मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से ग्रामीणों ने की नई आंगनवाड़ी भवन की मांग साँकरा (धनेली):
रायपुर |
2026-04-20 19:19:23
ग्राम साँकरा के वार्ड क्रमांक 4 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 5 के लिए नए मॉडल आंगनवाड़ी भवन की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में आंगनबाड़ी केंद्र सामुदायिक भवन में संचालित हो रहा है, जहां पर्याप्त स्थान और आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। इसके कारण बच्चों के पोषण, शिक्षा और देखभाल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और सुरक्षित वातावरण को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नए मॉडल आंगनवाड़ी भवन का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन बनने से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर हेमंत बंजारे (पंच, वार्ड क्रमांक 7), कमलेश नौरंगे, लक्ष्मण डहरिया, रामकुमार यादव एवं टिकेंद्र धीवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्राम के पंच हेमंत बंजारे द्वारा जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार क्षेत्र के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।