छत्तीसगढ़ / बालोद

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, निर्वाचन संबंधी कार्यों की हुई समीक्षा

 कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार गुरूर तहसील कार्यालय में आयोजित हुई बैठक

बालोद, अक्टूबर 2026

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में प्रगति लाने के उद्देश्य से तहसील कार्यालय गुरूर में बैठक आयोजित की गई। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं एसडीएम श्री शिवनाथ बघेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्वाचन संबंधी कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में एसडीएम श्री बघेल ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नामों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की त्रुटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधारने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र युवा अपने मताधिकार से वंचित न रहे। साथ ही, निर्वाचन संबंधी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्वाचन संबंधी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। उन्होेंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची, सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। निर्वाचन संबंधी कार्यों में शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।

Leave Your Comment

Click to reload image