छत्तीसगढ़ / बालोद

कमरौद हनुमान मंदिर : चोरी के बावजूद भक्तों की अटूट आस्था, चोर को पकड़ने पुलिस नाकाम

 बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम कमरौद में स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर भक्तों की गहरी श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है। पिछले महीने हुई चोरी की घटना के बावजूद यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आई। चोरों ने चांदी के आभूषण, मुकुट समेत कीमती सामान लूट लिया, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी अपराधी को पकड़ने में पूरी तरह विफल रही है। ग्रामीणों में आक्रोश है, फिर भी भगवान हनुमान के प्रति भक्तों का विश्वास डगमगाया नहीं। इसी क्रम में एक ज्वेलर ने नया चांदी का मुकुट दान कर आस्था का अनुपम उदाहरण पेश किया।


गुंडरदेही थाना क्षेत्र के कमरौद गांव का प्रसिद्ध दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर लगातार चोरी की घटनाओं का शिकार हो रहा है। पिछले महीने अज्ञात चोरों ने मंदिर से चांदी के जेवरात, मुकुट और अन्य बहुमूल्य आभूषण चुरा लिए। इससे पूर्व भी इसी मंदिर में चोरी हो चुकी थी, लेकिन पुलिस प्रशासन दो-दो घटनाओं के बावजूद एक भी आरोपी को दबोचने में नाकाम साबित हुआ है। पिछली चोरी में कुछ आभूषण मंदिर से थोड़ी दूरी पर पैरावट में बरामद हो गए थे, मगर मुख्य चांदी का मुकुट और बाकी कीमती वस्तुएं आज तक पुलिस के हाथ नहीं लगीं। चोरों का कोई सुराग न लग पाने से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क रहा है। पुलिस की इस लापरवाही ने मंदिर की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है। ग्रामीणों का मानना है कि प्रशासन को तत्काल कार्यवाही कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाना चाहिए, वरना भविष्य में ऐसी वारदातें बढ़ सकती हैं।

इन विपरीत परिस्थितियों में भी कमरौद हनुमान मंदिर के प्रति भक्तों की अटूट आस्था चमक रही है। चोरी की घटनाओं ने उनकी श्रद्धा को कमजोर नहीं किया, बल्कि और मजबूत कर दिया। गुंडरदेही के एक प्रमुख ज्वेलर ने अपनी भक्ति भावना व्यक्त करते हुए भगवान हनुमान के लिए चांदी का नया मुकुट दान किया। विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के बीच इस मुकुट को हनुमान जी के सिर पर प्रतिष्ठापित किया गया। यह दान न केवल जेवलर की श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि पूरे समुदाय की अटल निष्ठा को दर्शाता है। मंदिर की सुरक्षा मजबूत करने की मांग के बीच भक्तों का यह विश्वास प्रशंसनीय है।

Leave Your Comment

Click to reload image