कांग्रेसियों ने किया CM हाउस का घेराव! बैज के बयान पर BJP सरकार का जवाब, कहा- अपराध के खिलाफ अपराधियों का प्रदर्शन..
रायपुर । छत्तीसगढ़ के रायपुर प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने साय सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने निगम के सामने सभा की। इसके बाद सीएम हाउस घेरने कूच किए। जहां पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक लिया।
इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव को छोड़ सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शामिल हुए। वहीं, कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने पलटवार किया है। प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा, 10 में से 8 मामलो में आरोपी का कांग्रेस कनेक्शन होता है।
अपराध रोकने में साय सरकार असफल : बैज
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, भाजपा सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हुई है और जनता डरी हुई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु जनता के लिए मुख्यमंत्री बनकर नहीं, भक्षक बनकर काम कर रहे हैं। ये सरकार छत्तीसगढ़ को यूपी और बिहार बनाने पर तुली है, लेकिन कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी।
शांति का टापू आज अपराध गढ़ बन चुका
पूर्व पीसीसी चीफ धनेन्द्र साहू ने कहा, रोज हत्या, बलात्कार, लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। क्या यही विष्णु का सुशासन है। शांति का टापू आज अपराध गढ़ बन चुका है। आज न्याय पथ पर चलकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए ये घेराव किया जा रहा है। उन्होंने कहा, भाजपा राम राज्य, विष्णु के सुशासन की बात कर रहे हैं, लेकिन चारों तरफ अशांति है। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए ये आयोजन किया है।
अपराध के खिलाफ अपराधियों का प्रदर्शन: भाजपा
कांग्रेस के इस प्रदर्शन को भाजपा ने अपराध के खिलाफ अपराधियों का प्रदर्शन करार दिया है। मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने को लेकर कांग्रेस पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा, कांग्रेस का प्रदर्शन आम लोगों के लिए आश्चर्यजनक है क्योंकि 10 में से 8 मामले में अपराधी कांग्रेस से जुड़े होते हैं। कांग्रेस के शासनकाल में नशे को बढ़ावा दिया जाता रहा है। इस दौरान उन्होंने भूपेश सरकार की प्रमुख घटनाएं गिनाई।