छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

विकसित कृषि संकल्प अभियान : जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने बेंदरची में किया कृषकों से संवाद, खरीफ फसल की तैयारी पर दी महत्वपूर्ण जानकारी

 विकसित कृषि संकल्प अभियान : जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने बेंदरची में किया कृषकों से संवाद, खरीफ फसल की तैयारी पर दी महत्वपूर्ण जानकारी


कवर्धा, 09 जून 2025। कबीरधाम जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत कृषि रथ का आयोजन विकासखण्ड बोड़ला के ग्राम बेंदरची में किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उनके साथ जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों, विभागीय अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कृषकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।  कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री साहू द्वारा खरीफ 2025 की तैयारी, उन्नत कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार एवं किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने कृषकों से संवाद स्थापित करते हुए स्वस्थ बीज चयन के लिए 17 प्रतिशत नमक घोल विधि तथा वेस्ट डीकम्पोजर के उपयोग की जानकारी जीवंत प्रदर्शन के माध्यम से दी। उन्होंने वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन में वृद्धि की दिशा में कार्य करने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कृषकों को बताया कि वर्तमान में डी.ए.पी. खाद की उपलब्धता में कमी को दृष्टिगत रखते हुए वैकल्पिक उर्वरकों जैसे 12ः32ः16, 20ः20ः0ः13 एवं एस.एस.पी. का उपयोग सहकारी समितियों से उठाव कर किया जा सकता है। साथ ही श्री साहू ने कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों से समय-समय पर मार्गदर्शन लेने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार संतुलित उर्वरकों के प्रयोग एवं फसल बीमा से जुड़ने की सलाह दी। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री बी.पी. त्रिपाठी, डी.पी.डी. श्री सुशील वर्मा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री बिरेन्द्र कुमार यादव, उद्यान अधीक्षक श्री आकाश डड़सेना, मत्स्य निरीक्षक श्री निलेश चंद्रवंशी, ग्राम पंचायत सरपंच श्री सुखदास पटेल सहित कृषि एवं समवर्गीय विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण तथा क्षेत्र के कृषक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत कृषकों से फीडबैक प्राप्त कर उनके नवाचारों को प्रोत्साहित करने एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए आवश्यक सुझाव संकलित किए गए।

Leave Your Comment

Click to reload image