**पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों की रफ्तार तेज, विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से 3.04 करोड़ की नई सौगात**
कबीरधाम |
2026-09-21 10:08:47
**पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों की रफ्तार तेज, विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से 3.04 करोड़ की नई सौगात**
इंदौरी में विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना कार्यों के लिए 2 करोड़ तथा पंडरिया में भव्य गार्डन निर्माण के लिए 1.04 करोड़ की प्राविधिक स्वीकृति
"विकाश शुक्ला"
पंडरिया/कवर्धा- पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधोसंरचना मद अंतर्गत नगर पंचायत इंदौरी में विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नगर पालिका परिषद पंडरिया में भव्य गार्डन निर्माण के लिए 1 करोड़ 4 लाख रुपये की प्राविधिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस प्रकार पंडरिया विधानसभा को एक साथ 3 करोड़ 4 लाख रुपये के विकास कार्यों की नई सौगात मिली है।
विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से लगातार मिल रही विकास कार्यों की स्वीकृतियों से क्षेत्र में अधोसंरचना के विस्तार और नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे पहले पांडातराई के लिए 3 करोड़ रुपये सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगरीय क्षेत्रों में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है।
**जनता से सीधा संवाद, समस्याओं के समाधान पर जोर**
विधायक भावना बोहरा लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगरीय क्षेत्रों का दौरा कर आम जनता से सीधे संवाद करती हैं। जनसंपर्क के दौरान वे लोगों की समस्याओं और स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी लेती हैं तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उनके निराकरण के लिए पहल करती हैं। क्षेत्रवासियों से सीधे जुड़कर उनकी जरूरतों को समझना और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाना उनकी कार्यशैली का प्रमुख हिस्सा बताया जा रहा है।
पंडरिया विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क, नाली, सीसी रोड, मंच, गार्डन, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न अधोसंरचना कार्यों पर जोर दिया जा रहा है। इन कार्यों से स्थानीय स्तर पर नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की बात कही जा रही है।
विकास को लेकर लगातार सक्रियता
विधायक भावना बोहरा द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को शासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने और विकास कार्यों के लिए लगातार प्रयास किए जाने से पंडरिया विधानसभा में एक के बाद एक नई स्वीकृतियां मिल रही हैं। पिछले कुछ समय में लगातार विकास कार्यों की घोषणाओं और स्वीकृतियों से क्षेत्र में विकास को लेकर सक्रियता नजर आ रही है।
इंदौरी और पंडरिया के लिए मिली 3.04 करोड़ रुपये की नई स्वीकृति को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इन कार्यों के धरातल पर उतरने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।