दशहरा मेले में उपजे विवाद का खौफनाक अंत: ग्राम चिटौद में सोते वक्त युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, बाल संप्रेषण गृह भेजा गया आरोपी
बालोद। जिले के अंतर्गत थाना पुरूर क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के ग्राम चिटौद में दशहरा पर्व के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रावण दहन कार्यक्रम के दौरान हुए झगड़े की रंजिश रखते हुए एक आरोपी ने घर में घुसकर सोते हुए युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ प्राणघातक हमला कर दिया। इस गंभीर घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
यह त्वरित और प्रभावी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के विशेष निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन, एसडीओपी गुरुर श्रीमती माया शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी पुरूर प्रशिक्षु उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिदार के कुशल नेतृत्व में की गई है।
पुलिस से मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को ग्राम चिटौद में दशहरा पर्व के अवसर पर रावण दहन का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान घायल युवक तोषण निषाद और उसके दोस्तों का किसी बात को लेकर गांव के ही एक अन्य युवक से विवाद हो गया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते अगली रात यानी 21 अक्टूबर 2026 को करीब डेढ़ बजे एक व्यक्ति ने प्रार्थी के घर में चुपके से प्रवेश किया और मकान की छत पर सो रहे तोषण निषाद पर चाकू से अचानक हमला कर दिया।
इस जानलेवा हमले में तोषण के चेहरे, गले, गर्दन, कंधे और पीठ पर गंभीर और गहरे घाव आए। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
प्रार्थी गणेश राम निषाद, निवासी ग्राम चिटौद की शिकायत पर थाना पुरूर पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए अपराध क्रमांक 109/2026, धारा 109 एवं 332(ख) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालक को तुरंत अपनी अभिरक्षा में लिया और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया। सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी बालक को किशोर न्यायालय बालोद के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से अदालत के आदेशानुसार उसे बाल संप्रेषण गृह दुर्ग भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।