जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूल बसांे की जाँच तथा चालकों एवं परिचालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण 21 जून को
बालोद, 17 जून 2026
परिवहन विभाग के द्वारा बालोद जिले में संचालित सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में उपलब्ध बसों की जाँच एवं चालकों तथा परिचालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण जिला परिवहन कार्यालय मैदान में 21 जून 2026 को सुबह 08 बजे से किया जाएगा। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली एवं परिवहन आयुक्त छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जिले के सभी शासकीय एव निजी स्कूलों में उपलब्ध बसों की जाँच करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही बस चालक एवं परिचालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। उन्होंने सभी स्कूल संचालकों को स्कूल बसों के आरसी, फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र, इंश्योरेंस, परमिट एवं वाहन चालक के लायसेंस, आईडीटीआर रायपुर में प्रशिक्षण प्राप्त सर्टिफिकेट आदि समस्त दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। उन्होेंने बताया कि इस दौरान स्कूल प्रबंधकों द्वारा जाँच हेतु बस उपलब्ध नहीं कराए जाने पर अधीनस्थ संचालित स्कूल बसों के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।