छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

बेमेतरा में धान खरीदी का धमाकेदार आगाज, पहले ही दिन 119 केंद्रों में 1676.68 मीट्रिक टन धान की खरीदी

 बेमेतरा नवंबर 2026

खरीफ वर्ष 2026-27 में धान उपार्जन का शुभारंभ जिले में ऐतिहासिक उत्साह के साथ हुआ। शासन की आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार पहले ही दिन बेमेतरा जिले के 119 धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी हुई, जो प्रदेश के कई बड़े जिलों से बेहतर प्रदर्शन है।

जिले में कुल 157 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से पहले दिन ही 119 केंद्रों में खरीदी शुरू हो गई। इस दौरान कुल 1676.68 मीट्रिक टन (16766.80 क्विंटल) धान की खरीदी की गई, जिससे 372 किसान लाभान्वित हुए।

तीन श्रेणियों में हुई खरीदी -

रिपोर्ट के अनुसार बेमेतरा में -
- मोटा धान - 892.92 मीट्रिक टन
- पतला धान - 653.16 मीट्रिक टन
- सुपर फाइन धान - 130.60 मीट्रिक टन
- कुल - 1676.68 मीट्रिक टन* की खरीदी हुई है।

कलेक्टर ने किया था शुभारंभ

आज सुबह कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने धान उपार्जन केंद्र मोहतरा एवं बिलई पहुंचकर विधि-विधान से धान खरीदी का शुभारंभ किया था। उन्होंने केंद्रों में किसानों से सीधे संवाद किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान विक्रय में कोई असुविधा न हो, तौल में पारदर्शिता रहे और भुगतान समय पर हो।

कलेक्टर के निर्देश के बाद जिले के सभी केंद्रों में नोडल अधिकारियों ने पहुंचकर खरीदी का शुभारंभ कराया। केंद्रों में पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था, बारदाने और तौल की पर्याप्त सुविधा देखकर किसान काफी खुश नजर आए।

प्रदेश में बेमेतरा का प्रदर्शन रहा दमदार

15 नवंबर की राज्य स्तरीय रिपोर्ट में बेमेतरा का प्रदर्शन कई जिलों से आगे रहा। इस सूची में बेमेतरा में 1676.68 मीट्रिक टन के साथ मजबूत शुरुआत दर्ज की।

किसानों में खुशी की लहर

पहले दिन की सफल खरीदी से किसानों में खुशी की लहर है। किसानों ने कहा कि टोकन व्यवस्था और पारदर्शी तौल से उनका समय बचा और उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिलने का भरोसा बढ़ा है।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने टोकन के अनुसार ही धान लेकर आएं, ताकि केंद्रों में भीड़ और अव्यवस्था न हो और खरीदी सुचारू रूप से चलती रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image