छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

वनांचल ग्राम झुर्गीदादर में जिले के पुलिस कप्तान ने लगाया जनचौपाल ग्रामीणों और विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

वनांचल ग्राम झुर्गीदादर में जिले के पुलिस कप्तान ने लगाया जनचौपाल  ग्रामीणों और विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

अस्थायी विद्यालय के बच्चों की पढ़ाई का लिया जायजा, ओपन परीक्षा के विद्यार्थियों को बांटी पुस्तकें; खिलाड़ियों को तत्काल उपलब्ध कराई खेल सामग्री
"विकाश शुक्ला"
कवर्धा-कबीरधाम जिले में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को करीब से जानने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव थाना तरेगांव जंगल अंतर्गत ग्राम झुर्गीदादर पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय खिलाड़ियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, आवश्यकताएं और सुझाव सुने। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया तथा बच्चों से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने ओपन परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कर उनकी परीक्षा की तैयारी में सहयोग प्रदान किया।

जनचौपाल में साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

ग्राम झुर्गीदादर में आयोजित जनचौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के लोग शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों तथा डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, शिक्षा एवं खेलों को जीवन में महत्व देने और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश भी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

शिक्षा को बताया उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव

विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री यादव ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को नियमित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करें और उनकी शिक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित बच्चे ही जागरूक, जिम्मेदार और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ग्रामीणों ने बताई पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं की समस्या

जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पेयजल की गंभीर समस्या है, जिसके कारण उन्हें झिरिया से पानी लाना पड़ता है। इसके अलावा गांव में कुआं, तालाब एवं आंगनबाड़ी केंद्र की आवश्यकता भी बताई। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से शासन स्तर पर आवश्यक पहल कराने का आश्वासन दिया।

खिलाड़ियों की मांग पर तत्काल उपलब्ध कराई खेल सामग्री

ग्राम के स्थानीय खिलाड़ियों ने खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वॉलीबॉल नेट एवं अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल खेल सामग्री उपलब्ध कराई। इससे स्थानीय खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने युवाओं को खेलों के प्रति रुचि बनाए रखने और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

ग्राम झुर्गीदादर में आयोजित इस जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से कबीरधाम पुलिस ने ग्रामीणों के बीच विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत करने के साथ ही शिक्षा, खेल एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया। पुलिस अधीक्षक की इस पहल से जहां विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग मिला, वहीं ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस के समक्ष रखने का अवसर भी प्राप्त हुआ।

Leave Your Comment

Click to reload image