** वनांचल के विद्यालय कामठी में हुआ स्मार्ट क्लास का शुभारंभ** --डिजिटल शिक्षा की ओर महत्वपूर्ण कदम--
कबीरधाम |
2026-09-20 17:14:33
पंडरिया/कवर्धा--
कबीरधाम जिले के विकासखंड पंडरिया अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामठी में आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कक्षा छठवीं से आठवीं के बच्चों के लिए स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम कामठी की सरपंच श्रीमती पार्वती मसराम एवं विधायक प्रतिनिधि रामगोपाल वट्टी द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और विद्यार्थियों में नई तकनीक से सीखने को लेकर विशेष उत्सुकता देखने को मिली।
इक्कीसवीं सदी को परिवर्तन और तकनीकी उन्नति की सदी माना जाता है। वर्तमान समय में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, जहां डिजिटल माध्यमों और इंटरनेट आधारित शिक्षण सामग्री की उपयोगिता निरंतर बढ़ती जा रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में विद्यालय में स्मार्ट क्लास की स्थापना विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि रामगोपाल वट्टी ने कहा कि “विकसित भारत के निर्माण में डिजिटल शिक्षा और मल्टीमीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को विषयवस्तु को समझने में सरलता होगी और उनकी सीखने की क्षमता में गुणात्मक वृद्धि होगी। हमारे गांव के बच्चे इन आधुनिक संसाधनों का उपयोग कर निश्चित रूप से भविष्य में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।”
स्मार्ट क्लास प्रभारी सुमित पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में बताया कि आज के समय में बच्चों को प्रभावी और रोचक तरीके से शिक्षित करने के लिए कक्षाओं का डिजिटलीकरण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि “ऐसी कई अवधारणाएं हैं जिन्हें पारंपरिक शिक्षण विधियों से समझाना कठिन होता है, लेकिन स्मार्ट क्लास के माध्यम से दृश्य-श्रव्य सामग्री का उपयोग कर उन्हें सरल एवं स्पष्ट रूप से समझाया जा सकता है। इससे बच्चों की रुचि बढ़ती है और सीखना अधिक स्थायी एवं प्रभावी बनता है।”
कार्यक्रम के दौरान स्मार्ट क्लास की सुविधाओं का संक्षिप्त प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें लैपटॉप, प्रोजेक्टर, स्पीकर एवं ई-कंटेंट के माध्यम से पढ़ाई की प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव बताया।
इस अवसर पर संकुल प्राचार्य श्रीमती हेमलता टंडन, संकुल समन्वयक रघुनंदन गुप्ता सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।