, जिससे उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में भी मदद मिलती है। खेल प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों से उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना, टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व जैसे गुणों का विकास होता है, जिससे वे भविष्य में खेल और अन्य क्षेत्रों में अपना करियर बना सकते हैं।
युवा उत्सव के इसी अवसर पर प्रदेश सरकार के एक वर्ष सुशासन के 1 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में सुशासन से संबंधित प्रमुख उपलब्धियों और विकास कार्यों को दर्शाने वाले चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। साथ ही, विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहाँ लोग इन योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और उनके लाभों का पता लगा सकेंगे।
इस प्रकार का आयोजन जनता और युवाओं को सरकारी योजनाओं और नीतियों के बारे में जागरूक करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा। युवा उत्सव के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित एक छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके लाभों और सफल क्रियान्वयन की तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी। प्रदर्शनी मे नागरिकों को योजनाओं के बारे में अधिक जानकारी देना और उन्हें इन योजनाओं से जोड़ना है। यह प्रदर्शनी लोगों को सरकारी प्रयासों और विकास कार्यों को बेहतर तरीके से समझने में सहायता करेगी।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के चतुर्थ सत्र हेतु जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधानसभा का चतुर्थ सत्र सोमवार, 16 दिसंबर 2024 से प्रारंभ होकर शुक्रवार, 20 दिसंबर 2024 तक आयोजित किया जाएगा। इस अवधि के दौरान प्राप्त होने वाले प्रश्नों के उत्तर तैयार कराने एवं त्वरित जानकारी विभागों से प्राप्त कर शासन को प्रेषित करने के लिए जिले में अपर कलेक्टर प्रकाश कुमार भारद्वाज को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सहायक नोडल अधिकारी के रूप में नायब तहसीलदार जयंत पाटले एवं चांदनी देवांगन को नियुक्त किया गया है। अपर कलेक्टर प्रकाश कुमार भारद्वाज का संपर्क नंबर 07824-222131 और 07824-222103 है। नायब तहसीलदार जयंत पाटले का मोबाइल नंबर 7646807645 तथा चांदनी देवांगन का मोबाइल नंबर 8305260608 है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि वे विधानसभा सत्र के लिए आवश्यक जानकारी त्वरित रूप से उपलब्ध कराएं।
जल जीवन मिशन से सुरकी ग्राम में भीबदलाव की गाथा
बेमेतरा। बेमेतरा जिले के सुरकी गांव ने एक नई शुरुआत की है, जहां जल जीवन मिशन ने ग्रामवासियों के जीवन को सकारात्मक रूप से बदल दिया। ग्राम पंचायत हेमाबंद के अंतर्गत आने वाला यह गांव, जो जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर है, पहले पानी की गंभीर समस्याओं से जूझ रहा था। लगभग 500 की जनसंख्या वाले इस गांव में गर्मी के दिनों में पानी का स्तर नीचे चला जाता था, और बारिश के दिनों में गंदा पानी बड़ी समस्याएं खड़ी करता था।
समस्या और संघर्ष
पानी के लिए गांव के लोग सरकारी हैंडपंप, निजी नलकूप, और कुओं पर निर्भर थे। गर्मियों में पानी ढोने के लिए महिलाओं को दूर-दूर तक जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और ऊर्जा दोनों नष्ट होते थे। इस समस्या ने घरेलू कामकाज, बच्चों की देखभाल, और महिलाओं के जीवन स्तर को बुरी तरह प्रभावित किया।
बदलाव की शुरुआत
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत ग्राम सुरकी में 40 किलो लीटर क्षमता ( 40000 लीटर) की उच्चस्तरीय जलागार (ओवरहेड टैंक) का निर्माण किया गया। इसके साथ ही जल वितरण वाहिनी के माध्यम से गांव के 148 घरों में नल से शुद्ध पेयजल की सुविधा प्रदान की गई।
महिलाओं के जीवन में सुधार
ग्राम की महिलाओं, जैसे श्रीमती लता और श्रीमती मंदाकिनी टंडन, ने जल जीवन मिशन के महत्व को साझा करते हुए बताया कि पहले पानी लाने के लिए उन्हें घंटों मेहनत करनी पड़ती थी। इससे न केवल उनका समय बर्बाद होता था, बल्कि स्वास्थ्य और घरेलू जिम्मेदारियां भी प्रभावित होती थीं। अब, घर में नल से पानी मिलने से उनका जीवन काफी आसान हो गया है।
स्वास्थ्य और सामुदायिक लाभ
जल जीवन मिशन ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को भी कम किया है। पहले बारिश के दिनों में गंदा पानी आने से डायरिया जैसी बीमारियां आम थीं। अब शुद्ध पेयजल मिलने से ये समस्याएं लगभग समाप्त हो चुकी हैं। हैंडपंपों पर भीड़ लगना बंद हो गया है, और महिलाएं अपने परिवार को अधिक समय दे पा रही हैं।
जीवन स्तर में बदलाव
गांव में जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन से परिवारों में खुशहाली बढ़ी है। अब बच्चों की पढ़ाई और उनके विकास के लिए महिलाओं को पर्याप्त समय मिल रहा है। पूरे गांव में स्वच्छता और स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार देखा जा सकता है। जल जीवन मिशन ने ग्राम सुरकी के लोगों को न केवल शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया है, बल्कि उनके जीवन को एक नई दिशा दी है। यह योजना न केवल सरकारी प्रयासों की सफलता का प्रतीक है, बल्कि ग्रामीण विकास का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है।
राईस मिल में बड़ी कार्रवाई, 11280 क्विंटल धान और 2300 क्विंटल चावल जप्त
बेमेतरा। जिले में सीएमआर (कस्टम मिलिंग राइस) चावल जमा करने में राईस मिलरों की धीमी गति को देखते हुए प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने बेरला विकासखंड के ग्राम अकोली स्थित मेसर्स राधेश्याम फूड्स राईस मिल पर आकस्मिक जांच की।
जांच के दौरान 2472.78 क्विंटल धान, जो कस्टम मिलिंग के लिए फर्म द्वारा उठाया गया था, कम पाया गया। यह छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके तहत फर्म में मौजूद 11280 क्विंटल धान और 2300 क्विंटल चावल जप्त कर लिया गया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से इसे फर्म की सुपुर्दगी में रखा गया है।
कलेक्टर ने प्रकरण दर्ज कर फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और भविष्य में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समय-सीमा के भीतर सीएमआर चावल जमा न करने वाले अन्य मिलरों पर भी लगातार जांच और कार्रवाई जारी है।
प्रशासन की इस सख्ती से जिले के राईस मिलरों में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सरकारी नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे, ताकि चावल उपार्जन प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
ज़िले के धान उपार्जन केंद्रों में 16252 किसानों ने बेचा 86093 मेट्रिक टन धान
बेमेतरा। बेमेतरा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 हेतु समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य अपनी पूर्ण गति से चल रहा है। जिलें में वर्तमान में 129 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से इसी माह की धान खरीदी शुरुआत 14 नवंबर से 22 नवंबर 16252 किसानों से 86093 मीट्रिक टन धान की ख़रीदी की जा चुकी है। वही 15675 किसानों को 63.52 करोड़ राशि का भुगतान किया जा चुका है। जिला खाद्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य जिले के 129 धान उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से किया जा रहा है।
आज दिनांक की स्थिति में जिले में समर्थन मूल्य पर 86093 मे.टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। धान खरीदी के प्रारंभ से ही किसानों को अपने जूट बारदाने में उपार्जन केन्द्रों में धान लाकर विक्रय किया जा सकता है। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन में नये बारदाने, पुराना जुट बारदाना व पीडीएस बारदानों सहित किसाना बारदानों का प्रयोग किया जाना है। इस वर्ष कृषक अपने अच्छे जूट बारदाना का प्रयोग धान विक्रय में कर सकते हैं। इसके लिए किसानों को प्रति बारदाना 25 रूपये का भुगतान किया जायेगा।
ज़िले में धान सुचारू रूप से उपार्जन हेतु पर्याप्त मात्रा में बारदाना की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यम से की गई है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध है। कहीं कोई कमी पर किसान अपना बारदाना लाता है तो उसे 25 ₹ प्रति नग के मान से भुगतान किया जाएगा। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने आज जिले के राइस मिलर्स की बैठक ली उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 के जिन्होंने चावल जमा नहीं किए उन्हें चावल जमा करने कहा। साथ ही जिन मिलर्स ने अब तक बारदाना जमा नहीं किया उन्हें तत्काल जमा करने भी कहा।
खाद्य मंत्री ने झाझाडीह से नवागढ़ तक सड़क निर्माण कार्य का किया शुभारंभ
6 करोड़ 87 लाख रूपए से बन रही है पक्की सड़क
बेमेतरा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री दयालदास बघेल ने आज बेमेतरा जिला के विकासण्ड नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत झाझाडीह से नवागढ़ सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर ग्रामीणों ने मंत्री बघेल को खुमरी पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। 6 करोड़ 87 लाख 12 हजार रूपए की लागत से बन रही यह सड़क धनगांव, झाझाडीह और हेमावंद से नवागढ तक साढे़ छह किलोमीटर पक्की सड़क का निर्माण होगा। इसमें पुल-पुलिया कार्य शामिल है।
इस सड़क के बन जाने से आस-पास के ग्रामीणों को नवागढ़ आने-जाने में सुविधा होगी। इस अवसर पर वरिष्ठ सामाजिक सेवी सर्वश्री अजय साहू, तानसेन पटेल, राजेश जैन, राजेश दत्त दुबे, संतोषपुरी गोस्वामी, विमल सोनी, सियाराम सप्रे, सरपंच श्रीमती प्रतिमा सागर बंजारे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या ग्रामीण उपस्थित थे।
बेमेतरा में नि : शुल्क कोचिंग का शुभारंभ, श्री राम एकेडमी से रचेगा इतिहास : उप मुख्य मंत्री साव
बेमेतरा। जिले में शिक्षा के क्षेत्र में नया अध्याय जोड़ते हुए उपमुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री अरुण साव ने बेमेतरा में श्री राम एकेडमी के नि:शुल्क कोचिंग सेंटर का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाते।
उपमुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रेरित किया ।उद्घाटन समारोह में बोलते हुए अरुण साव ने कहा, “राम एकेडमी के माध्यम से बेमेतरा में इतिहास रचने का कार्य होगा। यह कोचिंग सेंटर विद्यार्थियों के सपनों को पंख देने में सहायक सिद्ध होगा। हमारा लक्ष्य युवाओं को ऐसा मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें।” उन्होंने विद्यार्थियों को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा युवाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि सरकार युवाओं के उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए प्रतिबद्ध है।
विधायक दीपेश साहू का विशेष प्रयास
इस कोचिंग सेंटर की स्थापना बेमेतरा के विधायक दीपेश साहू के प्रयासों से की गई है। उन्होंने बताया कि पहले भी ऐसी कोचिंग की कोशिश हुई थी, लेकिन शुल्क लगने के कारण यह कई विद्यार्थियों की पहुंच से बाहर थी। उन्होंने बताया कि अब यह सेंटर पूरी तरह नि:शुल्क है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। विधायक ने यह भी जानकारी दी कि बेमेतरा को 6 करोड़ रुपये की लागत से एक विशाल लाइब्रेरी का तोहफा भी मिला है, जिसका शिलान्यास जल्द किया जाएगा। उन्होंने कोचिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर ने दी छात्रों को प्रेरणा
जिला कलेक्टर रणवीर शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान कहा, “यह समय जीवन का सबसे सुनहरा दौर है। बिना किसी चिंता के केवल अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। राम एकेडमी के माध्यम से छात्रों को वह मार्गदर्शन मिलेगा, जो उनके सपनों को साकार करने में मदद करेगा।”
समारोह में गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस कार्यक्रम में साजा विधायक ईश्वर साहू, बेमेतरा एसपी रामकृष्ण साहू, नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा सहित नगर पालिका के कई पार्षद और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका के मुख्य अधिकारी कमल ठाकुर ने सभी का आभार व्यक्त किया।
उम्मीद और भविष्य
राम एकेडमी के शुभारंभ से बेमेतरा जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नए आयाम स्थापित होंगे। यह सेंटर उन विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत होगा, जो अपने सपनों को साकार करने का प्रयास कर रहे हैं।
कलेक्टर ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाली माहिला खिलाडियों को किया सम्मानित
बेमेतरा। आज बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ थीम पर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले खिलाडियों का कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सम्मानित व पुरस्कृत किया। उनकी उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना की और कहा कि ये खिलाड़ी न केवल अपने परिवार और विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम ग्राम कुसमी के शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला आयोजित हुआ। मौके पर वॉलीबाल खेल खेला गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में एडीएम प्रकाश भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी कमल कपूर बंजारे सहित अन्य अधिकारी,खेल प्रेमी सहित ग्रामीण जन उपस्थित थे। महिला बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रवेश सिंह सिसोदिया ने अतिथियों का स्वागत किया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ थीम पर खेलकूद प्रतियोगिता के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर एडीएम प्रकाश भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी कमल कपूर बंजारे सहित अन्य अधिकारी,खेल प्रेमी सहित ग्रामीण जन उपस्थित थे। महिला बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रवेश सिंह सिसोदिया ने अतिथियों का स्वागत किया । कलेक्टर शर्मा ने कहा, "आपकी मेहनत और समर्पण से हमें प्रेरणा मिलती है। आप सभी ने यह सिद्ध कर दिया है कि लगन और अनुशासन के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। आप सभी को मेरी तरफ से ढेर सारी शुभकामनाएं और बधाई! आगे भी इसी तरह मेहनत करते रहें और देश का नाम रोशन करें।" कलेक्टर ने कहा की सफलता के लिए जितने बच्चे है मुझे लगता है सब लोग समझदार बच्चे हैं जीवन में सफलता ऐसे नहीं मिलती।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से महिला खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी उन्होंने कहा कि सफलता के लिए हमें त्याग करना पड़ता त्याग वह किसी भी चीज का हो सकता है और जब तक आप यह बात नहीं समझेंगे तब तक जीवन कठिन है लेकिन जिस दिन आपने समझ लिया कि हां मुझे सफल होना है और सफल होने के लिए जो त्याग जो करना है जीवन में उसके लिए मैं तैयार हूं । उसे दिन आपको संसार की कोई शक्ति नहीं रोक सकती मेरा आप सब बालिकाओं को बहुत-बहुत शुभकामनाएं आप सबके लिए और मैं चाहूंगा कि आप सब जिले का अपने परिवार का और अपना स्वयं का नाम रोशन करें और आप सबको बहुत-बहुत धन्यवाद |
मंत्री दयालदास बघेल ने केन्द्रीय खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी से दिल्ली में की मुलाकात
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल ने आज अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात की और उन्होंने छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था सहित लंबित मुद्दे के संबंध में जानकारी दी। मंत्री बघेल ने इस मौके पर सीएमआर दर अंतर्गत वैट की स्वीकृति, खाद्य सब्सिडी दावा, फोर्टिफाईड चावल तथा एनएफएसए मार्जिन सहित विभिन्न लंबित मुद्दे से संबंधित 17150 करोड़ रूपए की राशि छत्तीसगढ़ को प्रदान करने का आग्रह किया। जिस पर जोशी ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान करते हुए इस पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश अपने अधिकारियों को दिए।
मंत्री बघेल ने केन्द्रीय मंत्री जोशी को छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण दिया। जिस पर जोशी ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए माह जनवरी में छत्तीसगढ़ आने का आश्वासन दिया। वे इस दौरान छत्तीसगढ़ में हो रही धान खरीदी का भी अवलोकन करेंगे। खाद्य मंत्री बघेल ने केन्द्रीय मंत्री जोशी को बताया कि छत्तीसगढ़ के किसानों से इस खरीफ सीजन में 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। जिससे लगभग 107.20 लाख मीट्रिक टन कस्टम मिलिंग चावल निर्मित होगा।
इसमें 93 लाख मीट्रिक टन केन्द्रीय पूल एवं 14.20 लाख मीट्रिक टन राज्य पूल शामिल है। जबकि खाद्य विभाग भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश हेतु केन्द्रीय पूल अंतर्गत 70 लाख मीट्रिक टन (54 लाख मीट्रिक टन एफसीआई और 16 लाख मीट्रिक टन नान के लिए कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन की अनुमति दी गई है। उन्होंने मंत्री जोशी से केन्द्रीय पूल अंतर्गत चावल उपार्जन मात्रा 70 लाख मीट्रिक टन को बढ़ाते हुए समस्त सरप्लस चावल उपार्जन किये जाने का अनुरोध है। चावल उपार्जन की प्रारंभिक समयावधि 30 सितम्बर 2025 तक निर्धारित किये जाने का भी उन्होंने अनुरोध किया।
मंत्री बघेल ने भारतीय खाद्य निगम में केन्द्रीय पूल अंतर्गत उपार्जत होने वाले 54 लाख टन चावल में 25 लाख टन उसना चावल एवं 29 लाख टन अरवा चावल की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया, जिस पर खाद्य विभाग भारत सरकार की स्वीकृति अपेक्षित है। उन्होंने प्रदेश हेतु प्रतिमाह 300 रेक मूव्हमेंट का प्लान भारतीय खाद्य निगम मुख्यालय से प्रदाय किये जाने का निवेदन किया।
मंत्री बघेल ने खरीफ वर्ष 2007-08 से 2014-15 तक के केन्द्रीय पूल हेतु धान परिवहन दर के निर्धारण करने, साथ ही केन्द्रीय पूल एवं विकेन्द्रीकृत सीएमआर के प्रासंगिक व्यय के अंतर्गत मंडी लेबर चार्ज की स्वीकृत दर रू. 22.05 प्रति क्विंटल मंडी लेबर चार्ज को 01 वर्ष अर्थात् खरीफ वर्ष 2023-24 के लिये लागू करते हुए आगामी खरीफ वर्षों के लिये पृथक से दर स्वीकृति की कार्यवाही की अनुमति दिये जाने का अनुरोध किया। धान सुरक्षा एवं रख-रखाव मद के संबंध में राज्य द्वारा प्रेषित प्रस्ताव अनुसार खरीफ वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में प्रावधिक सी.एम.आर. दर स्वीकृति किये जाने और खुले में भंडारित धान के लिए केन्द्रीय भंडार गृह निगम द्वारा निर्धारित मापदंड अनुसार 06 माह से अधिक के भंडारण हेतु मान्य सूखत छत्तीसगढ़ हेतु लागू किये जाने का अनुरोध भी किया।
बाल संरक्षण एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन
बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान
बेमेतरा। कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशन में तथा चन्द्रबेस सिंह सिसोदिया जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं सीपी शर्मा के जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग बेमेतरा के मार्गदर्शन एवं व्योम श्रीवास्तव जिला बाल संरक्षण अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में शासकीय मिडिल एवं हाई स्कूल खर्रा परियोजना बेरला में बाल संरक्षण एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत स्कूली छात्र/छात्राओं को अंतर्वीभागिय टीम द्वारा बाल संरक्षण विषय में ष् सडक जैसी परिस्थिति वाले बच्चों का चिन्हांकनष्, बाल विवाह एवं बेटी बचाओं बेटी पढाओं विषय पर जागरूक किया गया। जिसमे व्योम श्रीवास्तव, जिला बाल संरक्षण अधिकारी के द्वारा बाल संरक्षण के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा 10 मार्च 2024 को “बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान” का शुभारंभ किया गया था। उक्त बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ अभियान के प्रभावी रोकथाम हेतु जिले में लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 2बी के अनुसार ऐसा विवाह जिसमें वर (जिसकी आयु 21 वर्ष से कम) तथा वधु (जिसकी आयु 18 वर्ष से कम) अवयस्क या बच्चे हो, तब उसे बाल विवाह माना जायेगा। बाल-विवाह एक सामाजिक कुप्रथा है जिसके सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक या प्रेम प्रसंग कारण हो सकते हैं, जिन्हें विमर्श में लेकर उन कारणों को पूर्णतः समाप्त कर एक सकारात्मक वातावरण तैयार किया जाना आवश्यक है। बाल विवाह बच्चों के अधिकारों और उनके विकास को प्रभावित करता है। यह विकास को बाधित करने वाली गंभीर समस्या है जिसके पूर्ण रोकथाम हेतु सामाजिक, कानूनी और आर्थिक स्तर पर लोगों को जागरूक करना एवं इस कुप्रथा से होने वाले दुष्परिणामों को जन-जन को समझाना महत्वपूर्ण है, ताकि इसे प्रभावी तरीके से रोका जा सके और बच्चों का सर्वांगीण विकास कर उन्हें पूर्णतः सुरक्षित रखा जा सके। 18 वर्ष से अधिक आयु का पुरूष, यदि 18 वर्ष से कम आयु की किसी महिला से विवाह करता है तो उसे 2 वर्ष तक के कठोर कारावास अथवा जुर्माना जो कि 1 लाख रूपय तक हो सकता है अथवा दोनों से दण्डित किया जा सकता है। कोई व्यक्ति जो बाल विवाह करवाता है, करता है अथवा उसमें सहायता करता है उसे 2 वर्ष तक का कठोर कारावास अथवा जुर्माना जो कि 1 लाख रुपए तक हो सकता है अथवा दोनों से दण्डित किया जा सकता है।
कोई व्यक्ति जो बाल विवाह को बढ़ावा देता है अथवा उसकी अनुमति देता है, बाल विवाह में सम्मलित होता है उसे 2 वर्ष तक के कठोर कारावास अथवा जुर्माना जो कि 1 लाख रूपए तक हो सकता है अथवा दोनों से दण्डित किया जा सकता है। किसी भी महिला को कारावास का दण्ड नही दिया जा सकता है। बाल विवाह के रोकथाम हेतु समस्त छात्र/छात्राओं को जागरूक किया गया एवं बाल विवाह की प्रभावी रोकथाम हेतु शपथ भी दिलाई गयी। श्री राजेंद्र चंद्रवंशी परियोजना समन्वयक, (सीएचएल), जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 अधिनियम (पॉक्सो) पर संक्षिप्त जानकारी साझा करते हुए छात्रों को जागरूक किया गया की यदि किसी के साथ कोई गलत करता है या करने का प्रयास करता है तो उसका खुलकर विरोध करें तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 में फोन कर विभाग को जानकारी देवें, क्योंकि अपराध चुप्पी में और बड़ता है।
तत पश्चात मोना सिंह राजपूत कार्यालय सहायक सखी वन स्टाफ सेंटर के द्वारा सखी वन स्टाप सेंटर में दिये जाने वाले विभिन्न सेवाओं को विस्तार से बताया गया एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से पैरालीगल वालंटियर पवन साहू ने डालसा के सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दिये। उक्त कार्यक्रम में डालिमा सोनी एवं करिश्मा परवीन सीएचएल पर्यवेक्षक का विशेष सहयोगी रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बालक/बालिका मिडिल एवं हाई स्कूलों के प्राचार्य तथा समस्त उपस्थित व्याख्याता और शिक्षकगणों तथा खर्रा की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं उपस्थित थे।
झाल में किसान सूचना केंद्र का उद्घाटन
बेमेतरा। ग्राम झाल में कृषि महाविद्यालय के चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा रावे प्रोग्राम के अंतर्गत किसान सूचना केंद्र का उद्घाटन व कृषि गोष्टि का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर, रावे इंचार्ज डॉ. असीत कुमार पांडेय, मृदा विज्ञान से डॉ. टी.डी. साहू, कृषि अभियांत्रिकी विभाग से डॉ. उमेश कुमार ध्रुव, शस्य विज्ञान विभाग से डॉ. हेमलता निराला, डॉ. साक्षी बजाज उद्यानिकी विभाग से डॉ. कुंती बंजारे, पादप कार्यिकी विभाग से डॉ. नूतन सिंह और ग्राम झाल की प्रधान पिंकी नंदकिशोर वर्मा व ग्राम के किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के अधिष्ठाता व सरपंच द्वारा रिबन काट कर के हुई, तत्पश्चात विशेषज्ञों द्वारा किसानों के प्रश्नों का समाधान बताया गया। किसानों में उत्साह देखा गया और इस गोष्टि में विद्यार्थी किसान व विशेषज्ञों के माध्यम बने।
इस अवसर पर डॉ. संदीप भंडारकर ने कहा कि किसान सूचना केंद्र का उद्घाटन किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। यह केंद्र किसानों को कृषि संबंधी जानकारी प्रदान करेगा और उनकी समस्याओं का समाधान करेगा। डॉ. असीत कुमार पांडेय ने कहा कि हमारे विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के अलावा जमीनी स्तर के किसानों के समस्याओं की जानकारी होगी, व उनकी संचार क्षमता का विकास होगा। ग्राम झाल के किसानों ने कहा कि किसान सूचना केंद्र का विद्यार्थियों द्वारा उद्घाटन ग्राम झाल के किसानों के लिए उत्कृष्ट कार्य है, और हमें वैज्ञानिक विधियों व नए तकनीकों की जानकारी व हमारे समस्याओं का समाधान मिलेगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी जानकारी प्रदान करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
कलेक्टर ने दिलाई पीड़ित मानवता की सेवा करने की शपथ
कलेक्टर की अध्यक्षता में प्रबंध समिति के सदस्यों के निर्वाचन हेतु साधारण सभा का बैठक संपन्न
बेमेतरा। कलेक्टर सह अध्यक्ष भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा बेमेतरा रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में आज यहाँ जिला पंचायत के सभागार में प्रबंध समिति के सदस्यों के निर्वाचन हेतु साधारण सभा का बैठक हुई। निर्वाचन अधिकारी डॉ अनिल कुमार बाजपाई द्वारा उपस्थित आजीवन सदस्यों, संरक्षक, एवं उपसंरक्षक सदस्यों द्वारा प्रबंध समिति हेतु 10 सदस्य के लिए दावेदारी किया गया, जिसे समस्त उपस्थित सदस्यों द्वारा सर्वसहमति से निर्विरोध दावेदार उम्मीदवार को प्रबंध समिति हेतु सदस्यों का चुनाव किया गया।
निर्विरोध चयनित प्रबंध समिति के 10 सदस्य के इस प्रकार हैः- महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी चंद्रवेश सिसोदिया, जिला खाद्य अधिकारी गणेश कुर्रे, मनीष बिंदल, कमल किशोर बागरेचा, शुभम जैन, सहायक संचालक लाइवली हुड रोशन लाल वर्मा, शत्रुहन सिंह साहू, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ कमल कपूर बंजारे, भूपेन्द्र कुमार वर्मा एवं कोमल ठाकुर प्रबंध समिति के सदस्य निर्विरोध चुने गये।
प्रबंध समिति का प्रथम बैठक आगामी 29 नवंबर को अपरान्ह 2:30 बजे प्रबंध आयोजित की गयी है। जिसमें 10 दस सदस्यों द्वारा अपने में से सभापति-शत्रुहन सिंह साहू, उपसभापति चंद्रवेश सिसोदिया, कोषाध्यक्ष-डॉ. कमल कपूर एवं राज्य हेतु जिला प्रतिनिधि के रूप-रोशन लाल वर्मा जी को निर्विरोध चुने गये।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सभी चयनित सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस की राशि को जरूरतमंद के इलाज में लगाए। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा रेड क्रॉस की सदस्य बने। कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी सदस्यों को पीड़ित मानवता की सेवा करने की शपथ दिलाई।
जिला चिकित्सालय में एनडीआरएफ की मॉक ड्रिल
आपदाओं के समय सही निर्णय लेना और प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है : कलेक्टर
बेमेतरा। जिला चिकित्सालय के भवन में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य चिकित्सालय के मरीजों, चिकित्सकों और स्टाफ को विभिन्न आपदाओं जैसे भूकंप, बाढ़, आगजनी और अन्य प्राकृतिक या मानव-निर्मित आपदाओं के दौरान सुरक्षित रखने की रणनीतियों को विकसित करना था।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि मॉक ड्रिल, आपदा प्रबंधन के महत्व और त्वरित आपदाओं के समय सही निर्णय लेना और प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस ड्रिल में अस्पताल भवन में फंसे लोगों को निकालने, घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने, और आग जैसी आपदाओं के दौरान बचाव कार्यों की रणनीतियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
भूकंप जैसी आपदा की स्थिति में भवन के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव टीम ने आधुनिक उपकरणों का उपयोग करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। वहीं, आग लगने की स्थिति में अग्निशमन दल के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आपातकालीन निकासी प्रक्रिया को भी समझाया गया। बाढ़ जैसी परिस्थिति में बचाव नौकाओं और लाइफ जैकेट्स का उपयोग करके प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की प्रक्रिया को भी दर्शाया गया।
इस अभ्यास ने नागरिकों के बचाव, इमारतों की तलाशी, और आग पर नियंत्रण पाने की रणनीतियों पर जोर दिया। स्थानीय अग्निशमन विभाग, पुलिस और एम्बुलेंस सेवाओं ने भी इसमें भाग लिया, जिससे सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की क्षमता का परीक्षण हो सका | इस अवसर पर मॉक ड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन को लेकर एनडीआरएफ की टीम ने माक ड्रिल कर स्कूली बच्चों को प्राकृतिक आपदा के समय बचाव करने का तरीका बताया।
इस अवसर पर डिप्टी कमांडेड श्री कन्हैया योगी एनडीआरफ बटालियन ने कहा कि ऐसी मॉक ड्रिल्स लोगों को न केवल जागरूक बनाती हैं, बल्कि आपदाओं के समय त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए मानसिक रूप से तैयार भी करती हैं। जिला प्रशासन ने मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए एनडीआरएफ टीम और चिकित्सालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया।यह मॉक ड्रिल भविष्य में आपदाओं से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है। जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, रमयोपन रूंगसंग तीसरी वाहिनी आरसीसी भिलाई, सब इंस्पेक्टर टीम कमांडर और संदीप सिंह सब इंस्पेक्टर सेफ्टी ऑफिसर सहित अपर कलेक्टर भारद्वाज एसडीएम, एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस के कैडेट व नगर सेना की टीम सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
श्री रामलला दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का छठवां दल रवाना
बेमेतरा। श्री रामलला दर्शन के लिए जिले से श्रद्धालुओं का छठवां दल आज 18 अक्टूबर को रवाना हुआ। पांचवां श्रद्धालुओं दल पिछले माह 14 अक्टूबर श्री रामलला दर्शन के लिए गया था। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत टेकचन्द्र अग्रवाल और उप संचालक,समाज कल्याण विकास बरखा कासू सुबह कलेक्ट्रेट परिसर से तीर्थ यात्रियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) में श्री रामलला के दर्शन करेंगे। सीईओ श्री अग्रवाल ने सभी यात्री श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। इस अवसर पर चिकित्सक, सीईओ जनपद सहित कर्मचारी उपस्थित थे।
राज्य शासन द्वारा राज्य के राम भक्तों के लिए निःशुल्क अयोध्या धाम में श्रीराम के दर्शन हेतु श्री रामलला दर्शन योजना की शुरुआत की गई है। ट्रेन के माध्यम से प्रत्येक जिलों से चयन कर उन्हें रामलला के दर्शन हेतु ले जाया जा रहा है। इस तरह की योजनाएं न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाती हैं, बल्कि उन्हें उन स्थलों का अनुभव करने का मौका भी देती हैं जिन्हें वे सामान्यतः आर्थिक कारणों से नहीं देख पाते।श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
श्रद्धालुओं ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया और बताया कि इस योजना से हम लोगों का श्रीराम के दर्शन करने का सपना पूरा हो रहा है। बता दें कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत् श्रद्धालुओं को पूरा पैकेज मिलेगा जिसमें छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाने, वहां रहने की व्यवस्था, मंदिर दर्शन, नाश्ते और खाने की भी व्यवस्था रहेगी। इस ट्रेन में टूर एक्सपर्ट, सुरक्षा कर्मी और चिकित्सकों का दल भी मौजूद रहेगा।
प्लेसमेंट कैम्प 22 को
बेमेतरा। बेमेतरा जिले के ऐसे इच्छुक अभ्यर्थी जो निजी क्षेत्रों में रोजगार करना चाहते है, उन्हे अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, बेमेतरा कार्यालय परिसर रुम न. 65 में 22 नवंबर 2024 को प्रातः 11ः00 बजे से दोपहर 03ः00 बजे तक प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें नियोक्ता सोनाटा फाइनेंस च्टज् स्ज्क् शांति नगर भिलाई 3 दुर्ग द्वारा फील्ड स्टॉफ पद जिसमें योग्यता 12वीं आयु सीमा 18-28 वेतनमान 13427 रूपये इंसेटिव स्थान रायपुर, भिलाई राजनांदगांव, खैरागढ़ हेतु भर्ती किया जाना है। जिला रोजगार कार्यालय नियोजक (निजी संस्था) तथा आवेदक के मध्य एक प्लेटफार्म उपलब्ध कराता है तथा यह नियुक्ति केवल निजी क्षेत्र के संस्थाओं में कार्य हेतु किया जाता है। अतः पद, संस्था, कार्य, वेतन व अन्य पूर्ण जानकारी कैम्प में उपस्थित नियोजक या प्रतिनिधि से संपर्क कर प्राप्त की जा सकती है। अधिसूचित रिक्त पदों पर रोजगार के अवसर प्राप्त करने हेतु इच्छुक आवेदक रोजगार कार्यालय का पंजीयन पत्रक, छ.ग. निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, एवं समस्त शैक्षणिक मूल प्रमाण पत्र के साथ जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, बेमेतरा में दिनांक 22 नवंबर 2024 दिन शुक्रवार समय 11ः00 बजे से दोपहर 03ः00 बजे तक उपस्थित हो सकते है।