तिम्मापुर में नवीन धान उपार्जन केन्द्र बना 456 किसानों के लिए बड़ी सौगात, अब गांव के नजदीक ही बेच सकेंगे धान
25 से 30 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करने से मिलेगी मुक्ति, किसानों के समय, श्रम और परिवहन खर्च में होगी बचत
पोलमपल्ली, चिलकापल्ली, तिम्मापुर, पुतकेल एवं पुसकोंटा के किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
बीजापुर नवम्बर 2026
जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को धान विक्रय की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तिम्मापुर में नवीन धान उपार्जन केन्द्र की स्थापना महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में नवीन धान उपार्जन केन्द्र तिम्मापुर प्रारंभ होने से क्षेत्र के लगभग 456 किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। अब किसानों को अपनी मेहनत से उपजाई गई धान की फसल बेचने के लिए 25 से 30 किलोमीटर दूर बासागुड़ा उपार्जन केन्द्र नहीं जाना पड़ेगा। गांव के नजदीक ही धान खरीदी की सुविधा उपलब्ध होने से किसानों में खुशी एवं उत्साह का माहौल है।
पांच गांवों के 456 किसानों को मिलेगा सीधा लाभ- नवीन धान उपार्जन केन्द्र तिम्मापुर से ग्राम पोलमपल्ली, चिलकापल्ली, तिम्मापुर, पुतकेल एवं पुसकोंटा के लगभग 456 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। पूर्व में इन गांवों के किसानों को धान विक्रय के लिए बासागुड़ा धान उपार्जन केन्द्र तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। धान से लदे वाहनों के परिवहन में अतिरिक्त खर्च के साथ ही किसानों को समय और श्रम की भी अधिक आवश्यकता होती थी। विशेषकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को धान परिवहन के लिए वाहनों की व्यवस्था करने, परिवहन खर्च वहन करने तथा खरीदी केन्द्र तक पहुंचने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब तिम्मापुर में ही उपार्जन केन्द्र प्रारंभ होने से इन समस्याओं में काफी कमी आएगी।
अब धान बेचने के लिए नहीं करना पड़ेगा लंबा सफर- तिम्मापुर में नवीन उपार्जन केन्द्र खुलने से किसानों को अपने गांव के आसपास ही धान विक्रय की सुविधा मिल सकेगी। इससे धान परिवहन में लगने वाले समय एवं खर्च की बचत होगी। साथ ही किसानों को अपनी कृषि संबंधी अन्य गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त समय मिल सकेगा। नजदीक में खरीदी केन्द्र की सुविधा मिलने से विशेष रूप से छोटे एवं सीमांत किसानों को राहत मिलेगी। कम दूरी पर धान विक्रय की सुविधा से परिवहन की व्यवस्था करना आसान होगा तथा अनावश्यक आर्थिक बोझ भी कम होगा।
किसानों की सुविधा को प्राथमिकता, दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही धान खरीदी व्यवस्था- कलेक्टर श्री विश्वदीप के निर्देशन में जिले में धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू एवं किसान हितैषी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को धान विक्रय के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इस उद्देश्य से तिम्मापुर में नवीन धान उपार्जन केन्द्र प्रारंभ किया गया है। उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में बीजापुर जिले में नवीन तिम्मापुर केन्द्र सहित कुल 31 धान उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। जिले में कुल 20 हजार 598 पंजीकृत किसान हैं तथा पंजीकृत रकबा 54 हजार 165 हेक्टेयर है। शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार किसानों को प्रति क्विंटल 3 हजार 100 रुपये की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा तक धान खरीदी का लाभ दिया जाना है।
किसानों ने जताई खुशी, शासन एवं जिला प्रशासन का माना आभार- तिम्मापुर में नवीन धान उपार्जन केन्द्र प्रारंभ होने पर क्षेत्र के किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया है। किसानों ने कहा कि पहले धान बेचने के लिए बासागुड़ा तक 25 से 30 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी। इससे परिवहन में अतिरिक्त खर्च के साथ काफी समय भी लगता था।
अब गांव के नजदीक ही धान उपार्जन केन्द्र खुलने से धान बेचना अधिक सुविधाजनक हो जाएगा। किसानों ने कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है। इससे न केवल धान विक्रय की प्रक्रिया आसान होगी, बल्कि किसानों को आर्थिक रूप से भी राहत मिलेगी।
’तिम्मापुर में नवीन धान उपार्जन केन्द्र की शुरुआत दूरस्थ अंचल के किसानों को उनके गांव के समीप शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र के 456 किसानों को धान विक्रय में सहूलियत मिलने के साथ ही समय, श्रम एवं धन की बचत होगी। यह पहल किसानों की सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहायक साबित होगी।’