जगदलपुर में छड़ी दिवस पर जागरूकता रैली
नेत्रहीन और श्रवण बाधित बच्चे दिखाएंगे हौसला
जगदलपुर, 13 अक्टूबर 2025
शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय, जगदलपुर द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 15 अक्टूबर को छड़ी दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय के दृष्टि और श्रवण बाधित दिव्यांग बच्चों द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जो सुबह 11 बजे सिरहासार भवन परिसर से प्रारंभ होकर तिरंगा चैक होते हुए पुनः सिरहासार भवन पर समाप्त होगी।
रैली के बाद एक संक्षिप्त सभा का आयोजन होगा, जिसमें विशेष अतिथियों के साथ-साथ विद्यार्थी भी छड़ी दिवस के महत्व पर प्रेरक भाषण प्रस्तुत करेंगे। यह आयोजन न केवल दिव्यांग बच्चों के साहस और प्रतिभा को उजागर करेगा, बल्कि समाज में उनकी स्वतंत्रता और समावेशन के प्रति जागरूकता भी फैलाएगा। सफेद छड़ी, जो नेत्रहीनों के लिए स्वायत्तता का प्रतीक है, इस दिन विशेष रूप से सम्मानित की जाएगी।
स्थानीय प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। बच्चों की सुरक्षा और उत्साह को ध्यान में रखते हुए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। सभी निवासियों से अपील की गई है कि वे इस नेक पहल में भाग लेकर दिव्यांग बच्चों का हौसला बढ़ाएं।