*झंडा चौक में तलवार लहराकर लोगों को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार**
कबीरधाम |
2026-09-24 15:11:34
सार्वजनिक स्थान पर दहशत फैलाने की कोशिश, तलवार जब्त; आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
कवर्धा। शहर के झंडा चौक में सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे की धारदार तलवार बरामद कर जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल कबीरधाम भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झंडा चौक कवर्धा में एक युवक हाथ में लोहे की तलवार लेकर उसे लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों तथा वहां मौजूद नागरिकों से गाली-गलौज कर रहा है और उन्हें मारने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर एक युवक को तलवार लहराते हुए लोगों को भयभीत करते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिस खान पिता शुभराती खान, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02 रामनगर, कवर्धा बताया।
**लाइसेंस नहीं होने पर तलवार जब्त**
पुलिस द्वारा आरोपी को तलवार रखने के संबंध में अनुज्ञा पत्र (लाइसेंस) प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया। आरोपी द्वारा तलवार रखने का कोई लाइसेंस नहीं होना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से एक नग लोहे की धारदार तलवार विधिवत जब्त कर सीलबंद की।
आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 411/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय के समक्ष पेश करने के उपरांत न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को जिला जेल दाखिल किया गया।