मामूली कहासुनी में खूनी झड़प : नाम-पता पूछने पर युवक ने गले पर चलाया बटनदार चाकू, आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया
बालोद। जिले में छोटी सी बात पर हिंसा और जानलेवा हमले की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम निपानी में एक पान ठेले के पास केवल नाम और पता पूछने की सामान्य बातचीत में देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक सनकी युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। बालोद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा है और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया गया है।
घटना 28 अगस्त 2026 की शाम लगभग 04:30 बजे की है। भरदा निवासी खोरबाहरा राम ठाकुर ग्राम निपानी स्थित चोवा सिन्हा के पान ठेले पर गुटका लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात युवक उनसे नाम और पता पूछने लगा। जब प्रार्थी ने सौहार्दपूर्वक अपना परिचय दिया और बातचीत में बताया कि वह कुछ ही समय पहले दुबई से वापस लौटा है, तो अज्ञात युवक अचानक आपा खो बैठा। उसने प्रार्थी को मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और जेब से चाकू निकालकर सीधे उसके गले पर हमला कर चोट पहुंचा दी।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर बालोद पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 449/2026, धारा 296(ए), 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के क्रम में जब पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद पान ठेला संचालक से गहन पूछताछ की, तो आरोपी की पहचान ईश्वर सोनी (उम्र 26 वर्ष), पिता घनाराम सोनी, निवासी ग्राम निपानी के रूप में हुई।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी ईश्वर सोनी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने कुबूल किया कि वह प्रार्थी के जवाब से चिढ़ गया था और गुस्से में आकर पैंट में रखा बटनदार चाकू निकालकर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त खतरनाक बटनदार चाकू जब्त कर लिया।
प्रतिबंधित चाकू बरामद होने के कारण मामले में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गईं। बालोद पुलिस ने 31 अगस्त 2026 की शाम 04:25 बजे आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।