छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

गांजा तस्करी मामले में दो माह से फरार पांचवां आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार

ओडिशा के नुआपाड़ा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की थी योजना, पूर्व में चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

18.539 किलोग्राम गांजा, दो कार और चार मोबाइल सहित 22.53 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

कवर्धा। गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे पांचवें आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने मध्यप्रदेश के पवई से गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के दौरान पुलिस चेकपोस्ट देखकर वाहन से उतरकर जंगल की ओर फरार हो गया था। पुलिस ने लगातार पतासाजी और साइबर सेल की मदद से करीब डेढ़ माह बाद उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके कब्जे से 18.539 किलोग्राम गांजा, दो कार और चार मोबाइल फोन सहित कुल 22 लाख 53 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में थाना चिल्फी पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

मामले के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना चिल्फी पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी की थी। इस दौरान दो कारों में गांजा परिवहन करते हुए चार आरोपियों जोगेन्द्र राजा, केशव राजा, रविराज सिंह परिहार एवं सौरभ सिंह बुंदेला को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 18.539 किलोग्राम गांजा, दो कार और चार मोबाइल फोन सहित कुल 22,53,000 रुपये की संपत्ति जब्त की थी। इस संबंध में थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।

विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के कथनों के आधार पर मोहम्मद अजमेरी खान (25 वर्ष), निवासी लटोरिया मोहल्ला, थाना पवई, जिला पन्ना (मध्यप्रदेश) की भी तस्करी में संलिप्तता सामने आई। बताया गया कि घटना के दौरान पुलिस चेकपोस्ट देखकर वह वाहन से उतरकर जंगल की ओर फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर से प्राप्त सूचना एवं साइबर सेल की सहायता से पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को मध्यप्रदेश के पवई से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि पांचों आरोपियों ने मिलकर ओडिशा के नुआपाड़ा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश के पवई क्षेत्र में बिक्री करने की योजना बनाई थी। गांजा परिवहन के दौरान उसके चार साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जबकि वह मौके से फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पूर्व में उपयोग की जा रही दोनों मोबाइल सिम तोड़कर फेंक दी थीं। आरोपी के कब्जे से नथिंग कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक श्री बीरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में थाना चिल्फी पुलिस एवं साइबर थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image