छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

शनिचरी बाजार मार्ग पर फल ठेला संचालकों का कब्जा, यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित

बिलासपुर शहर के शनिचरी बाजार मार्ग पर वाल्मीकि चौक से लेकर मछली बाजार तक फल ठेला संचालकों द्वारा सड़क पर कब्जा जमाकर दुकानें संचालित की जा रही हैं। इसके चलते इस मार्ग पर आए दिन यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस अव्यवस्था का प्रमुख कारण सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से लगाए जा रहे फल ठेले हैं।

हैरानी की बात यह है कि नगर निगम द्वारा फल ठेला संचालकों के लिए हैप्पी स्ट्रीट पर अलग से जगह निर्धारित की गई है, इसके बावजूद फल विक्रेता वहां दुकान लगाने के बजाय मुख्य सड़क पर ही अपना कब्जा जमाए हुए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि नगर निगम की कार्रवाई का इन ठेला संचालकों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। यदि निगम द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जाए तो सड़कों पर अतिक्रमण की स्थिति को काफी हद तक समाप्त किया जा सकता है।

यही हाल बृहस्पति बाजार का भी है, जहां सड़क किनारे ठेले लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसा लगता है कि नगर निगम इस गंभीर समस्या को लेकर आंखें मूंदे बैठा है। निगम चाहे तो अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर ठेला संचालकों का सामान जब्त कर सकता है तथा उन्हें स्पष्ट चेतावनी देकर हैप्पी स्ट्रीट पर निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने के निर्देश दे सकता है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर नगर निगम इस अव्यवस्था पर कब तक मौन रहेगा और आम नागरिकों को इस परेशानी से कब राहत मिलेगी?

Leave Your Comment

Click to reload image