जामपारा स्थित सोलर ड्यूल पंप संयंत्र की तत्काल मरम्मत, सुचारू रूप से पेयजल की आपूर्ति
उत्तर बस्तर कांकेर । 5 माह से बंद सोलर टंकी, लोग बेहाल’ जामपारा में चार हैंडपंप भी खराब, के संबंध में सहायक अभियंता क्रेडा ने जानकारी देते हुए बताया कि भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कनेचुर के आश्रित ग्राम जामपारा में जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत क्रेडा द्वारा सोलर ड्यूल पंप का स्थापना कार्य किया गया है।
क्रेडा के अधिकारियों द्वारा इस संयंत्र का निरीक्षण में पाया गया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सोलर ड्यूल पंप संयंत्र के इनलेट गेट वाल्व को बन्द कर दिया गया था, जिसके कारण संयंत्र के टंकी में पानी नहीं चढ़ पा रहा था। क्रेडा के मैकेनिक द्वारा तत्काल इनलेट गेट वाल्व को चालू किया गया, जिससे संयंत्र की टंकी में सुचारू रूप से पानी चढ़ने लगा है। संयंत्र में सुधार कार्य होने से ग्रामवासियों को सुचारू रूप से पानी की आपूर्ति हो रही है। क्रेडा के सहायक अभियंता ने बताया कि वर्तमान में संयंत्र कार्यशील अवस्था में है।