छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

ज्ञान के साथ स्वच्छता का संदेश: कामठी विद्यालय में साक्षरता एवं हाथ धुलाई दिवस पर रोचक गतिविधि

कवर्धा--
वनांचल में स्थित  शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामठी में साक्षरता पखवाड़ा के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस एवं हाथ धुलाई दिवस का आयोजन जागरूकता एवं रोचक गतिविधियों के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों को स्वच्छता और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता राजेश शर्मा एवं हीरालाल छापरिया ने विद्यार्थियों के साथ गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से हाथ धोने के सात चरणों का जीवंत प्रदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को हाथ धोने की सही विधि बताते हुए समझाया कि हाथों की उचित सफाई से अनेक संक्रमण एवं बीमारियों से बचाव किया जा सकता है तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का स्वास्थ्य पर सीधा सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं हाथ धोने के विभिन्न चरणों को दोहराया और यह जाना कि सिर्फ हाथ धोना ही नहीं, बल्कि सही तरीके और पर्याप्त समय तक हाथ धोना भी आवश्यक है। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति व्यवहारिक समझ विकसित करने के साथ-साथ इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
 

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती हेमलता तंडन, व्याख्याता तुलस राम चंद्राकर, मनोज कुमार आदित्य कोमल धृत लहरे  एवं समस्त व विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को “साक्षरता के साथ स्वच्छता और स्वस्थ जीवन” के महत्व से जोड़ना रहा। 

Leave Your Comment

Click to reload image