पंडरिया, 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पंडरिया के तत्वावधान में स्थानीय गांधी उद्यान में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम साहू ने किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए सत्य, अहिंसा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम साहू ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत के स्वतंत्रता संग्राम के महानायक ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाने वाले युगपुरुष थे। उन्होंने अपने जीवन में सत्य, अहिंसा, त्याग, सादगी और सेवा के मूल्यों को अपनाया और इन्हीं मूल्यों के माध्यम से देश को एकजुट करने का कार्य किया। गांधी जी का विचार था कि समाज में स्थायी परिवर्तन हिंसा से नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा और आपसी भाईचारे की भावना से लाया जा सकता है। आज के समय में भी उनके विचार समाज और देश के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज में शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता, ग्राम स्वराज और आत्मनिर्भरता को भी विशेष महत्व दिया था। उनके विचारों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के विकास में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नवीन जायसवाल, काशीनाथ ठाकुर, गुरुदत्त शर्मा, चंद्रभान सिंह, राजकिरण, मनीष शर्मा, खोवाराम भास्कर, राजकुमार, गौतम शर्मा एवम बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकता उपस्थित थे।