छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

**चिल्फी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का किया पर्दाफाश**

दो वाहनों से 18 किलो 460 ग्राम गांजा बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

उड़ीसा के नुआपाड़ा से मध्यप्रदेश के पन्ना ले जाया जा रहा था गांजा, 22.53 लाख रुपये का मशरूका जब्त

कवर्धा/ अंतर्राज्यीय मार्गों से गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिल्फी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनएच-30 पर वाहन जांच के दौरान दो अलग-अलग वाहनों से 18 किलो 460 ग्राम गांजा बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त दो वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 22 लाख 53 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को थाना चिल्फी के सामने एनएच-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने आगे-पीछे चल रहे हुंडई वरना क्रमांक DL-4C AQ-0755 को रोककर जांच की। वाहन में सवार रविराज सिंह परिहार (19) निवासी मेहेंगवा कला, थाना पवई, जिला पन्ना और सौरभ सिंह बुंदेला (22) निवासी महेड़ा, थाना पवई, जिला पन्ना से पूछताछ के बाद वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी में 12 किलो 760 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा उड़ीसा के नुआपाड़ा से मध्यप्रदेश के पन्ना ले जाया जा रहा था।

इसी दौरान पुलिस ने एक अन्य संदिग्ध मारुति सुजुकी शोल्ड फ्रॉन्क्स वाहन को भी रोककर जांच की। वाहन में सवार जोगेन्द्र राजा (25) और केशव राजा (22), दोनों निवासी बुढ़ा, थाना पवई, जिला पन्ना की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। पुलिस ने वाहन से 5 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया।

इस तरह दोनों वाहनों से कुल 18 किलो 460 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 23 हजार रुपये है, बरामद किया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 22/2026धारा 20(b )एन,  डी, पी,एस, एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।          प्रकरण में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य ब्यक्तियों एवम नेटवर्क के संबंध में ए,एन, टी,एफ टीम कबीरधाम द्वारा भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image