तुमसनार में नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित
उतर बस्तर कांकेर, 09 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली के प्रावधानों के तहत ग्राम पंचायत तुमसनार में नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान आवंटन हेतु इच्छुक पात्र एजेंसियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अंतागढ़ ने बताया कि आवेदन वृहत्ताकार आदिम जाति बहुद्देशीय सहकारी समिति (लेम्पस), महिला स्व सहायता समूह, वन सुरक्षा समिति, अन्य सहकारी समितियां तथा राज्य शासन द्वारा विनिर्दिष्ट उपक्रमों से आमंत्रित किए गए हैं। महिला स्व सहायता समूह का पंजीयन जनपद पंचायत अंतागढ़ में आवेदन पत्र प्रस्तुत करने के कम से कम तीन माह पूर्व का होना आवश्यक है। साथ ही समूह को सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव होना चाहिए और उनका कार्यक्षेत्र जनपद पंचायत अंतागढ़ के अंतर्गत होना चाहिए। इसी प्रकार, सहकारी समितियों का पंजीयन छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम के अधीन कम से कम तीन माह पूर्व होना अनिवार्य है। इच्छुक पात्र एजेंसियां अपना आवेदन 15 अक्टूबर की सायं 05 बजे तक निर्धारित प्रपत्र में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अंतागढ़ के कार्यालय में कार्यालयीन समय में (अवकाश दिवस को छोड़कर) प्रस्तुत कर सकती हैं। नियत तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।