छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

चिल्फी बॉर्डर पर फिर पकड़ा गया 301 क्विंटल अवैध धान, बिहार से आ रहा ट्रक जब्त

चिल्फी बॉर्डर पर फिर पकड़ा गया 301 क्विंटल अवैध धान, बिहार से आ रहा ट्रक जब्त

750 बोरियों में भरा था 301 क्विंटल धान, मंडी अधिनियम के उल्लंघन पर संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
"विकाश शुक्ला"
कवर्धा- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था के बीच दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर खपाने की कोशिशों पर जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में चिल्फी अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार से आ रहे 750 बोरी धान से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। ट्रक में कुल 301 क्विंटल धान लोड था। मंडी अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन एवं धान को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन पर निगरानी रखने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सहायक खाद्य अधिकारी श्री मदन मोहन साहू के नेतृत्व में खाद्य, मंडी, राजस्व, आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम चिल्फी चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिहार के कैमूर से आ रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में 750 बोरी धान लोड पाया गया, जिसका कुल वजन 301 क्विंटल दर्ज किया गया। मंडी अधिनियम के उल्लंघन की पुष्टि होने पर टीम ने तत्काल ट्रक सहित धान को जब्त कर लिया।

अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की पैनी नजर

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अंतर्राज्यीय सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर प्रदेश की समर्थन मूल्य खरीदी व्यवस्था में खपाने की कोशिशों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इसके लिए खाद्य, मंडी, राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें सीमावर्ती चेकपोस्टों पर तैनात रहकर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान के अवैध परिवहन एवं नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image