छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

जमुनिया नदी में मिला युवक का शव, हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच

 जमुनिया नदी में मिला युवक का शव, हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच


रेंगाखार थाना क्षेत्र के ग्राम रोल के पास नदी में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच

कवर्धा। रेंगाखार थाना क्षेत्र के ग्राम रोल के पास जमुनिया नदी में गुरुवार को एक युवक का शव पानी में डूबा हुआ मिला। मृतक की पहचान राजेंद्र धुर्वे पिता मानसिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम नगवाही के रूप में हुई है। राजेंद्र धुर्वे शासकीय हाई स्कूल झलमला में चपरासी के पद पर कार्यरत था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को मृतक की पत्नी तीजा पर्व के लिए अपने मायके गई थी। इसके बाद राजेंद्र घर से बाहर निकला था। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच ग्राम रोल के पास जमुनिया नदी में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।

पुलिस के अनुसार शव करीब 2 से 3 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मृत्यु होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस द्वारा मामले में मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तथा अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर पुलिस हत्या और आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल और परिस्थितियों से जुड़े साक्ष्यों को भी संकलित किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही युवक की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave Your Comment

Click to reload image