‘एक थाना–एक सप्ताह’ अभियान के तहत तरेगांव जंगल पहुंचे एसपी जितेन्द्र कुमार यादव, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
कबीरधाम |
2026-11-21 10:29:57
एक थाना–एक सप्ताह’ अभियान के तहत तरेगांव जंगल पहुंचे एसपी जितेन्द्र कुमार यादव, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
थाने में एक दिन के लिए संचालित किया पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जनप्रतिनिधियों से किया संवाद; साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया जागरूक
"विकाश शुक्ला"
कवर्धा- कबीरधाम जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक जनसुलभ, संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा संचालित ‘एक थाना–एक सप्ताह’ अभियान के तहत 19 नवंबर को पुलिस अधीक्षक स्वयं थाना तरेगांव जंगल पहुंचे। इस दौरान थाना परिसर में एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय का संचालन किया गया। एसपी ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं, थाने का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग की स्थिति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक संग्राम सिंह सहित थाने के अधिकारी, जवान एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना
थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र से पहुंचे आम नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रखीं। एसपी ने सभी की बातें गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की नियमानुसार जांच कर त्वरित एवं उचित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उन्हें आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
जनप्रतिनिधियों से संवाद, स्थानीय समस्याओं पर हुई चर्चा
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए और उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, अनजान लिंक और ओटीपी साझा करने से होने वाले आर्थिक नुकसान के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी एवं ओटीपी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की अपील की। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
छह थानों के बाद तरेगांव जंगल पहुंचा अभियान
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में संचालित ‘एक थाना–एक सप्ताह’ अभियान के तहत अब तक थाना सहसपुर लोहारा, कुंडा, पिपरिया, पंडरिया, रेंगाखार जंगल एवं पांडातराई में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का संचालन किया जा चुका है। इसी कड़ी में अब अभियान थाना तरेगांव जंगल तक पहुंचा है।
इस अभियान के माध्यम से पुलिस अधीक्षक स्वयं थाना क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय परिस्थितियों, पुलिसिंग की वास्तविक स्थिति एवं आम नागरिकों की समस्याओं को नजदीक से समझ रहे हैं। इसका उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच की दूरी कम करना, शिकायतों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना तथा पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देना है।
कबीरधाम पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आम नागरिकों को सुलभ एवं बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं समन्वय मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।