**लगातार हुई बारिश से जन जीवन हुवा प्रभावित**
कबीरधाम |
2026-09-27 10:13:59
**लगातार हुई बारिश से जन जीवन हुवा प्रभावित**
- झंडी, केसदा, बाधा और जामुनपानी समेत कई गांवों के ग्रामीण हुवे परेशान-
कवर्धा। लगातार दो दिनों से हुई बारिश से जहाँ जिले के नदी नाले उफान पर है वही कवर्धा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में बारिश के चलते जनजीवन थोड़ा बहुत प्रभावित जरूर हुवा है। हॉट बाजारों की रौनकता भी अन्य दिनों की अपेक्षा फीकी रही जिले की सभी बांधे लगभग पानी से लबालब हो गई है। सरोधा जलाशय में लगातार पानी की आवक बढ़ने से जलाशय का पानी उलट करीब चार फीट ऊपर बहाव की स्थिति में पहुंच गया है। इसके चलते जलभराव एवं तेज बहाव ने आसपास के मार्गों को प्रभावित करते ग्राम झंडी, केसदा, बाधा, जामुनपानी सहित करीब 10 से 15 गांवों का जिला मुख्यालय कवर्धा से संपर्क प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हो गई है।
लगातार बारिश के कारण सरोधा जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलाशय से पानी के तेज बहाव के कारण आवागमन वाले मार्गों पर पानी चढ़ गया है। ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी परेशानी जिला मुख्यालय तक पहुंचने की है। रोजमर्रा के काम, उपचार, शिक्षा, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए कवर्धा आने-जाने वाले ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चार फीट ऊपर बह रहा पानी, आवागमन पर संकट
बताया जा रहा है कि जलाशय में पानी निर्धारित स्तर से ऊपर पहुंचने के बाद तेज बहाव के साथ बाहर निकल रहा है। कई स्थानों पर पानी का बहाव इतना अधिक है कि छोटे वाहनों से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर चिंता बनी हुई है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
10 से 15 गांवों पर असर
सरोधा जलाशय के बढ़ते जलस्तर का असर आसपास के करीब 10 से 15 गांवों पर पड़ रहा है। झंडी, केसदा, बाधा और जामुनपानी सहित अन्य गांवों के लोगों के लिए कवर्धा जिला मुख्यालय तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग बाधित होने से आवश्यक कार्यों के लिए भी उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रशासन से निगरानी और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से जलाशय एवं प्रभावित मार्गों की लगातार निगरानी करने की मांग की है। साथ ही पानी के तेज बहाव वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग उठ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान प्रशासन को पहले से सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
बारिश का सिलसिला जारी रहा तो बढ़ सकती है परेशानी
यदि क्षेत्र में लगातार बारिश जारी रहती है और जलाशय में पानी की आवक इसी तरह बनी रहती है, तो प्रभावित गांवों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में प्रशासन के सामने ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ-साथ जिला मुख्यालय से संपर्क बनाए रखने की चुनौती भी बढ़ गई है।