सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को मिलेगी ₹25 हजार की प्रोत्साहन राशि
कबीरधाम |
2026-11-21 10:27:25
सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को मिलेगी ₹25 हजार की प्रोत्साहन राशि
राह-वीर योजना के तहत मिलेगा प्रशस्ति प्रमाण पत्र, कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिलेवासियों से की मदद के लिए आगे आने की अपील
कवर्धा, 20 नवंबर 2026। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए भारत सरकार द्वारा राह-वीर योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल अथवा ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने वाले पात्र मददगार को ₹25 हजार की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कबीरधाम जिले के नागरिकों से सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को देखकर अनदेखा न करें, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल मदद करें। आपकी थोड़ी सी तत्परता किसी व्यक्ति के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है।
कलेक्टर ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा 'गोल्डन ऑवर' कहलाता है, जो घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस अवधि में घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाना उसके जीवन को बचाने में निर्णायक साबित हो सकता है।
उन्होंने बताया कि राह-वीर योजना का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की सहायता के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के अंतर्गत पात्र मददगार नागरिकों को प्रोत्साहन राशि के साथ प्रशस्ति प्रमाण पत्र भी दिया जाता है। इसके अलावा मदद करने वाले नागरिकों को नियमानुसार कानूनी संरक्षण का प्रावधान है, ताकि पुलिस या कानूनी प्रक्रिया के भय से कोई भी व्यक्ति घायलों की सहायता करने से पीछे न हटे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, वाहन चालकों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं सहित जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए तत्पर रहें। दुर्घटना की स्थिति में तत्काल आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर एंबुलेंस एवं आवश्यक सहायता प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि घायलों की मदद करना केवल मानवीय संवेदना ही नहीं, बल्कि हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी भी है। समय पर मिली सहायता किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है। इसलिए सड़क दुर्घटना में घायलों को सहायता पहुंचाने में संकोच न करें और जीवन बचाने के इस नेक कार्य में सहभागी बनें।