छत्तीसगढ़ / रायपुर

मुंशी 10 लाख रुपये लेकर फरार, कारोबारी की शिकायत पर मामला दर्ज

 रायपुर । राजधानी के गंज थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां कंपनी का मुंशी करीब 10 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। कारोबारी की शिकायत पर गंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार देवेंद्र नगर निवासी कारोबारी विजय गोयल आयरन एंड स्टील ट्रेडिंग का व्यवसाय करते हैं। उनका कार्यालय स्टेशन रोड स्थित अरिहंत परिसर में संचालित होता है। कंपनी के लेन-देन के तहत पार्टियों से भुगतान लेना और उसे बैंक में जमा कराने की जिम्मेदारी मुंशी अनिल साल्वे को दी गई थी।


बताया जा रहा है कि अनिल साल्वे ने विभिन्न पार्टियों से कंपनी के करीब 10 लाख रुपये प्राप्त किए, लेकिन राशि बैंक में जमा नहीं कराई। इसके बाद वह अचानक फरार हो गया। जब कारोबारी ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला।


घटना की जानकारी मिलने के बाद विजय गोयल ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिल साल्वे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


गंज थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दास ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image