छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 4 लाख 50 हजार रुपए के बेशकीमती हीरा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

 0 मैनपुर थाना व स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई ।


0 एक महिला सहित तीन आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए ।

राधेश्याम सोनवानी,
गरियाबंद। जिले में अवैध हीरा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना पुलिस और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में 4 लाख 50 हजार रुपए मूल्य के 09 नग बेशकीमती हीरा पत्थरों के साथ एक महिला समेत तीन हीरा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को जीरो पॉइंट सीकासार मार्ग पर ग्राहक तलाशते हुए पकड़ा है।

एडिशनल एसपी धीरेन्द्र पटेल ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से हीरों की बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 09 नग बहुमूल्य हीरे बरामद किए गए, जिनकी प्रारंभिक जांच में अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 

उल्लेखनीय है कि गरियाबंद पुलिस द्वारा हीरा तस्करी के मामले में यह लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध हीरा कारोबार में जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। इसी के साथ गरियाबंद पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाकर लगातार कार्यवाही कर रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image