छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने पंडरिया में विकास कार्यों और योजनाओं का लिया जायजा

नगर पालिका, जनपद पंचायत, मिनी स्टेडियम, महिला चौपाटी और मनरेगा शाखा का किया निरीक्षण
पेंशन से वंचित हितग्राहियों का आधार लिंक कर तत्काल लाभ दिलाने के निर्देश
"विकाश शुक्ला"
कवर्धा, - कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने शनिवार को पंडरिया क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न शासकीय कार्यालयों, निर्माणाधीन विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका कार्यालय, मिनी स्टेडियम, महिला चौपाटी, जनपद पंचायत कार्यालय एवं मनरेगा शाखा का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं तथा आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। इस दौरान पंडरिया जनपद अध्यक्ष श्रीमती नंदनी साहू सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

नगर पालिका में योजनाओं की समीक्षा, नागरिकों की सुनी समस्याएं

नगर पालिका कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान कार्यालय पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवेदन सुने। वार्ड क्रमांक-2 के पट्टा संबंधी आवेदन पर उन्होंने सीएमओ को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मिनी स्टेडियम के निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष जोर

कलेक्टर ने लगभग 1 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने क्रिकेट मैदान, नाली, फेसिंग, पेवेलियन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल एवं इंडोर बैडमिंटन कोर्ट सहित प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

मिनी स्टेडियम परिसर के समीप आंगनबाड़ी केंद्र के पास जलभराव की स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने लगभग 31 लाख रुपए की लागत से निर्मित महिला चौपाटी का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

पेंशन प्रकरणों की समीक्षा, आधार लिंक कर तत्काल लाभ देने के निर्देश

जनपद पंचायत कार्यालय में कलेक्टर ने 143 ग्राम पंचायतों, सचिवों एवं करारोपण अधिकारियों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और हितग्राहियों से सीधे संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान आधार लिंक नहीं होने के कारण पेंशन से वंचित एक हितग्राही का प्रकरण सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को तत्काल आधार लिंक की प्रक्रिया पूरी कर पात्र हितग्राही को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत परिसर में शासन की योजनाओं की जानकारी बैनर एवं सूचना पट के माध्यम से प्रमुखता से प्रदर्शित करने को भी कहा, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।

सामान्य सभा की बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान सामान्य सभा की बैठकों में संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति की शिकायत भी कलेक्टर के समक्ष पहुंची। इस पर उन्होंने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सामान्य सभा की बैठकों में संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर ने जनपद पंचायत की मनरेगा शाखा का निरीक्षण कर स्वीकृत एवं संचालित कार्यों, उनकी प्रगति तथा ग्रामीणों को उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मनरेगा के कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और पात्र ग्रामीणों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान पंडरिया एसडीएम श्री संदीप ठाकुर, तहसीलदार, सीएमओ सहित जनपद पंचायत एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। 

Leave Your Comment

Click to reload image