बिजली की आंख-मिचौली से बिलासपुर शहरवासी परेशान
बिलासपुर |
2026-11-11 16:16:27
एक ओर विद्युत मंडल द्वारा दावा किया जाता है कि उपभोक्ताओं को तत्काल सेवा देने के लिए हम हमेशा तैयार रहते हैं, लेकिन आज स्थिति यह है कि बिजली गुल होने पर शिकायत करने पर साहब कहते हैं कि विद्युत मंडल कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है।
बदहाल विद्युत मंडल का हाल यह है कि एक बार बिजली गुल होने पर घंटों तक बिजली नहीं आती। बिजली कार्यालय में शिकायत करने पर कर्मचारी फोन बंद करके बैठ जाते हैं। ठीक इसी तरह बिजली की आंख-मिचौली से बिलासपुर शहरवासी जूझ रहे हैं।
दूसरी ओर ट्रांसफॉर्मर और स्विच बोर्ड के डिब्बे जगह-जगह खुले पड़े हैं, जो बड़ी दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। लगातार शिकायत करने के बावजूद कर्मचारी अनदेखी करते हैं। कोई भी सुनवाई नहीं होती। विद्युत मंडल की लापरवाही का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
जैसे कि सदर बाजार, करोना चौक के पास स्विच बोर्ड का डिब्बा खुला रहता है। ठीक इसी तरह जूनी लाइन, वार्ड क्रमांक 31 में भी ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है। यह सब विद्युत मंडल की जिम्मेदारी के अंतर्गत आता है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो किसी बड़ी दुर्घटना होने से रोकना मुश्किल हो सकता है।