छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी

जिले में कौशल पखवाड़ा शिविर का होगा आयोजन, युवाओं को मिलेगा निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण

 मोहला नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जिला कौशल विकास प्राधिकरण मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा जिले के हितग्राहियों को निःशुल्क आवासीय एवं गैर-आवासीय कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से कौशल पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर के माध्यम से जिले के युवाओं एवं इच्छुक हितग्राहियों को विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। शिविर का आयोजन 16 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक जिले के अलग-अलग ग्रामों में किया जाएगा।
         निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को भड़सेना, 17 नवंबर को बिहरीकला, 18 नवंबर को पीपरखार, 19 नवंबर को करमतरा तथा 20 नवंबर को आटरा में शिविर आयोजित किया जाएगा। सभी शिविर संबंधित ग्राम पंचायत भवन में लगाए जाएंगे, जहां हितग्राही कौशल प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
         शिविर के माध्यम से सोलर पीवी इंस्टॉलर, प्लंबिंग, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (आवासीय प्रशिक्षण), सेल्फ एम्प्लॉयड टेलर, इलेक्ट्रीशियन, मशरूम ग्रोवर तथा फील्ड टेक्नीशियन एंड अदर होम एप्लायंस जैसे विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुसार तकनीकी और व्यावसायिक कौशल से जोड़ना है, ताकि वे रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकें।
        इस कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत हितग्राहियों को निःशुल्क प्रशिक्षण, प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाणपत्र तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने का लाभ मिलेगा। जिला कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा जिले के युवाओं एवं इच्छुक हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने नजदीकी ग्राम पंचायत भवन में आयोजित शिविर में पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त करें और निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं।

Leave Your Comment

Click to reload image