कृषि केंद्रों का किया गया औचक निरीक्षण, पर्याप्त मात्रा में मिला उर्वरकों का भंडारण
मुंगेली |
2026-06-24 17:45:33
*किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वकर विक्रय के दिए गए निर्देश*
मुंगेली -/ जिला प्रशासन द्वारा खरीफ मौसम 2026 में किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सक्रियता के साथ कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार खाद एवं बीज के भंडारण, वितरण और निगरानी की सतत व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में 23 जून को कृषि विभाग की टीम द्वारा विकासखंड पथरिया एवं लोरमी के विभिन्न उर्वरक विक्रय केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेसर्स साहू कृषि केन्द्र लौदा, सेवा सहकारी समिति लौदा, मेसर्स कृषि एजेंसी एंड ट्रेडिंग, नितीन कृषि केन्द्र लोरमी तथा राठौर कृषि केन्द्र सारधा का निरीक्षण कर उपलब्ध उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण में विभिन्न केंद्रों पर 70 टन यूरिया, 65 टन सिंगल सुपर फास्फेट, 35 टन एनपीके एवं 14.80 टन डीएपी उपलब्ध पाया गया। अधिकारियों ने संबंधित विक्रेताओं एवं संस्थाओं को निर्धारित दरों पर किसानों को उर्वरकों का विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर ने बताया कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए खाद एवं बीज की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान उर्वरक निरीक्षक योगेश कुमार दुबे, श्रीमती निरजा कुलकर्णी तथा विकासखंड लोरमी के निरीक्षक संजय सोनवानी उपस्थित रहे।