इंजीनियर डे पर उत्कृष्ट अभियंताओं का सम्मान, यूनियन ने आयोजन को दिया अंतिम रूप
कबीरधाम |
2026-09-14 10:11:44
इंजीनियर डे पर उत्कृष्ट अभियंताओं का सम्मान, यूनियन ने आयोजन को दिया अंतिम रूप
कवर्धा। इंजीनियर डे के अवसर पर छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन द्वारा आयोजित किए जाने वाले सम्मान समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन को लेकर हुई आवश्यक बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देते हुए व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां अलग-अलग समितियों को सौंपी गईं। 25 से 30 सितंबर के बीच प्रस्तावित समारोह में जिले के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उप अभियंता, सहायक अभियंता और कार्यपालन अभियंताओं को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भुवन पटेल, प्रदेश सचिव विकास शुक्ला, जिला अध्यक्ष श्याम टंडन, कार्यक्रम संयोजक पी. डी. मानिकपुरी, कोषाध्यक्ष रविन्द्र शुक्ला, लोहारा ब्लॉक अध्यक्ष उमेश छेदावी, जिला कोषाध्यक्ष गुरदीप सलूजा लोहारा ब्लॉक सचिव तोरण छेदावी कोषाध्यक्ष राजा श्रीवास्तव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और साथी मौजूद रहे।
बैठक में आयोजन की सफलता को लेकर जिम्मेदारियों का स्पष्ट विभाजन किया गया। अतिथि चयन, मंच व्यवस्था, स्वागत व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए समितियां गठित कर सदस्यों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। संगठन ने कार्यक्रम को महज औपचारिक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय जिले में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अभियंताओं को मंच प्रदान करने की दिशा में तैयारी शुरू की है।
यूनियन के अनुसार, जिले में सड़क, भवन, सिंचाई, बिजली, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं को धरातल पर उतारने में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
तकनीकी दक्षता और जिम्मेदारी के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियंताओं का सम्मान उनके कार्य को प्रोत्साहन देने के साथ अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए भी प्रेरक संदेश होगा।
समितियों को सौंपी जिम्मेदारी, आयोजन की तैयारियां तेज
बैठक में कार्यक्रम से जुड़े प्रत्येक पक्ष पर चर्चा की गई। अतिथियों के चयन से लेकर मंच संचालन, स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पदाधिकारियों ने संबंधित सदस्यों को अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के लिए जिले के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियंताओं के चयन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उप अभियंता से लेकर सहायक अभियंता और कार्यपालन अभियंता स्तर तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने की तैयारी है।
यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि अभियंताओं के योगदान को सामने लाना और उनके बेहतर कार्य को सार्वजनिक रूप से सम्मान देना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम को गरिमापूर्ण और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए संगठन स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
25 से 30 सितंबर के बीच होने वाले इस आयोजन को लेकर अब तैयारियों ने गति पकड़ ली है।
बैठक में तय की गई जिम्मेदारियों के बाद संगठन के पदाधिकारी और सदस्य कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटेंगे।