छत्तीसगढ़ / बीजापुर

सेवा सेतु पोर्टल से अब विद्यार्थियों को आसानी से मिलेगा स्थानांतरण प्रमाण-पत्र

बीजापुर । जिले में शासकीय सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं नागरिकों के लिए सुलभ बनाने की दिशा में सेवा सेतु परियोजना के माध्यम से लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में स्कूल शिक्षा विभाग की नवीन ऑनलाइन सेवा स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला कलेक्टर कार्यालय के इंद्रावती सभाकक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विकासखंडों के विद्यालयों के प्राचार्यों एवं व्याख्याताओं ने भाग लिया।

कलेक्टर  विश्वदीप के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में स्थानांतरण प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से सुगम बनाना तथा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को समय पर आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।

ऑनलाइन आवेदन से लेकर अनुमोदन तक की प्रक्रिया की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित प्राचार्यों एवं व्याख्याताओं को सेवा सेतु पोर्टल पर स्थानांतरण प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें आवेदन फॉर्म भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, पोर्टल पर आवेदन प्रस्तुत करने तथा आवेदन के विभिन्न चरणों की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

 
 
 
 
 
 

इसके साथ ही पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के परीक्षण, सत्यापन एवं अनुमोदन की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई, ताकि विद्यालय स्तर पर स्थानांतरण प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदनों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

विद्यार्थियों और अभिभावकों को मिलेगी सुविधा

स्थानांतरण प्रमाण-पत्र विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज है, जिसकी आवश्यकता विद्यालय परिवर्तन एवं अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं के दौरान होती है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से इस सेवा को ऑनलाइन उपलब्ध कराने की पहल से विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी।

डिजिटल व्यवस्था से आवेदन संबंधी कार्यवाही अधिक व्यवस्थित होगी तथा अनावश्यक कागजी प्रक्रियाओं को कम करने में सहायता मिलेगी। इससे विद्यालयों के प्रशासनिक कार्यों में भी सुगमता आने के साथ आवेदनों के निराकरण में पारदर्शिता बढ़ेगी।

डिजिटल जनसेवा को मिल रही नई गति

सेवा सेतु परियोजना के माध्यम से जिले में विभिन्न विभागों की नागरिक सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग की स्थानांतरण प्रमाण-पत्र सेवा को इस व्यवस्था से जोड़ना डिजिटल जनसेवा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यालयों के प्राचार्यों एवं व्याख्याताओं को पोर्टल के संचालन और आवेदन प्रक्रिया की आवश्यक जानकारी प्रदान की गई, जिससे वे अपने विद्यालयों में इस सेवा का प्रभावी क्रियान्वयन कर सकेंगे।

 

जिला प्रशासन की इस पहल से विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को शैक्षणिक सेवाओं का लाभ अधिक सुगमता से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यालय स्तर पर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में भी यह प्रशिक्षण महत्वपूर्ण साबित होगा।

 
 
 
 
 
 

 
 

 
 
 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image