राज्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ’सेवा संकल्प अभियान’ के सफल संचालन हेतु विकासखंड स्तरीय टास्क फोर्स गठित
राजस्व अनुविभागीय अधिकारी होंगे समिति के अध्यक्ष
बालोद, सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ शासन जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में राज्य में आगामी 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक ’सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा द्वारा आदेश जारी कर जिले में इस अभियान के विकासखंड स्तर पर सुचारू संचालन, अंतर्विभागीय समन्वय, प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ’विकासखंड स्तरीय टास्क फोर्स समिति’ का गठन किया गया है। जारी आदेश के अंतर्गत ’विकासखंड स्तरीय टास्क फोर्स’ में राजस्व अनुविभागीय अधिकारी को अध्यक्ष, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, अनुविभागीय अधिकारी वन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, मुख्य नगरपालिका एवं नगर पंचायत अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी को समिति के सदस्य होंगे। जारी आदेश में सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी को अपने-अपने विकासखंड स्तर के अधिकारियों के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर इस महत्वपूर्ण अभियान का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का उल्लेख है। साथ ही यह आदेश तत्काल प्रभावशील कर दिया गया है।